
उत्तर प्रदेश में पशुओं में लंपी त्वचा रोग (LSD) के संक्रमण की रोकथाम के दृष्टिगत योगी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है. इसी कड़ी में प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने पशुओं के लंपी रोग से प्रभावित होने पर रोग के प्रभावी नियंत्रण एवं बचाव के लिए प्रदेश के 18 मण्डलों में नोडल अधिकारी नामित कर दिए गये हैं. उन्होंने निर्देश दिए कि 23 सितंबर तक मिशन मोड में अभियान चलाकर में लंपी रोग से प्रभावित क्षेत्रों में वैक्सीनेशन प्लान बनाकर वैक्सीन लगाई जाएगी.
पशुधन मंत्री धर्मपाल ने लखीमपुर खीरी से लेकर आगरा तक बेल्ट वैक्सीनेशन कराये जाने और पशुओं की आवाजाही पर रोक लगाये जाने के निर्देश दिये हैं. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पशुपालकों के हितों की रक्षा और पशुधन की सुरक्षा हेतु प्रतिबद्ध है. वहीं, लंपी रोग से बचाव के लिए सघन वैक्सीनेशन किये जाने पूरे प्रदेश में वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए.
मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया और कहा कि 15 दिनों के समय में लंपी प्रभावित क्षेत्रों में सभी आवश्यक व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए कि अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी. वैक्सीनेशन कार्य, गोआश्रय स्थलों, गोसंरक्षण केन्द्रों के सैनीटाइजेशन एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये.
अभियान के तहत गठित टीम के सदस्य प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और लंपी रोग की निगरानी, प्रकोप का स्तर, रोकथाम के उपाय टीकाकरण तथा औषधियां आदि की व्यवस्था कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित कराएंगे.
उन्होंने कहा कि लंपी रोग के त्वरित एवं प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर बीमारी की रोकथाम एवं बचाव की रणनीति तैयार की जाए, इसके अतिरिक्त पशुपालकों, किसानों तथा आमजनता को जागरूक करने के लिए इस बीमारी से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थलों पर ’’क्या करें, क्या न करें’’ के पोस्टर, बैनर, होर्डिंग एवं वाल राइटिंग लगवाकर व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित कराया जाए. इसके अतिरिक्त जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए.
यह रोग पशुओं से मनुष्य में नहीं फैलता इसलिए भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों से सतर्क रहने के लिए पशुपालकों और किसानों को जागरूक किया जाए. पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि रोग के नियंत्रण कार्य में कोई भी अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जायेगी और इस अभियान को मिशन मोड में पूरा कराया जाएगा. जिन जनपदों से लंपी रोग की सूचना प्राप्त हो रही है, वहां इसकी रोकथाम के लिए उपचार, टीकाकरण एवं जनजागरूकता कार्य कराया जा रहा है. संबंधित क्षेत्रों के अपर निदेशक एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा सघन निगरानी की जाएगी.
ये भी पढ़ें-
Shed-Fodder: शेड-चारा और वैक्सीनेशन मैनेजमेंट से ही इस मौसम में बीमारियों से बचेंगे पशु
Lumpy Disease: गायों को लंपी बीमारी हुई है या नहीं, जरूर अपनाएं ये उपाय