Weather Update: इन राज्‍यों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Weather Update: इन राज्‍यों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

IMD Latest Weather Update: 5 फरवरी को उत्तर भारत में मौसम सख्त रहने वाला है. कई राज्यों में घना से बहुत घना कोहरा, हिमालयी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी है. दिल्ली-एनसीआर में भी सुबह कोहरा असर दिखाएगा. किसानों और यात्रियों के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Advertisement
Weather Update: इन राज्‍यों में बारिश-बर्फबारी के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्टआज का मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा बुलेटिन में देश के कई हिस्सों में घने से बहुत घना कोहरा, बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है. खासतौर पर आज उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में मौसम चुनौतीपूर्ण बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश और बर्फबारी की संभावना है. वहीं, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और पश्चिम मध्य प्रदेश में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने का अलर्ट है, जिससे विजिबिल‍िटी 50 मीटर से भी कम हो सकती है. पर्वतीय राज्यों में ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाओं की भी चेतावनी दी गई है.

बीते दिन ऐसा रहा मौसम का मिजाज

आईएमडी के मुताबिक, बीते दिन हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया, जहां वि‍जिबिलिटी शून्य से 30 मीटर तक रही. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई. इसके अलावा पश्चिम मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आईं, जबकि उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में पाला भी पड़ा. 

5 फरवरी को तापमान का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक, 5 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन उत्तर प्रदेश में अगले 2-3 दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है. मध्य भारत में अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है. वहीं, पूर्वी भारत में भी 2 से 4 डिग्री की गिरावट संभव है. दिन के तापमान सामान्य के आसपास रहेंगे, लेकिन कोहरे और बादलों के कारण ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा.

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

आईएमडी ने अपने मौसम बुलेटिन में कहा है कि आज दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है. वहीं, दिन में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा और हवाएं 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. वहीं, 6 और 7 फरवरी को भी आंशिक बादल और सुबह के समय कोहरा बना रह सकता है, जबकि दिन में तेज सतही हवाएं चलेंगी.

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 8 फरवरी की रात से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से 9 और 10 फरवरी को एक बार फिर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. उत्तराखंड में आज पाले की स्थिति भी बन सकती है. वहीं, कई राज्यों में 6 से 7 फरवरी तक घने कोहरे का सिलसिला जारी रह सकता है.

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

मौसम विभाग के डिव‍िजन एग्रामेट ने किसानों को सलाह दी है कि ओलावृष्टि और पाले से फसलों को बचाने के लिए जरूरी उपाय करें. सब्जी और फल उत्पादक किसान फसलों को ढकने की व्यवस्था करें. वहीं, पशुपालक अपने पशुओं को ठंड और नमी से बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों पर रखें और पर्याप्त चारा और पानी की व्यवस्था बनाए रखें.

POST A COMMENT