Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

क‍िसान तक Noida | Feb 16, 2026, 6:52 PM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में देश के मौसम में अगले कुछ दिनों तक उतार-चढ़ाव बने रहने की बात कही है. IMD ने चेतावनी दी है कि दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 16, 17 और 18 फरवरी के दौरान छिटपुट बारिश और बर्फबारी हो सकती है.

Agriculture Live Blog

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में देश के मौसम में अगले कुछ दिनों तक उतार-चढ़ाव बने रहने की बात कही है. IMD ने चेतावनी दी है कि दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 16, 17 और 18 फरवरी के दौरान छिटपुट बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इसके साथ ही 17 और 18 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक की संभावना है. वहीं, हिमाचल प्रदेश में 15 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है. वहीं, आज किसान तक का किसान कारवां अपने 24वें पड़ाव में राजधानी लखनऊ पहुंचेगी, जहां किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी दी जाएगी. 

Feb 16, 2026, 6:44 PM (2 महीने पहले)

जयपुर से शुरू होगी एआई किसान क्रांति, शिवराज सिंह चौहान लांच करेंगे “भारत‑VISTAAR”

Posted by :- Sandeep kumar

16 फरवरी 2026, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 17 फरवरी को राजस्थान प्रवास पर रहेंगे, इस दौरान वे जयपुर में, देशभर के किसानों के लिए नया डिजिटल साथी “भारत‑VISTAAR” लांच करने जा रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारतीय कृषि और किसानों को स्मार्ट बनाने के लिए यह एआई आधारित प्लेटफॉर्म किसानों को फोन कॉल, चैटबॉट और आगे चलकर ऐप के ज़रिए मौसम, मंडी भाव, कीट‑रोग, मिट्टी, फसल सलाह और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही जगह पर देगा. फेज‑1 में यह सुविधा हिंदी व अंग्रेज़ी में शुरू होगी और महाराष्ट्र, बिहार, गुजरात सहित कई राज्यों के लाखों किसानों तक पहुंचेगी. लांच कार्यक्रम में राज्यों के कृषि मंत्री और ICAR, KVKs, कृषि विश्वविद्यालयों और अन्य कृषि संस्थानों के नेटवर्क के माध्यम से देशभर के लाखों किसान वर्चुअली जुड़ेंगे.  

Feb 16, 2026, 6:19 PM (2 महीने पहले)

IMD का अलर्ट, 17 और 18 तारीख को पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना

Posted by :- Sandeep kumar

उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 17 और 18 तारीख को पहाड़ी राज्यों और मैदानी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इस बदलाव का असर हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में देखने को मिलेगा. 

Feb 16, 2026, 5:45 PM (2 महीने पहले)

भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान का मना 75वां स्थापना दिवस, किसानों को जल्द मिलेगी गन्ने की नई वैरायटी

Posted by :- Sandeep kumar

75 साल पूरे होने पर संस्थान के निदेशक डॉ दिनेश सिंह ने कहा- किसानों को जल्द मिलेगी गन्ना की नई वैरायटी

राजधानी लखनऊ के तेलीबाग में स्थित भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान (ICAR-ISRI) का 75वां स्थापना दिवस मनाया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति, सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ एवं पूर्व सदस्य, कृषि वैज्ञानिक भर्ती बोर्ड, नई दिल्ली डॉ. कृष्ण कुमार सिंह शामिल हुए. डॉ. कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि  संस्थान के वैज्ञानिकों की मेहनत से किसानों की आय में 20% तक वृद्धि संभव हुई है और बदलते समय के अनुसार नई गन्ना किस्मों और वैल्यू एडेड उत्पादों पर जोर देना होगा.

स्थापना दिवस पर भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. दिनेश सिंह ने कहा कि किसानों को जल्द मिलेगी गन्ना की नई वैरायटी मिलेगी. वैज्ञानिकों का शोध पूरा हो चुका है. उन्होंने कहा कि भारत सरकार से गजट जारी होने के बाद इसका बीज किसानों के लिए बाजार में उपलब्ध होगा. गन्ना की इस नई वैरायटी की कई खासियत के बारे में भी संस्थान के निदेशक डॉ. दिनेश सिंह ने बताया. 

इस अवसर पर शाहजहांपुर, गोंडा और लखीमपुर के तीन प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया. साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को भी पुरस्कृत किया गया. समारोह में वैज्ञानिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, पूर्व कार्मिक और बड़ी किसान मौजूद रहे.

रिपोर्ट-नवीन लाल सूरी, लखनऊ

Feb 16, 2026, 4:59 PM (2 महीने पहले)

PM मोदी ने ट्रंप के सामने किया 'सरेंडर', US ट्रेड डील से किसानों की रोजी-रोटी हो जाएगी खत्म: सुरजेवाला

Posted by :- Sandeep kumar

कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-US अंतरिम ट्रेड डील पर सहमति जताकर US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप के सामने "सरेंडर" कर दिया है, जिसके बारे में उसने दावा किया कि इससे राज्यों के करोड़ों किसानों की रोजी-रोटी "खत्म" हो जाएगी.

केंद्र पर निशाना साधते हुए, कांग्रेस जनरल सेक्रेटरी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि ट्रेड एग्रीमेंट "किसी देश की सॉवरेनिटी की कुर्बानी" देकर गुलामी का रास्ता नहीं बनने चाहिए.

सुरजेवाला ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "ट्रेड एग्रीमेंट आर्थिक तरक्की का रास्ता हैं. ट्रेड एग्रीमेंट की बुनियाद ही बराबर शर्तों पर आपसी पब्लिक इंटरेस्ट है. ट्रेड एग्रीमेंट किसी देश की सॉवरेनिटी की कुर्बानी देकर गुलामी का रास्ता नहीं बनने चाहिए. ट्रेड एग्रीमेंट की आड़ में देश और पब्लिक इंटरेस्ट की कुर्बानी नहीं दी जा सकती."

Feb 16, 2026, 4:26 PM (2 महीने पहले)

सीएम योगी का विधान परिषद में संबोधन, बोले- यूपी में तेजी से बढ़ा कृषि विकास दर

Posted by :- Sandeep kumar

आज कृषि विकास दर 8 से बढ़कर 18 प्रतिशत किया है हमने

कुल कृषि भूभाग केवल 11% है लेकिन यूपी 21% खाद्यान्न उत्पन्न कर रहे है

PM किसान निधि से 95000 करोड़ की राशि डीबीटी से ट्रांसफर हुई है

2017 के पहले की सरकार किसानों को आत्महत्या करने पर मजबूर करती थी

2017 के पहले सरकारों के पास न नीति थी,ना ही नियत थी

 

 

Feb 16, 2026, 3:56 PM (2 महीने पहले)

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फर्जीवाड़ा, बैंक और बीमा अधिकारियों पर FIR

Posted by :- prachi

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में बड़ा घोटाला सामने आया है. सालासर की एसबीआई शाखा और बीमा कंपनी के कुछ अधिकारियों पर फर्जी बीमा पॉलिसी बनाने का आरोप लगा है. ऐसी जमीन का बीमा किया गया जो राजस्व रिकॉर्ड में मौजूद ही नहीं थी. 71 किसानों के नाम पर बिना जानकारी के बीमा दिखाकर लाखों रुपये प्रीमियम जमा किया गया और करीब 9 करोड़ रुपये का क्लेम तैयार किया गया. कृषि मंत्री के खुलासे के बाद मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

Feb 16, 2026, 3:49 PM (2 महीने पहले)

कृषि और डेयरी क्षेत्र में नई साझेदारी, बनास डेयरी में एमओयू पर हस्ताक्षर

Posted by :- prachi

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 15 फरवरी 2026 को गुजरात के पालनपुर में बनास डेयरी का दौरा किया. इस दौरान उत्तर प्रदेश के पाँच कृषि और पशुपालन विश्वविद्यालयों और बनास डेयरी के बीच डेयरी, कृषि, पशुपालन, प्रशिक्षण और शोध के क्षेत्र में समझौता (एमओयू) हुआ. राज्यपाल ने डेयरी के विभिन्न प्लांट, फूड पार्क, बायो-सीएनजी प्लांट और एंब्रियो ट्रांसप्लांट लैब का निरीक्षण किया. उन्होंने महिला कर्मचारियों से बातचीत कर उनके काम और सशक्तिकरण की जानकारी ली. इस दौरे का उद्देश्य सहकारी मॉडल के जरिए किसानों और पशुपालकों को मजबूत बनाना है.

Feb 16, 2026, 1:58 PM (2 महीने पहले)

सुसाइड नोट ने झकझोरा: ‘मेरे परिवार का ध्यान रखना’ लिखकर दी जान

Posted by :- prachi

बुलंदशहर में शुगर मिल के 50 वर्षीय कर्मचारी शरीफ ने पारिवारिक परेशानी और मिल प्रबंधन के दबाव से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. सुसाइड नोट में उन्होंने घर की तंगी का जिक्र किया. परिजनों ने मिल गेट पर प्रदर्शन किया. बाद में मिल प्रबंधन ने आर्थिक मदद और नौकरी देने का आश्वासन दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Feb 16, 2026, 1:40 PM (2 महीने पहले)

ट्रक पलटा तो मची लूट, मुर्गी दाने की बोरियां बाइक पर भरकर ले गए लोग

Posted by :- prachi

रायसेन जिले में देर रात एक अजीब घटना हुई. नीमच से जबलपुर की ओर मुर्गी दाना लेकर जा रहा एक ट्रक भोपाल-जबलपुर नेशनल हाईवे 45 पर बाड़ी के पास नागिन मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई और ड्राइवर सुरक्षित रहा. लेकिन ट्रक पलटते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई. मदद करने के बजाय कई लोग मुर्गी दाने की बोरियां उठाकर ले जाने लगे. कुछ लोग तो अपनी बाइक पर दो-दो बोरियां रखकर ले गए. बताया जा रहा है कि बाड़ी के कुछ सरकारी कर्मचारी और छोटे नेता भी बोरियां ले जाते दिखाई दिए. ड्राइवर ने लोगों को रोकने की कोशिश की, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं मानी. हैरानी की बात यह रही कि घटना की जानकारी मिलने के बाद भी सुल्तानपुर या बाड़ी पुलिस मौके पर समय पर नहीं पहुंची. इस पूरी घटना के वीडियो लोगों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए.

Feb 16, 2026, 1:01 PM (2 महीने पहले)

भिवाड़ी के खुशखेड़ा करौली में संचालित केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, मौतों की संख्या पहुंची 7

Posted by :- Sandeep kumar

भिवाड़ी (राजस्थान) के खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रियल एरिया स्थित G1/118B में संचालित केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग

7 कर्मचारियों की जिंदा जलने से मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 7 शव बरामद, मौतों की संख्या पहुंची 7

सोमवार सुबह भड़की आग, अज्ञात कारणों से लगी आग, केमिकल्स की मौजूदगी के कारण तेजी से फैली

फैक्ट्री में 20-25 मजदूर कर रहे थे काम
कुछ मजदूर सुरक्षित बाहर निकले, कई अंदर फंसे
 डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू
कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं,प्रशासन मौके पर मौजूद
तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह, भिवाड़ी एसपी और ADM ने संभाला मोर्चा,जांच शुरू, कंपनी का आधिकारिक बयान अभी तक नहीं, इलाके में हड़कंप, परिजनों में शोक और आक्रोश

Feb 16, 2026, 12:50 PM (2 महीने पहले)

क्लाइमेट रेजिलेंट फार्मिंग सिस्टम को अपनाने की जरूरत

Posted by :- prachi

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक और कृषि अनुसंधान शिक्षा विभाग (DARE) के सचिव डॉ. एम. एल जाट ने ‘किसान तक’ से विशेष बातचीत में कहा कि अब देश को क्लाइमेट रेजिलेंट फार्मिंग सिस्टम पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में पहली बार, और शायद एशिया में भी पहली बार, किसानों को कार्बन क्रेडिट फसलों के माध्यम से सीधा लाभ मिलने जा रहा है. 

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें: Link

Feb 16, 2026, 12:13 PM (2 महीने पहले)

किसानों और पुलिस में भिड़ंत, मीरपुर हिंदू गांव का प्रदर्शन उठा विवाद का केंद्र

Posted by :- prachi

गाजियाबाद (यूपी) के लोंई इलाके के मीरपुर हिंदू गांव में रविवार को कूड़ेदान स्थल के विरोध में प्रदर्शन हिंसक रूप ले लिया. किसानों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसमें दोनों पक्षों के घायल होने की खबर है. प्रदर्शन की शुरुआत स्थानीय लोगों द्वारा डंपिंग ग्राउंड के मुख्य गेट तोड़कर धरना देने से हुई. बाद में प्रदर्शन हिंसक हो गया, और सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हुआ. किसानों का आरोप है कि पुलिस ने लाठी-चार्ज किया, जिससे लगभग 50-60 लोग घायल हुए. वहीं लोंई के एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस ने बल का इस्तेमाल नहीं किया. उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने पत्थर फेंके, जिससे दो पुलिसकर्मी घायल हुए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. हालांकि पुलिस ने घायल पुलिसकर्मियों की तस्वीरें या नाम सार्वजनिक नहीं किए. एसीपी ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

Feb 16, 2026, 11:40 AM (2 महीने पहले)

देशभर के किसानों का भारत-अमेरिका FTA के खिलाफ जोरदार विरोध

Posted by :- prachi

देशभर के किसानों ने भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के खिलाफ गाँवों में विरोध प्रदर्शन किया. किसानों ने काली पट्टियां बांधकर सरकार के वक्तव्य की प्रतियां जलाईं और समझौते के नकारात्मक प्रभावों पर चर्चा की. किसान नेताओं ने इसे एकतरफा समझौता बताया और इसे रद्द कराने की मांग की. इसी बीच कन्याकुमारी से कश्मीर तक किसान जागृति यात्रा महाराष्ट्र में पहुंची, जो 16 फरवरी को पुणे और 17 फरवरी को मध्य प्रदेश में होगी.

Feb 16, 2026, 11:23 AM (2 महीने पहले)

हरियाणा के किसानों पर सरकार की बेकार पॉलिसी की वजह से बढ़ रहा कर्ज़ का बोझ : कुमारी शैलजा

Posted by :- Sandeep kumar

कांग्रेस जनरल सेक्रेटरी कुमारी शैलजा ने रविवार को दावा किया कि BJP सरकार की बेकार पॉलिसी की वजह से हरियाणा के किसान कर्ज़ में डूब रहे हैं.

उन्होंने कहा, "खेती लंबे समय से हरियाणा की खुशहाली की रीढ़ रही है, लेकिन BJP सरकार की पॉलिसी की वजह से राज्य के किसान तेज़ी से कर्ज़ के जाल में फंसते जा रहे हैं."

सिरसा से कांग्रेस MP ने कहा कि ऑफिशियल डेटा कन्फर्म करते हैं कि "हरियाणा में हर किसान परिवार पर एवरेज कर्ज़ 1.83 लाख रुपये से ज़्यादा हो गया है."

Feb 16, 2026, 10:44 AM (2 महीने पहले)

ये खास तीन टेस्ट कराने के बाद ही खरीदें नया पशु

Posted by :- prachi

आप जिस पशु को खरीदकर लाए हैं अगर वो बीमार है तो आपको दोहरा नुकसान दे सकता है. एक तो बाड़े में पहले से मौजूद पशुओं को बीमार कर देगा और खुद भी उत्पादन नहीं देगा. जिसके चलते पशुपालकों को दोहरा नुकसान उठाना पड़ता है. यही वजह है एनिमल एक्सपर्ट नया पशु खरीदने से पहले उसके तीन तरह के टेस्ट कराए जाने पर जोर देते हैं. क्योंकि बीमार पशु उत्पादन नहीं देते हैं और उनकी ग्रोथ भी रुक जाती है. अगर नया पशु खरीदने से पहले ये तीन टेस्ट कराए जाते हैं तो पशुओं की बीमारी और उत्पादन घटने जैसी परेशानी से बचा जा सकता है. इतना ही नहीं बीमारियों के इलाज पर होने वाले खर्च को रोकर दूध की लागत को बढ़ने से भी बचाया जा सकता है. एक्सपर्ट की मानें तो पशु उत्पादन की लागत को चारे का बढ़ता खर्च या फिर पशु को होने वाली बीमारियों के खर्च घटाते और बढ़ाते हैं. इसलिए जरूरी है कि पशुओं को बीमारी से बचाने के लिए उनके टेस्ट कराए जाएं, खासतौर पर तब जब नया पशु खरीदकर घर ला रहे हों. 

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें: Link

Feb 16, 2026, 10:09 AM (2 महीने पहले)

नई कॉटन पिकर मशीन से बढ़ेगी उत्पादकता

Posted by :- prachi

कपास किसानों के लिए खुशखबरी है. अब तुड़ाई का काम पुराने तरीकों से हाथों से नहीं करना पड़ेगा. केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान (सीआईएई) ने एक नई कॉटन पिकर मशीन बनाई है, जो कपास की फसल को तेजी से और आसानी से एकत्र करती है. इस मशीन का सजीव प्रदर्शन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद कपास के खेत में जाकर किया. मंत्री ने मशीन चलाकर देखा कि यह कितनी आसानी से और जल्दी काम करती है.

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें: Link

Feb 16, 2026, 9:21 AM (2 महीने पहले)

भालेसा, चिल्ली और गंडोह-जय में ताजा बर्फबारी, पूरा क्षेत्र सफेद चादर में ढंका

Posted by :- prachi

भालेसा, चिल्ली और गंडोह-जय क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी के बाद पूरा क्षेत्र सफेद चादर से ढक गया. रात भर हुई बर्फबारी के कारण पहाड़, सड़कें, पेड़-पौधे और घरों की छतें बर्फ से लद गईं. सुबह जब लोग अपने घरों से बाहर निकले तो चारों ओर सिर्फ बर्फ ही बर्फ नजर आई. ठंडी हवाओं के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है.

Feb 16, 2026, 7:58 AM (2 महीने पहले)

IFFCO के नैनो उर्वरकों को ओमान में बढ़ावा देने पर सहमति

Posted by :- prachi

नई दिल्ली. IFFCO के नैनो उर्वरकों को वैश्विक स्तर पर विस्तार देने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है. बैठक के दौरान किरीटकुमार जे. पटेल ने खाद्य सुरक्षा और पर्यावरणीय स्थिरता के लिए नैनो-टेक्नोलॉजी आधारित उर्वरकों की बढ़ती आवश्यकता पर जोर दिया. ओमान के प्रतिनिधि एच.ई. मुलहम अल जर्फ ने नैनो उर्वरकों में गहरी रुचि दिखाई और OMIFCO के माध्यम से ओमान में इनके प्रचार-प्रसार की इच्छा व्यक्त की. दोनों पक्षों ने इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए संयुक्त रणनीति तैयार करने पर सहमति जताई. इस पहल के साथ IFFCO के नैनो उर्वरक अब वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं.

Feb 16, 2026, 7:56 AM (2 महीने पहले)

यूपी में नकली बीजों को बेचने वालों पर लगाम लगाने की तैयारी

Posted by :- prachi

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार किसानों तक उच्च गुणवत्ता वाले बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने और बीज वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है. इसी क्रम में प्रदेश सरकार ने बीज व्यवसाइयों से अनुरोध किया है कि अप्रैल से साथी पोर्टल पर संपूर्ण जानकारी अपडेट करें. बीज के उत्पादन से लेकर किसान तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया साथी पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से ट्रैक की जाएगी. यह प्रक्रिया बीज की मिलावट रोकने, नकली बीजों पर अंकुश लगाने और किसानों को सही गुणवत्ता का बीज उपलब्ध कराने में बड़ी मदद मिलेगी.

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें: Link

Feb 16, 2026, 7:54 AM (2 महीने पहले)

यूपी में 1,500 गांवों की महिलाओं ने किया 850 करोड़ रुपये का कारोबार

Posted by :- prachi

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिला शक्ति नई ऊर्जा बनकर उभरी है. छह जिलों की महिलाओं ने संगठित डेयरी मॉडल के जरिए न केवल अपनी आय बढ़ाई है, बल्कि गांवों में आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति दी है. प्रदेश के अयोध्या, सुल्तानपुर, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़ और कानपुर नगर के करीब 1500 गांवों की एक लाख महिला सदस्यों ने सामर्थ्य मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी के माध्यम से अब तक लगभग 850 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. इस नेटवर्क से जुड़ी महिलाएं प्रतिदिन करीब पौने चार लाख लीटर दूध का संग्रहण कर रही हैं, जिससे ग्रामीण डेयरी सेक्टर में स्थायी आय का मॉडल विकसित हुआ है. जो महिलाएं कभी सिर्फ घरेलू कामकाज तक सीमित रहती थीं, वे अब अपने पूरे परिवार की जिम्मेदारी भी सफलतापूर्वक उठा रही हैं.

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें: Link

Feb 16, 2026, 7:50 AM (2 महीने पहले)

उत्तर भारत में बदला मौसम का मिजाज, कई राज्यों में बारिश और घना कोहरा

Posted by :- prachi

उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में ठंड का असर थोड़ा कम जरूर हुआ है, लेकिन भारतीय मौसम विभाग ने फिर से नया अलर्ट जारी कर दिया है. विभाग के अनुसार 16 फरवरी से 18 फरवरी के बीच उत्तर भारत के सात राज्यों में बारिश की संभावना है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है. इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. साथ ही 34 जिलों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है.