आज का मौसम (फाइल फोटो)भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने अगले 4-5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों और पूर्वी भारत में 2-3 दिन तक लू (हीटवेव) चलने की बात कही है. मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जगहों पर लू की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत में हफ्ते के कुछ दिन गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. यहां असम और मेघालय में 50-70 किमी प्रति घंटा तक की तेज हवाएं चल सकती है. इसके अलावा झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा.
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 अप्रैल को देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर बना रहेगा. विदर्भ, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. कई राज्यों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा रहा है. बुधवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा में 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक रहा. पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिल सकती है. वहीं, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और पूर्वोत्तर में तापमान अपेक्षाकृत कम बना रहेगा.
दिल्ली-एनसीआर में 24 अप्रैल को आसमान साफ रहने के साथ लू चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. तापमान सामान्य से काफी अधिक रहेगा और कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है. दिन के समय पश्चिमी हवाएं 20 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं. वहीं, शाम के समय हवा की रफ्तार थोड़ी कम हो जाएगी. लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है.
उत्तर-पश्चिम भारत में 26 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं. पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 26 से 28 अप्रैल के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है. मध्य भारत में 26-27 अप्रैल को छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
पूर्वोत्तर भारत में पूरे सप्ताह बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 25 से 29 अप्रैल के बीच भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश और आंधी की संभावना है. पूर्वी भारत के राज्यों जैसे बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 26 से 29 अप्रैल के बीच आंधी, तेज हवाएं और ओलावृष्टि हो सकती है.
दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में 23 से 27 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी कुछ स्थानों पर बारिश और बिजली गिरने की आशंका है. पश्चिम भारत में कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 23 से 25 अप्रैल तक बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है.
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे तेज गर्मी के दौरान फसलों में हल्की और बार-बार सिंचाई करें और मल्चिंग का उपयोग करें ताकि नमी बनी रहे. ओलावृष्टि और आंधी की आशंका वाले क्षेत्रों में फसलों और सब्जियों को सुरक्षित स्थान पर रखें या ढककर रखें. भारी बारिश वाले क्षेत्रों में खेतों से पानी की निकासी सुनिश्चित करें. पशुपालकों को पशुओं को छांव में रखने, साफ पानी उपलब्ध कराने और चारे को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today