Weather News: उत्तर भारत में फिर बदलेगा मौसम, तापमान में होगी बढ़ोतरी, पढ़ें वेदर अपडेट

Weather News: उत्तर भारत में फिर बदलेगा मौसम, तापमान में होगी बढ़ोतरी, पढ़ें वेदर अपडेट

IMD Latest Weather Update: 12 फरवरी को देश के कई हिस्सों में कोहरे और बदले मौसम का असर दिखेगा. 13 और 16-17 फरवरी को सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बदलाव के संकेत हैं. जानिए आपके राज्य में मौसम कैसा रहेगा...

Advertisement
Weather News: उत्तर भारत में फिर बदलेगा मौसम, तापमान में होगी बढ़ोतरी, पढ़ें वेदर अपडेट जानें कैसा रहेगा आज का मौसम

उत्तर भारत में मौसम फिर करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 13 फरवरी और 16-17 फरवरी 2026 को दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की बात कही है. विभाग के मुताबिक, 12 फरवरी तक मेघालय और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी है. वहीं, 13, 16 और 17 फरवरी को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में बारिश और बर्फबारी का दौर रहने की संभावना है. इसके अलावा 16-17 फरवरी को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.

तापमान को लेकर IMD का पूर्वानुमान

आईएमडी के ताजा बुलेट‍िन के मुताबिक, 12 फरवरी को उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं. वहीं, देश के बाकी हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान में खास परिवर्तन नहीं होगा.

अधिकतम तापमान की बात करें तो उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों में 48 घंटों तक स्थिति लगभग स्थिर रहेगी, फिर 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है. कोंकण-गोवा और तटीय कर्नाटक में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है.

पिछले 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री के बीच दर्ज किया गया, जबकि पंजाब, हरियाणा, यूपी और झारखंड में 5 से 10 डिग्री के बीच रहा. पश्चिम राजस्थान के पाली में मैदानी इलाकों में सबसे कम 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक, 12 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में आसमान साफ रहेगा, सुबह हल्की धुंध रह सकती है. अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम 11 से 13 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से ऊपर बने रहेंगे. दोपहर में उत्तर-पश्चिमी हवाएं 15 से 20 किमी प्रति घंटा तक चल सकती हैं. वहीं, 13 फरवरी को राजधानी में आंशिक बादल छा सकते हैं, जबकि 14 फरवरी को फिर से आसमान साफ रहने की संभावना है और तापमान 27 से 29 डिग्री तक पहुंच सकता है.

इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी

आईएमडी के मुताबिक, 13, 16 और 17 फरवरी को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है. वहीं, 16-17 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश-बर्फबारी के आसार हैं.

इसके अलावा 12 और 14 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है. 13 फरवरी को उत्तर तमिलनाडु और पुडुचेरी में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. मेघालय में 12 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा रह सकता है, जिससे सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है.

किसानों और पशुपालकों को सलाह

एग्रोमेट की एडवाइजरी के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी राज्यों के किसान बारिश और बर्फबारी को देखते हुए फसलों की कटाई और भंडारण की व्यवस्था सुरक्षित स्थान पर रखें. कोहरे वाले इलाकों में सब्जी और दलहनी फसलों पर फफूंदनाशक छिड़काव पर ध्यान दें. वहीं, पशुपालक ठंड और नमी से बचाव के लिए पशुओं को खुले में न बांधें, सूखा चारा और साफ पानी उपलब्ध कराएं.

POST A COMMENT