Kisan Karwan 2.0: छोटे खेत से बड़ी कमाई कैसे? रामपुर की किसान महासभा में भाभर तराई के किसानों को मिले मंत्र

Kisan Karwan 2.0: छोटे खेत से बड़ी कमाई कैसे? रामपुर की किसान महासभा में भाभर तराई के किसानों को मिले मंत्र

किसान तक के अभियान 'किसान कारवां 2.0' के तहत 25 नवंबर को रामपुर के सांस्कृतिक सद्भावना केंद्र में आठवीं क्षेत्रीय किसान महासभा का आयोजन हुआ. उत्तर प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया. महासभा में कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने भाभर तराई जोन के किसानों को फसल विविधीकरण, फूड प्रोसेसिंग, पशुपालन और बेहतर मूल्य पाने के तरीके बताए.

Kisan Karwan 2.0Kisan Karwan 2.0
धर्मेंद्र सिंह
  • रामपुर,
  • Nov 25, 2026,
  • Updated Nov 25, 2026, 4:10 PM IST

खेती-किसानी में बढ़ती लागत, बदलते मौसम और बाजार की चुनौतियों के बीच किसानों के लिए अब खेती को आधुनिक तकनीक और कृषि उद्यमिता से जोड़ना बेहद जरूरी हो गया है. केवल पारंपरिक खेती के सहारे आमदनी बढ़ाना मुश्किल होता जा रहा है. ऐसे में फसल विविधीकरण, फूड प्रोसेसिंग, पशुपालन और बाजार की जरूरतों को समझकर किसान अपनी कमाई के नए रास्ते खोल सकते हैं.

इसी उद्देश्य के साथ किसान तक का अभियान ‘किसान कारवां 2.0’ लगातार किसानों तक पहुंच रहा है. अभियान के तहत 25 नवंबर को रामपुर स्थित सांस्कृतिक सद्भावना केंद्र में आठवीं क्षेत्रीय किसान महासभा का आयोजन किया गया. इसमें भाभर तराई जोन के किसानों को छोटे खेत से बड़ी कमाई करने, खेती के साथ फूड प्रोसेसिंग शुरू करने और कृषि उत्पादों का बेहतर मूल्य हासिल करने के कई महत्वपूर्ण मंत्र दिए गए.

महासभा में कृषि वैज्ञानिकों, विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञों, कृषि अधिकारियों, प्रगतिशील किसानों और कृषि उद्यमियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र रामपुर के प्रमुख डॉ. मयंक राय और जिला कृषि अधिकारी राम अनुज सिंह सहित कई कृषि विशेषज्ञ मौजूद रहे।

कार्यक्रम में विशेष रूप से रामपुर, मुरादाबाद, पीलीभीत, बिजनौर, बहराइच और श्रावस्ती जैसे जिलों में खेती की संभावनाओं पर चर्चा हुई. इन क्षेत्रों में गन्ने की खेती बड़े पैमाने पर होती है. ऐसे में गन्ने की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक उत्पादन तकनीकों, खेती के साथ पशुपालन और कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग के जरिए किसानों की आमदनी बढ़ाने पर जोर दिया गया.

किसानों के साथ खड़ी है उत्तर प्रदेश सरकार: बलदेव सिंह औलख

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में लगातार काम कर रही है.

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने और किसानों को राहत देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. सरकार ने किसानों की आमदनी बढ़ाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. उत्तर प्रदेश आज कई प्रमुख फसलों के उत्पादन में अग्रणी बन चुका है.

औलख ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसानों को गन्ने का बेहतर मूल्य मिल रहा है. गेहूं, धान और अन्य प्रमुख फसलों के उत्पादन और किसानों को उचित मूल्य दिलाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है. मोटे अनाज, दलहन और तिलहन की खेती में भी तेजी से प्रगति हो रही है.

उन्होंने कहा कि युवाओं को कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप शुरू करने के लिए सरकार की ओर से मदद दी जा रही है. फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में भी प्रदेश ने महत्वपूर्ण प्रगति की है. इससे रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं और किसानों की आमदनी बढ़ाने में मदद मिल रही है.

छोटे खेत, बड़े अवसर: वैज्ञानिकों ने बताया कम जमीन से ज्यादा कमाई का रास्ता

महासभा का प्रमुख आकर्षण ‘छोटे खेत, बड़े अवसर’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा रही. इसका संचालन वरिष्ठ कृषि पत्रकार जय प्रकाश सिंह ने किया.

चर्चा में कृषि विज्ञान केंद्र रामपुर के प्रमुख डॉ. मयंक राय, डिप्टी डायरेक्टर राम किसन सिंह, प्रगतिशील किसान सरदार सर्वजीत सिंह और दीपक मेंहदी रत्ता ने हिस्सा लिया. विशेषज्ञों ने भाभर तराई क्षेत्र के किसानों के सामने मौजूद चुनौतियों और छोटे खेतों में अधिक आमदनी की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए.

डॉ. मयंक राय ने बताया कि किसानों के पास खेती के साथ बाजार तक पहुंच बनाने के भी अवसर हैं, लेकिन कई किसान अपने उत्पाद को सही बाजार तक नहीं पहुंचा पाते. इसके कारण उन्हें उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता.

उन्होंने कहा कि किसान उत्पादक संगठन यानी एफपीओ के माध्यम से किसान एकजुट होकर अपने उत्पादों की बिक्री कर सकते हैं. इससे बाजार तक पहुंच आसान होगी और किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी.

रामपुर के डिप्टी डायरेक्टर राम किसन सिंह ने किसानों को हरी खाद के महत्व के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से किसानों को हर साल हरी खाद के लिए ढैंचा का बीज उपलब्ध कराया जाता है. ढैंचा मिट्टी में कार्बनिक तत्व बढ़ाने और उसकी उर्वरता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

विशेषज्ञों ने किसानों को परंपरागत फसलों के साथ नई और अधिक संभावनाओं वाली फसलों को अपनाने की सलाह दी. फसल विविधीकरण से खेती में जोखिम कम किया जा सकता है और किसानों की आमदनी बढ़ाने के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं.

फूड प्रोसेसिंग से बदलेगी खेती की तस्वीर, घर से शुरू हो सकता है कारोबार

किसान महासभा का एक महत्वपूर्ण सत्र ‘फूड प्रोसेसिंग: खेती में तरक्की की नई चाबी’ विषय पर आयोजित किया गया. इसमें विशेषज्ञों ने बताया कि किसान केवल कृषि उत्पादों का उत्पादन करने तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन पर भी ध्यान दें.

इस पैनल चर्चा का संचालन किसान तक के स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट धर्मेंद्र सिंह ने किया. चर्चा में कृषि विज्ञान केंद्र रामपुर की फूड प्रोसेसिंग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता पंत, केवीके के वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र सिंह, मुरादाबाद के प्रगतिशील किसान आरेंद्र सिंह बड़गोती और मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में काम कर रहीं किसान रचना चौहान शामिल हुईं.

विशेषज्ञों ने बताया कि अनाज, दूध, गन्ना और मशरूम जैसे कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग के जरिए किसान अपनी उपज का मूल्य बढ़ा सकते हैं. फूड प्रोसेसिंग की शुरुआत छोटे स्तर पर घर से भी की जा सकती है. इसके लिए जरूरी नहीं कि किसान शुरुआत में ही बड़ा निवेश करें.

डॉ. सुनीता पंत ने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में लगभग हर कृषि उत्पाद के लिए संभावनाएं मौजूद हैं. अनाज की प्रोसेसिंग से लेकर दूध और दुग्ध उत्पादों के प्रसंस्करण तक कई तरह के व्यवसाय शुरू किए जा सकते हैं. किसान कम निवेश से शुरुआत कर धीरे-धीरे अपने कारोबार का विस्तार कर सकते हैं.

गन्ने से बना रहे 10 तरह का गुड़, रोजाना 2 क्विंटल तक उत्पादन

फूड प्रोसेसिंग सत्र में मुरादाबाद के प्रगतिशील किसान आरेंद्र सिंह बड़गोती ने अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि उन्होंने गन्ने से गुड़ बनाने की प्रोसेसिंग यूनिट छोटे स्तर पर शुरू की थी.

आज वह प्रतिदिन करीब 2 क्विंटल तक गुड़ का उत्पादन कर रहे हैं. उनके यहां अलग-अलग प्रकार के लगभग 10 तरह के गुड़ तैयार किए जाते हैं. इनकी कीमत 150 रुपये से लेकर 300 रुपये तक मिलती है.

उनका अनुभव बताता है कि किसान गन्ने को केवल चीनी मिलों तक पहुंचाने के बजाय उससे गुड़ और अन्य उत्पाद तैयार करके भी कमाई के नए अवसर बना सकते हैं. प्रोसेसिंग और उत्पादों में विविधता से किसानों को बाजार में अलग पहचान मिल सकती है.

सरकारी शिक्षक की नौकरी छोड़ मशरूम उत्पादन में बनाया मुकाम

महासभा में मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में काम कर रहीं किसान रचना चौहान ने भी अपनी सफलता की कहानी साझा की. उन्होंने बताया कि वह पहले सरकारी शिक्षिका थीं और उनके पति भी सरकारी सेवा में थे. दोनों ने मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में कुछ नया करने का फैसला किया.

शुरुआत में उन्हें कई तरह की चुनौतियों और संघर्षों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. लगातार प्रयास और मेहनत के बाद आज उनका मशरूम उत्पादन का काम आगे बढ़ रहा है और इससे उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है.

रचना चौहान ने किसानों को संदेश दिया कि खेती के साथ नए व्यवसाय शुरू करने के लिए धैर्य, मेहनत और बाजार की समझ जरूरी है. सही योजना और निरंतर प्रयास से छोटे स्तर पर शुरू किया गया काम भी आगे बढ़ सकता है.

केवीके के वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों को बाजार की जरूरतों को समझना चाहिए. जो किसान बाजार की मांग के अनुसार उत्पादन और प्रोसेसिंग करेगा, वह कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का बेहतर लाभ उठा सकेगा.

किसानों और सरकार के बीच सेतु बनेगी कृषि परिषद

किसान कारवां 2.0 की महासभा में कृषि परिषद के गठन की पहल भी चर्चा का महत्वपूर्ण विषय रही. इसका उद्देश्य किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है.

खेती के दौरान किसानों को बीज, सिंचाई, फसल सुरक्षा, उत्पादन लागत, उपज के उचित मूल्य और सरकारी योजनाओं से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है. कई बार स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याएं संबंधित विभागों तक प्रभावी तरीके से नहीं पहुंच पातीं.

ऐसे में कृषि परिषद किसानों और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में काम कर सकती है. इसके माध्यम से किसानों की जमीनी समस्याओं, अनुभवों और सुझावों को अधिकारियों तथा कृषि विशेषज्ञों तक पहुंचाने का मंच मिलेगा.

इस पहल से कृषि योजनाओं को किसानों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप बनाने और उनके बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलने की उम्मीद है.

10 प्रगतिशील किसानों को मिला ‘कृषि वीर’ सम्मान

किसान कारवां 2.0 के तहत खेती में उल्लेखनीय काम करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘कृषि वीर’ सम्मान की शुरुआत की गई है. इसका उद्देश्य खेती में नवाचार, फसल विविधीकरण, कृषि उद्यमिता, वैल्यू एडिशन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती और डेयरी जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले किसानों को पहचान दिलाना है.

रामपुर में आयोजित आठवीं क्षेत्रीय किसान महासभा के दौरान भाभर तराई जोन के विभिन्न जिलों से चयनित 10 प्रगतिशील किसानों को ‘कृषि वीर’ सम्मान से नवाजा गया. कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने सम्मानित किसानों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए.

सम्मानित कृषि वीरों की सूची:

1. सतपाल सैनी – सहारनपुर
2. उपेंद्र सिंह – मुरादाबाद
3. अरेंद्र सिंह – मुरादाबाद
4. सपना चौहान – रामपुर
5. सरदार सर्वजीत सिंह – रामपुर
6. नागेंद्र बड़गोती – मुरादाबाद
7. रामप्रवेश मौर्य – बहराइच
8. रणवीर सिंह – श्रावस्ती
9. ऋतुराज सिंह – बिजनौर
10. हरिओम – पीलीभीत

इन किसानों ने अपने-अपने क्षेत्रों में खेती को नई तकनीक, नवाचार और उद्यमिता से जोड़कर बेहतर उदाहरण पेश किए हैं. सम्मान का उद्देश्य ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करना और अन्य किसानों को भी उनसे प्रेरित करना है.

जादू के करतबों ने किसानों का जीता दिल

महासभा में कृषि और तकनीक से जुड़ी गंभीर चर्चाओं के साथ किसानों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा गया. कार्यक्रम के दौरान सीतापुर के जादूगर चंद्र प्रकाश ने अपने जादुई करतबों से उपस्थित किसानों का मनोरंजन किया.

इससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह और सहभागिता का माहौल बना रहा. किसानों को जहां विशेषज्ञों से खेती की नई तकनीकों और कमाई बढ़ाने के तरीके जानने का अवसर मिला, वहीं प्रगतिशील किसानों के अनुभवों से भी सीखने को मिला.

किसान कारवां 2.0: खेती को लाभकारी कारोबार बनाने की पहल

रामपुर में आयोजित किसान कारवां 2.0 की आठवीं क्षेत्रीय किसान महासभा ने यह संदेश दिया कि खेती का भविष्य केवल परंपरागत फसलों तक सीमित नहीं है. आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज, फसल विविधीकरण, पशुपालन, डेयरी और फूड प्रोसेसिंग को अपनाकर किसान अपनी आमदनी के नए रास्ते खोल सकते हैं.

महासभा में वैज्ञानिकों की सलाह, किसानों के अनुभव, कृषि परिषद की पहल और ‘कृषि वीर’ सम्मान के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने पर जोर दिया गया.

इस अभियान का मकसद किसानों को केवल खेती की जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर कमाई के लिए नए विकल्पों, बाजार की संभावनाओं और कृषि उद्यमिता से जोड़ना भी है. छोटे खेतों में नई तकनीक और सही योजना के साथ बड़े अवसर तैयार किए जा सकते हैं.

MORE NEWS

Read more!