चेन्नई में नारियल किसानों से बातचीत करेंगे कृषि मंत्री शिवराज, 7 मार्च को बजट की नई योजना पर होगा मंथन

चेन्नई में नारियल किसानों से बातचीत करेंगे कृषि मंत्री शिवराज, 7 मार्च को बजट की नई योजना पर होगा मंथन

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 7 मार्च को चेन्नई में नारियल उत्पादक किसानों और उद्योग से जुड़े हितधारकों के साथ अहम बैठक करेंगे. बजट 2026-27 में घोषित नई नारियल संवर्धन योजना को लेकर सुझाव लिए जाएंगे. इस संवाद में किसानों की भागीदारी से भविष्य की नीति को दिशा मिलने की उम्मीद है.

Shivraj singh ChauhanShivraj singh Chauhan
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Mar 06, 2026,
  • Updated Mar 06, 2026, 7:30 PM IST

केंद्र सरकार नारियल क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से नई योजनाओं को जमीन पर उतारने की दिशा में कदम तेज कर रही है. इसी कड़ी में केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 7 मार्च को तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान चेन्नई स्थित आईआईटी परिसर में नारियल उत्पादक किसानों और क्षेत्र से जुड़े प्रमुख हितधारकों के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. केंद्रीय बजट 2026-27 में घोषित नई “नारियल संवर्धन योजना” को लेकर सरकार किसानों और उद्योग से जुड़े पक्षों की राय जानना चाहती है. 

नारियल विकास बोर्ड ने बुलाई स्टेकहोल्डर्स मीट

इसी उद्देश्य से नारियल विकास बोर्ड द्वारा “पोस्ट बजट कोकोनट स्टेकहोल्डर्स मीट” का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और नारियल क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे. केंद्रीय मंत्री चौहान दोपहर 12:55 बजे दिल्ली से विमान द्वारा चेन्नई पहुंचेंगे.

इसके बाद वे सीधे आईआईटी चेन्नई पहुंचेंगे, जहां दोपहर 2 बजे से नारियल उत्पादक किसानों के साथ इंटरएक्शन सेशन आयोजित किया जाएगा. इस सत्र में मंत्री किसानों से सीधे बातचीत करेंगे और उनसे प्राप्त सुझावों को योजना के क्रियान्वयन में शामिल करने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा.

कार्यक्रम में लगेंगे प्रदर्शनी स्‍टॉल

कार्यक्रम के अगले चरण में दोपहर 3 बजे “पोस्ट बजट कोकोनट स्टेकहोल्डर्स कॉन्फ्रेंस” आयोजित होगी. इस सम्मेलन में नारियल उत्पादन, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. सम्मेलन में किसान संगठन, प्रोसेसिंग उद्योग, विशेषज्ञों और राज्य सरकारों के प्रतिनिधि‍ शामिल होंगे.

इस अवसर पर प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां नारियल आधारित उत्पादों, आधुनिक तकनीकों और मूल्य संवर्धन से जुड़े नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा. केंद्रीय मंत्री इन स्टॉल्स का उद्घाटन करेंगे और संबंधित उद्यमों की गतिविधियों की जानकारी लेंगे. अपने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय बजट में घोषित नारियल संवर्धन योजना की रूपरेखा, इसके उद्देश्यों और संभावित फायदों पर बात रखेंगे.

इन राज्‍यों के अफसर होंगे शामिल 

कार्यक्रम में दक्षिण भारत के प्रमुख नारियल उत्पादक राज्यों- तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और केरल के साथ ही केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी के अधिकारी भी भाग लेंगे. दौरे के अंत में चेन्नई में मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री तमिलनाडु प्रवास और नारियल क्षेत्र से जुड़े सरकार के दृष्टिकोण पर जानकारी साझा करेंगे. 

MORE NEWS

Read more!