
देश में आयात नियमों की अनदेखी कर बड़े पैमाने पर तस्करी का मामला सामने आया है. राजस्व आसूचना निदेशालय (Directorate of Revenue Intelligence) की मुंबई इकाई ने न्हावा शेवा पोर्ट पर कार्रवाई करते हुए तरबूज के बीज और हरी मटर की कथित अवैध खेप पकड़ी है, जिसकी कुल कीमत करीब 139 करोड़ रुपये आंकी गई है. इस मामले में आयातक फर्म के संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सूत्रों ने कहा कि DRI को पहले से ही संदिग्ध आयात की सूचना मिली थी.
इसी आधार पर अधिकारियों ने 132 कंटेनरों को रोककर जांच की गई. शुरुआती दस्तावेजों में इन कंटेनरों को अरहर दाल के रूप में घोषित किया गया था, लेकिन गहन जांच में बड़ा अंतर सामने आया.
जांच के दौरान पता चला कि घोषित माल और वास्तविक सामान में बड़ा फर्क था. कंटेनरों से करीब 2710 मीट्रिक टन तरबूज के बीज और 319 मीट्रिक टन हरी मटर बरामद हुई. यह माल तंजानिया, सूडान और कनाडा जैसे देशों से लाया गया था, जबकि कागजों में इसे दाल के रूप में दिखाया गया था.
सरकार ने इन उत्पादों के आयात पर सख्त नियम लागू किए हैं, ताकि घरेलू किसानों को सस्ते विदेशी माल से नुकसान न हो. तरबूज के बीज के आयात पर जून 2024 के बाद रोक लगाई गई है, जबकि हरी मटर के आयात पर न्यूनतम आयात मूल्य और सीमित पोर्ट जैसी शर्तें लागू हैं. इस पूरे मामले में आयातक फर्म के मालिक को 19 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया है. जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित कनेक्शनों की पड़ताल कर रही हैं.