UP धान खरीद 2026-27: यूपी में 1 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, किसानों को मिलेगा 2461 रुपये प्रति क्विंटल MSP

UP धान खरीद 2026-27: यूपी में 1 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, किसानों को मिलेगा 2461 रुपये प्रति क्विंटल MSP

उत्तर प्रदेश में 1 नवंबर 2026 से धान की सरकारी खरीद शुरू होगी. धान कॉमन का MSP 2441 रुपये और ग्रेड-A का 2461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. जानें खरीद का लक्ष्य, भुगतान की व्यवस्था, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और किन जिलों में शुरू होगी खरीद.

paddy procurement registration madhya pradeshpaddy procurement registration madhya pradesh
क‍िसान तक
  • लखनऊ,
  • Oct 30, 2026,
  • Updated Oct 30, 2026, 6:59 PM IST

उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी खबर है. खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत पूर्वी उत्तर प्रदेश के मंडलों में 1 नवंबर 2026 से धान की सरकारी खरीद शुरू होने जा रही है. धान खरीद की प्रक्रिया 28 फरवरी 2027 तक चलेगी. इस बार केंद्र सरकार ने धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में भी बढ़ोतरी की है. इससे किसानों को अपनी फसल का पहले से बेहतर दाम मिलेगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. किसानों के लिए छाया, पीने का पानी और बैठने जैसी सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया है.

धान का MSP कितना मिलेगा?

केंद्र सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय कर दिया है. इसके तहत किसानों को धान की सरकारी खरीद पर यह भाव मिलेगा.

  • धान कॉमन: 2441 रुपये प्रति क्विंटल
  • धान ग्रेड-A: 2461 रुपये प्रति क्विंटल

इसके अलावा किसानों को धान की उतराई, छनाई और सफाई के लिए 20 रुपये प्रति क्विंटल अलग से दिए जाएंगे.

65 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य

उत्तर प्रदेश सरकार ने इस साल धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाकर 65 लाख मीट्रिक टन कर दिया है. पिछले खरीफ विपणन वर्ष में प्रदेश में 62 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई थी.

इस बार 8 सरकारी क्रय एजेंसियों के माध्यम से कुल 4500 क्रय केंद्रों पर धान खरीदा जाएगा. इनमें से शुक्रवार तक 4195 क्रय केंद्र खोले जा चुके हैं. सरकार का लक्ष्य है कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए ज्यादा इंतजार न करना पड़े.

48 घंटे में किसानों के खाते में आएगा पैसा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि धान बेचने वाले किसानों को 48 घंटे के भीतर डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भुगतान किया जाए.

धान खरीद में बिचौलियों की भूमिका खत्म करने के लिए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है. इससे किसानों को सीधे सरकारी व्यवस्था के तहत अपनी फसल बेचने और भुगतान पाने में मदद मिलेगी.

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया है कि खरीद केंद्रों पर आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. इसके लिए सभी जरूरी सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराई जाएं.

इन मंडलों में 1 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद

पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ लखनऊ संभाग के कुछ जिलों में भी 1 नवंबर से सरकारी धान खरीद शुरू होगी. इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के चित्रकूट, कानपुर,
अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर, प्रयागराज संभागों में खरीद होगी. इसके अलावा लखनऊ संभाग के लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव जिलों में भी 1 नवंबर से धान खरीदा जाएगा.

इन क्षेत्रों में खरीद प्रक्रिया 28 फरवरी 2027 तक जारी रहेगी.

धान बेचने के लिए किसान कहां कराएं रजिस्ट्रेशन?

सरकारी केंद्रों पर धान बेचने के लिए किसानों का पंजीकरण जरूरी है. सरकार के मुताबिक, अब तक 38 हजार से अधिक किसान धान खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं.

जिन किसानों ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है या पुराने रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण नहीं कराया है, वे इन माध्यमों से प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं-

  • सरकारी वेबसाइट: fcs.up.gov.in
  • UP KISAN MITRA के माध्यम से

धान खरीद में परेशानी होने पर यहां करें शिकायत

अगर किसी किसान को धान खरीद केंद्र पर परेशानी होती है या खरीद से जुड़ी कोई शिकायत है तो वह सरकार के टोल फ्री नंबर 18001800150 पर संपर्क कर सकता है. संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं.

सरकार का कहना है कि इस बार धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाने के साथ किसानों को समय पर भुगतान और क्रय केंद्रों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

MORE NEWS

Read more!