यूपी के इन 14 जिलों में आज होगी बारिश (File Photo)उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है. चक्रवाती तूफान दाना के कारण यूपी के मौसम में बदलाव होगा. 24 घंटे के भीतर यूपी के दक्षिण पूर्वी के कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने इसका पूर्वानुमान जताया है. आईएमडी के अनुसार 25 अक्टूबर यानी शुक्रवार को यूपी के दक्षिण पूर्वी हिस्से के जिलों में बारिश की बूंदें पड़ सकती हैं. बारिश होने की वजह से पूर्वी यूपी में तापमान में कमी देखने को मिल सकती है. फिलहाल प्रदेश में दिन के समय ठीकठाक धूप हो रही है. हालांकि रात होते ही मौसम ठंड हो जा रहा है.
आंचलिक विज्ञान केंद्र लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश में 25 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रह सकता है. इस दौरान पूर्वी यूपी में दक्षिणी-पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं अगले दो दिन फिर से प्रदेश में मौसम बदला-बदला सा रहेगा.
इस अवधि में प्रदेश के दोनों ही हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है. इसके बाद फिर मौसम करवट बदल सकता है. 28 अक्टूबर से लेकर 30 अक्टूबर तक प्रदेश के पूर्वी हिस्से में दक्षिणी-पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. यह क्रम दिवाली तक देखा जा सकता है. हालांकि मौसम में इस बदलाव से यूपी के किसी भी जिले में भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है. अनुमान है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है.
शुक्रवार को यूपी के कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, बलिया, आजमगढ़, गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, प्रयागराज में हल्की बारिश हो सकती है. यह पूर्वानुमान मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने जताया है.
मौसम वैज्ञानिक ने आगे बताया कि प्रदेश में न्यूनतम तापमान लगातार कई जिलों में 20 डिग्री सेल्सियस नीचे बने हुए हैं. बुलंदशहर में 18℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है. इसके साथ ही नजीबाबाद में 18℃, बरेली में 19℃, मुजफ्फरनगर में 18.1℃, मेरठ में 19.8℃, अलीगढ़ में 20.6℃ न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है. शाहजहांपुर में 20.2℃, अयोध्या में 19.0℃, गाजीपुर में 20.5℃, झांसी में 20.8℃, कानपुर शहर में 19.6℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है. वहीं अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 30℃ से 35℃ के बीच रिकार्ड किया गया है. प्रयागराज में सबसे ज्यादा 35.3 ℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today