
एग्रोकेमिकल कंपनी यूपीएल (UPL ltd) ने पशुओं में बनने वाली मीथेन गैस की समस्या को दूर करने के लिए नया पशु आहार लाने की तैयारी कर ली है. इसके लिए यूपीएल में वैश्विक कंपनी CH4 Global के साथ साझेदारी की है. CH4 Global ने मीथेन घटाने वाला कैटल फीड मीथेन टैमर बनाया है. दोनों कंपनियां मिलकर कई देशों में इस प्रोडक्ट की बिक्री करेंगी.
पशुओं के पेट में होने वाले बैक्टीरिया की वजह से मीथेन गैस बनती है. यह पर्यावरण के लिए बेहद खतरनाक मानी गई है. रिपोर्ट के अनुसार अगर बंद जगह में मीथेन गैस है तो वहां ऑक्सीजन की कमी हो जाती है, जो जानलेवा बन जाती है. गायों की डकार से निकलने वाली मीथेन गैस की मात्रा सालभर में किसी कार से निकली कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा के बराबर होती है. इतनी खतरनाक गैस पशुओं के पेट से निकलकर वातावरण में पहुंचती है जो उनके स्वास्थ्य के साथ ही मानव स्वास्थ्य और जलवायु के लिए खतरनाक है. पशुओं में मीथेन बनने की समस्या कम करने के लिए यूपीएल और CH4 Global ने करार किया है.
यूपीएल के बयान में कहा गया है कि पशुओं में मीथेन गैस को कम करने के लिए पशुधन फीड सप्लीमेंट की बिक्री की जाएगी. CH4 Global के साथ करार को लेकर कहा कि हर दिन लाखों मवेशियों को CH4 Global के मीथेन घटाने वाले फीड सप्लीमेंट (पशु आहार) उपलब्ध कराना है. UPL और CH4 Global भारत, ब्राजील, अर्जेंटीना, उरुग्वे और पैराग्वे के प्रमुख पशुधन बाजारों को टारगेट करते हुए बड़े स्तर पर रोडमैप तैयार करेंगे और इन बाजारों में मीथेन घटाने वाले फीड सप्लीमेंट को पहुंचाएंगे. कहा गया कि यह देश दुनिया की 40 फीसदी से अधिक मवेशियों की आबादी को लीड करते हैं.
CH4 Global का प्रमुख प्रोडक्ट मीथेन टैमर (Methane Tamer) एस्परगोप्सिस समुद्री शैवाल (Asparagopsis seaweed) पर आधारित मवेशी फीड सप्लीमेंट है. कई स्टडी में कहा गया है कि इसके इस्तेमाल से मवेशियों में मीथेन उत्सर्जन को 90 फीसदी तक कम किया जा सकता है. मीथेन टैमर को पशु आहार के रूप में खिलाने से पशुओं के पाचन में भी सुधार होता है.
यूपीएल के बयान में कहा गया है कि CH4 Global के मीथेन टैमर (Methane Tamer) मवेशी फीड एडिटिव यानी पशुधन फीड सप्लीमेंट हर बाजार में बिक्री करने के लिए बिजनेस मॉडल बनाएगी. कार्यक्रम का उद्देश्य पशुधन क्षेत्र को पर्यावरण के अनुकूल पशु फीड सॉल्यूशन के इस्तेमाल से मीथेन गैस के उत्सर्जन को कम करने में मदद करना है. मीथेन टैमर को UPL के मौजूदा फीड फॉर्मूलेशन के साथ इंटीग्रेट किया जाएगा और टारगेट एरिया में बिक्री किया जाएगा.
UPL के अध्यक्ष और समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जय श्रॉफ ने कहा कि इस साझेदारी के जरिए हम कृषि ग्रीनहाउस गैसों को कम करने के प्रयासों को पूरा करने की ओर बढ़ गए हैं. उन्होंने कहा कि मीथेन गैस, कार्बनडाई ऑक्साइड की तुलना में ग्लोबल वार्मिंग के लिए लगभग 30 गुना अधिक हानिकारक है. यह पहल पशुधन के लिए एक नया मॉडल पेश करेगी जिसे वैश्विक स्तर पर बढ़ाया जा सकता है.
CH4 ग्लोबल के सह-संस्थापक, अध्यक्ष और सीईओ स्टीव मेलर ने कहा कि हम मीथेन टैमर को वैश्विक रूप से अपनाने में तेजी लाने के लिए UPL के साथ मिलकर काम करने को लेकर रोमांचित हैं. प्रमुख बाजारों में UPL की व्यापक उपस्थिति और किसानों के साथ इसके भरोसेमंद संबंध इसे बेहतर पार्टनर बनाते हैं.