IFFCO-MC ने मनाया 12वां स्थापना दिवस, इनोवेशन और किसान कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई

IFFCO-MC ने मनाया 12वां स्थापना दिवस, इनोवेशन और किसान कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई

इफको-एमसी क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड ने अपना 12वां स्थापना दिवस मनाया. कंपनी ने पिछले 11 वर्षों में भारतीय कृषि को मजबूत बनाने, गुणवत्तापूर्ण फसल सुरक्षा उत्पाद उपलब्ध कराने और किसान कल्याण को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. इस अवसर पर इफको और मित्सुबिशी कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारियों ने किसानों के लिए इनोवेशन और टिकाऊ कृषि समाधानों पर जोर दिया.

IFFCO-MCIFFCO-MC
क‍िसान तक
  • गुरुग्राम,
  • Sep 09, 2026,
  • Updated Sep 09, 2026, 6:53 PM IST

इफको-एमसी क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड (IFFCO-MC) ने अपना 12वां स्थापना दिवस मनाया. भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (IFFCO) और जापान की मित्सुबिशी कॉर्पोरेशन के संयुक्त उपक्रम के रूप में स्थापित कंपनी ने इस अवसर पर भारतीय कृषि के विकास, गुणवत्तापूर्ण फसल सुरक्षा समाधानों और किसान कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया.

स्थापना दिवस समारोह में आईएफएफसीओ और मित्सुबिशी कॉर्पोरेशन के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया. कार्यक्रम में आईएफएफसीओ और IFFCO-MC के चेयरमैन दिलीप संघाणी, IFFCO-MC के वाइस चेयरमैन और मित्सुबिशी कॉर्पोरेशन इंडिया के चेयरमैन टोकुदा ताकाहिरो, आईएफएफसीओ के प्रबंध निदेशक के.जे. पटेल और इफको के मार्केटिंग निदेशक और IFFCO-MC के प्रबंध निदेशक योगेंद्र कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

समारोह के दौरान कंपनी के उन कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने IFFCO-MC के साथ 10 वर्ष और 5 वर्ष की सेवा पूरी की है. कंपनी ने इसे अपनी विकास यात्रा में कर्मचारियों के समर्पण और योगदान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया.

किसानों की सेवा ही रही प्राथमिकता

इस मौके पर बोलते हुए इफको और IFFCO-MC के चेयरमैन दिलीप संघाणी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों की यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारतीय कृषि की सेवा करना और किसानों के लिए मूल्य सृजित करना रहा है.

उन्होंने कहा, "छोटी शुरुआत से लेकर मजबूत उत्पाद पोर्टफोलियो और व्यापक किसान नेटवर्क तैयार करने तक, IFFCO-MC ने भारतीय कृषि की बदलती जरूरतों के साथ लगातार खुद को विकसित किया है. आगे भी हमारा फोकस किसानों के लिए नवाचार आधारित, प्रभावी और टिकाऊ समाधान उपलब्ध कराने पर रहेगा."

मजबूत प्रोडक्ट पोर्टफोलियो बनाया

कंपनी ने बताया कि उसने किसानों को उचित कीमत पर गुणवत्तापूर्ण फसल सुरक्षा उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपने उत्पाद पोर्टफोलियो का लगातार विस्तार किया है. वर्तमान में कंपनी की मौजूदगी कीटनाशकों (Insecticides), फफूंदनाशकों (Fungicides), खरपतवारनाशकों (Herbicides), पौधों का ग्रोथ रेगुलेटर (Plant Growth Regulators) और उभरते हुए जैविक उत्पादों (Biologicals) के क्षेत्र में है.

कंपनी का दावा है कि उसके उत्पाद फसलों की बेहतर वृद्धि, उत्पादकता बढ़ाने और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने में किसानों की मदद कर रहे हैं.

'किसान सुरक्षा बीमा योजना' बनी खास पहल

IFFCO-MC ने किसानों के हित में शुरू की गई अपनी विशेष पहल 'किसान सुरक्षा बीमा योजना' का भी उल्लेख किया. इस योजना के तहत कंपनी के उत्पाद खरीदने वाले किसानों को बीमा सुरक्षा का लाभ दिया जाता है. कंपनी का कहना है कि यह पहल उद्योग में अपनी तरह की पहली पहल रही है, जिसका उद्देश्य किसानों को अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करना है.

देशभर में मजबूत किसान नेटवर्क

कंपनी ने बताया कि उसकी पहुंच देशभर में फैले सहकारी समितियों, चैनल पार्टनर्स, इफको बाजार, किसान सेवा केंद्रों और अन्य किसान संपर्क केंद्रों के जरिए लाखों किसानों तक है. यह नेटवर्क कंपनी को किसानों की जरूरतों को समझने और आधुनिक कृषि तकनीकों और समाधानों को उनके खेतों तक पहुंचाने में मदद करता है.

तकनीक और साझेदारी से बदलेगी कृषि

मित्सुबिशी कॉर्पोरेशन इंडिया के चेयरमैन और IFFCO-MC के वाइस चेयरमैन टोकुदा ताकाहिरो ने कहा कि कृषि क्षेत्र तेजी से बदल रहा है और भविष्य की चुनौतियों का समाधान मजबूत साझेदारी, तकनीक और किसानों की जरूरतों की गहरी समझ से ही संभव है.

उन्होंने कहा, "मित्सुबिशी कॉर्पोरेशन और IFFCO-MC का सहयोग भारतीय कृषि के विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है. वैश्विक विशेषज्ञता और इफको के मजबूत किसान नेटवर्क को मिलाकर हम ऐसे समाधान विकसित करना चाहते हैं जो भारतीय किसानों के लिए उपयोगी, सुलभ और प्रभावशाली हों."

इनोवेशन और टिकाऊ कृषि पर रहेगा फोकस

कंपनी ने कहा कि आने वाले वर्षों में उसका ध्यान इनोवेशन, क्वालिटी और किसान-केंद्रित समाधानों पर रहेगा. बढ़ती कृषि चुनौतियों और बदलते जलवायु परिदृश्य को देखते हुए IFFCO-MC आधुनिक फसल सुरक्षा तकनीकों, जैविक उत्पादों और टिकाऊ कृषि उपायों को बढ़ावा देने की दिशा में काम जारी रखेगी.

MORE NEWS

Read more!