
उत्तर प्रदेश में उन्नत स्वदेशी गोवंशीय को बढ़ावा देने और डेयरी क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को झांसी के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में ‘डेयरी कॉन्क्लेव-स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम’ का आयोजन किया गया. इसमें कानपुर, झांसी और चित्रकूट धाम मंडल के पशुपालक, दुग्ध उत्पादक, उद्यमी और निवेशक शामिल हुए. कायर्क्रम के मुख्य अतिथि पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धमर्पाल सिंह ने कहा कि झांसी, चित्रकूटधाम एवं कानपुर मण्डल के कृषि, पशुपालन और डेयरी क्षेत्र की समृद्ध संभावनाओं वाले महत्वपूर्ण सेक्टर हैं, जो प्रदेश के डेयरी विकास में अहम योगदान दे रहे हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य दूध उत्पादन के साथ-साथ दुग्ध प्रसंस्करण, वैल्यू एडिशन, कोल्ड चेन और डेयरी उद्योग की पूरी वैल्यू चेन को मजबूत करना है, जिससे किसानों की आय बढ़े और महिलाओं व युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हों.
पशुपालकों और किसानों को संबोधित करते हुए मंत्री धर्मपाल सिंह ने आगे कहा कि झांसी, चित्रकूटधाम एवं कानपुर मण्डल प्रदेश के प्रमुख डेयरी हब बनकर उत्तर प्रदेश की ‘वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी’ के लक्ष्य को पूरा करने करने में बड़ा योगदान रहेगा. उन्होंने कहा कि पशुपालकों- उद्यमी और निवेशकों को विभागीय स्तर पर हर संभव सहायता दी जाएगी.
इस अवसर पर दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के ने कहा कि उत्तर प्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है. राज्य सरकार द्वारा किसानों को सुनिश्चित बाजार, पारदर्शी मूल्य निर्धारण एवं स्थायी आय उपलब्ध कराने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं.
वहीं नंद बाबा दुग्ध मिशन एवं दुग्ध नीति-2022 के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन, आधुनिक डेयरी विकास तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त दूध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
प्रदेश की दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी ने बताया कि नंद बाबा दुग्ध मिशन के अन्तर्गत अब तक झांसी, चित्रकूट धाम और कानपुर मंडल में लगभग 1200 लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से 1,100 लाख रुपया से अधिक के अनुदान की धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है. दुग्ध नीति के अन्तर्गत अब तक झांसी, चित्रकूट धाम और कानपुर मंडल में विभिन्न परियोजनाओं को 1,350 लाख रुपया की अनुदान धनराशि जारी हो चुकी है.
वहीं, दुग्ध विकास विभाग में 28 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं इनमें से इन मण्डलों के कुल 190 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव हुए है, जिसमे झांसी मण्डल के 15 करोड़, चित्रकूट धाम मण्डल के 4 करोड़ एवं कानपुर मण्डल के 171 करोड़ के निवेश प्रस्ताव हुए हैं.
उन्होंने 'स्वदेशी उन्नत गोवंश, समृद्ध निवेश, सुरक्षित भविष्य एवं खुशहाल उत्तर प्रदेश के सकल्प को जन आंदोलन बनाने का अपील की. इस दौरान कार्यक्रम में विभागीय स्टॉल के साथ-साथ पराग, बलिनी, सामर्थ्य, स्टेलर इण्डिया, अप्रा डेयरी, नमस्ते इंडिया, भोले बाबा तथा इण्डियन बैंक आदि सहित विभिन्न निजी एवं सहकारी संस्थाओं द्वारा स्टॉल लगाकर उत्पादों, तकनीकों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया गया. वहीं, कार्यक्रम का यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया गया.
ये भी पढे़ं-
Animal Disease: लंपी ही नहीं FMD से बचाव के उपाय भी हैं बहुत जरूरी, पढ़ें डिटेल