ओडिशा सरकार ने किसानों को दी बड़ी राहत, धान खरीदी रजिस्‍ट्रेशन में किया यह बदलाव

ओडिशा सरकार ने किसानों को दी बड़ी राहत, धान खरीदी रजिस्‍ट्रेशन में किया यह बदलाव

ओडिशा सरकार ने साफ किया है कि खरीफ 2026-27 में धान खरीद के लिए किसानों का पंजीकरण AgriStack ID के बिना भी किया जाएगा. खाद्य आपूर्ति मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने कहा कि ID नहीं होने पर किसी किसान को बाहर नहीं किया जाएगा और सभी को धान बिक्री के लिए टोकन मिलेगा.

paddy procurement registrationpaddy procurement registration
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 11, 2026,
  • Updated Aug 11, 2026, 1:52 PM IST

ओडिशा में आगामी खरीफ सीजन की धान खरीद के लिए किसानों को एग्रीस्‍टैक आईडी (AgriStack ID) नहीं होने पर रजिस्‍ट्रेशन से वंचित नहीं किया जाएगा. राज्य के खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने सोमवार को यह साफ किया. उन्होंने कहा कि हर पात्र किसान का रजिस्‍ट्रेशन किया जाएगा और उसे धान बेचने के लिए टोकन भी दिया जाएगा. AgriStack ID को लेकर बरगढ़ और बलांगीर जिलों में किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया था. किसानों का कहना था कि धान बेचने के लिए पंजीकरण के दौरान उनसे AgriStack ID या Farmer ID मांगी जा रही है, जबकि बड़ी संख्या में किसानों के पास अपनी जमीन का Record of Rights यानी RoR उपलब्ध नहीं है.

बटाईदार किसानों के सामने भी चुनौती

किसानों ने बताया कि AgriStack ID मुख्य रूप से उन्हीं लोगों को मिल रही है, जिनके नाम पर खेती की जमीन दर्ज है. ऐसे में बटाई पर खेती करने वाले किसानों के लिए रजिस्‍ट्रेशन में परेशानी पैदा हो रही थी. बरगढ़ के किसान सुदाम पात्र ने कहा कि अधिकांश किसानों के पास जमीन का RoR नहीं है और बटाईदार किसानों को भी इस प्रक्रिया में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने स्थिति साफ की

किसानों की शिकायतों के बाद खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने संबलपुर, बरगढ़ और बलांगीर जिलों के विधायकों के साथ बैठक की. बैठक में खरीफ सीजन 2026-27 के लिए धान खरीद रजिस्‍ट्रेशन में किसानों के सामने आ रही समस्याओं पर चर्चा की गई.

ID नहीं होने पर भी मिलेगा धान बेचने का मौका

बैठक के बाद कृष्ण चंद्र पात्र ने कहा कि AgriStack ID के अभाव में किसी किसान का रजिस्‍ट्रेशन नहीं रोका जाएगा. उन्होंने साफ किया कि सरकार सभी किसानों का रजिस्‍ट्रेशन करेगी और उन्हें धान बिक्री के लिए टोकन उपलब्ध कराया जाएगा.

सरकार ने बटाईदार किसानों की समस्याओं को देखते हुए उनके लिए खास दिशा-निर्देश तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की है. ऐसे किसानों के रजिस्‍ट्रेशन के लिए जमीन के मालिक की सहमति जरूरी होगी. विदेश में रहने वाले जमीन मालिक विशेष ऐप के जरिए अपनी सहमति दे सकेंगे.

रजिस्‍ट्रेशन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर जोर

आगामी खरीफ धान खरीद सीजन 2026-27 में रजिस्‍ट्रेशन प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए उप मुख्यमंत्री केवी सिंह देव की अध्यक्षता में अंतर-मंत्रालयी समिति की बैठक भी हुई. अधिकारियों के मुताबिक, किसानों को रजिस्‍ट्रेशन के दौरान आने वाली संभावित दिक्कतों को दूर करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश तैयार किए जा रहे हैं.

94,657 किसानों ने कराया रजिस्‍ट्रेशन

ओडिशा में अब तक खरीफ 2026-27 के लिए सरकार को धान बेचने के लिए 94,657 किसान रजिस्‍ट्रेशन करा चुके हैं. अधिकारियों ने बताया कि किसानों के लिए अब दो तरह की रजिस्‍ट्रेश स्लिप जारी की जा रही हैं. इनमें एक AgriStack ID वाली और दूसरी बिना AgriStack ID वाली है. ये दोनों पर्चियां मान्य होंगी.

31 अगस्त तक करा सकेंगे रजिस्‍ट्रेशन

राज्य सरकार ने किसानों को रजिस्‍ट्रेशन  के लिए पर्याप्त समय दिया है. किसान 31 अगस्त तक खरीफ 2026-27 की धान खरीद के लिए अपना रजिस्‍ट्रेशन करा सकते हैं. सरकार का कहना है कि AgriStack ID नहीं होने की वजह से किसी पात्र किसान को धान बेचने की प्रक्रिया से बाहर नहीं किया जाएगा. (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!