
उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 का आयोजन इस बार 3 से 5 जुलाई तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में किया जाएगा. प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें आगामी 3 से 5 जुलाई, 2026 तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय आम महोत्सव के उद्घाटन के लिए औपचारिक आमंत्रण प्रदान किया. इस दौरान उद्यान मंत्री ने मुख्यमंत्री को आम महोत्सव की तैयारियों, कार्यक्रम की रूपरेखा तथा प्रदेश के आम उत्पादकों, उद्यान विशेषज्ञों एवं कृषि उद्यमियों की सहभागिता के संबंध में जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि यह महोत्सव प्रदेश की समृद्ध आम संस्कृति, विविध आम प्रजातियों तथा बागवानी क्षेत्र में किसानों की उपलब्धियों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का मंच होगा. वहीं, महोत्सव में प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों के प्रगतिशील बागवान, निर्यातक, कृषि विशेषज्ञ एवं उद्यमी सहभागिता करेंगे. उद्यान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी आम उत्पादक राज्य है तथा प्रदेश में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, अम्रपाली, मल्लिका सहित अनेक उत्कृष्ट प्रजातियों का उत्पादन किया जाता है.
आम महोत्सव के माध्यम से किसानों, निर्यातकों, उद्यमियों एवं उपभोक्ताओं को एक मंच पर लाकर आम उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन एवं निर्यात को नई गति प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी आम उत्पादक राज्य है.
देश में लगभग 25 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में 235 लाख टन आम उत्पादन होता है. इसमें यूपी 3.27 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में लगभग 62 लाख टन आम की विभिन्न किस्मों का उत्पादन कर देश में पहले स्थान पर है.मंत्री ने बताया कि महोत्सव के तहत पांच क्लास में आम की विभिन्न प्रजातियाें, आम आधारित संरक्षित उत्पाद, आम पकवान, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्श एवं सर्वाधिक प्रदर्शनकर्ता बागवान आदि श्रेणी में प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी.
सिंह ने बताया कि महोत्सव के माध्यम से किसानों को आधुनिक उत्पादन तकनीक, तुड़ाई उपरांत प्रबंधन, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग, विपणन एवं निर्यात संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं, उत्कृष्ट आम उत्पादकों और बागवानों को सम्मानित भी किया जाएगा. इस अवसर पर राज्य कृषि उत्पादन मण्डी परिषद के निदेशक इन्द्र विक्रम सिंह भी उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें-