यूपी में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, लाखों रुपये का खोया-पनीर और खराब सामान किया नष्‍ट

यूपी में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, लाखों रुपये का खोया-पनीर और खराब सामान किया नष्‍ट

उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. टीमों ने 97 वाहनों की जांच कर करीब 16.3 क्विंटल असुरक्षित खाद्य सामग्री नष्ट कराई.

Fake Paneer MathuraFake Paneer Mathura
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 27, 2026,
  • Updated Aug 27, 2026, 1:22 PM IST

उत्तर प्रदेश में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है. विभाग की टीमों ने 25 और 26 अगस्त की रात कई जिलों में टोल प्लाजा, हाईवे और संपर्क मार्गों पर खाद्य सामग्री से लदे वाहनों की जांच की. अभियान के दौरान कुल 97 वाहनों की जांच की गई. इनमें 28 वाहनों में संदिग्ध मिलावट और अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री रखने या ले जाने जैसी अनियमितताएं सामने आईं. जांच के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने 35 नमूने लिए.

20 लाख रुपये की सामग्री नष्ट

जांच के दौरान करीब 16.3 क्विंटल खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई. इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है. विभाग के मुताबिक यह सामग्री असुरक्षित या अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी या परिवहन की जा रही थी. 28 अगस्त को रक्षाबंधन के मद्देनजर मिठाई, खोया, पनीर, दूध और नमकीन की मांग बढ़ने की संभावना है. इसे देखते हुए विभाग ने खाद्य आपूर्ति से जुड़े प्रमुख मार्गों पर निगरानी और जांच बढ़ा दी है.

मथुरा में 3 लाख का पनीर नष्ट

मथुरा में दिल्ली हाईवे पर जांच के दौरान संदिग्ध गुणवत्ता वाला करीब 3 लाख रुपये का पनीर नष्ट कराया गया. इसका एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है.

मेरठ हाईवे पर दो वाहनों में करीब 10 क्विंटल खोया अस्वच्छ परिस्थितियों में ले जाया जा रहा था. करीब 3.30 लाख रुपये कीमत के इस खोये को मौके पर नष्ट कर दिया गया. जांच के लिए दो नमूने भी लिए गए.

3416 किलो नमकीन की जांच

अयोध्या-गोरखपुर हाईवे पर करीब 3416 किलो नमकीन से लदे वाहन को जांच के लिए रोका गया. इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई है. टीम ने जांच के लिए इसके नमूने कलेक्‍ट किए. पिलखुवा-हापुड़ हाईवे पर रोके गए दो वाहनों में करीब 1670 किलो खोया अस्वच्छ स्थिति में मिला. करीब 35 हजार रुपये कीमत के खोये को नष्ट कराया गया और पांच नमूने जांच के लिए लिए गए.

बागपत में दिल्ली रूट पर चार वाहनों की जांच की गई. इनमें से दो वाहनों में करीब 520 किलो खोया अस्वच्छ तरीके से रखा मिला. करीब 1.44 लाख रुपये कीमत के खोये को मौके पर नष्ट कर दिया गया.

अलीगढ़ में 7000 लीटर दूध नष्ट

अलीगढ़ में नोएडा रूट पर जांच के दौरान करीब 7000 लीटर दूध नष्ट कराया गया. इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई गई है. कानपुर में रेलवे रूट पर करीब 500 किलो असुरक्षित खोया पकड़ा गया. करीब 1.75 लाख रुपये कीमत के इस खोये को मौके पर नष्ट कराया गया.

नोएडा-दिल्ली रूट पर पनीर नष्ट

नोएडा-दिल्ली मार्ग पर पनीर से लदे दो वाहनों की जांच की गई. इनमें करीब 185 किलो पनीर संदिग्ध मिला, जिसके केमिकल से तैयार किए जाने की आशंका जताई गई. इसे मौके पर नष्ट कर दिया गया. गोरखपुर में अयोध्या-बस्ती मार्ग पर एक वाहन में करीब 600 किलो तैयार मिल्क केक जैसी मिठाई मिली. जांच के दौरान इसे भी नष्ट करा दिया गया. (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!