आज का मौसम (फाइल फोटो)देश के कई हिस्सों में इस हफ्ते गर्मी का असर तेज रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना रह सकता है, जबकि मध्य भारत में यह 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने के आसार हैं. कोंकण और गुजरात के तटीय इलाकों में 4 से 6 मार्च के बीच गर्म और उमस भरी स्थिति रहने की संभावना है और सिक्किम में आज सुबह घना कोहरा छाने की संभावना है.
मौसम विभाग ने कहा है कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से 4 से 9 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि हिमाचल प्रदेश में 7 से 9 मार्च और उत्तराखंड में 8 और 9 मार्च को हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार हैं. जानें देशभर में होली के दिन कैसा रहेगा मौसम...
4 मार्च को होली के दिन उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में ज्यादातर स्थानों पर मौसम साफ रहेगा, लेकिन तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बादल छाने के साथ जम्मू-कश्मीर में हल्की वर्षा या बर्फबारी की संभावना है. पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. तटीय गुजरात और कोंकण में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान कर सकता है.
आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 4 मार्च को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा. दिन के समय 15 से 25 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान कई स्थानों पर सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है.
5 और 6 मार्च को भी आसमान साफ रहेगा. 5 मार्च को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और 6 मार्च को 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर बना रहेगा. दोपहर में हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी और शाम तक कम हो जाएगी.
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पहले 3 दिन तापमान बढ़ेगा और उसके बाद हल्की गिरावट संभव है. वहीं, महाराष्ट्र और गुजरात में भी अगले कुछ दिनों में तापमान ऊपर बना रहेगा. बीते दिन राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और ओडिशा के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. मैदानी क्षेत्रों में सबसे अधिक 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान अकोला में दर्ज हुआ.
मौसम विभाग ने बुलेटिन में कहा कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश या बर्फबारी की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में शुष्क, लेकिन गर्म मौसम रहेगा. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी होगी.
गुजरात के तटीय क्षेत्रों और कोंकण में गर्मी और उमस भरी स्थिति बनी रह सकती है. इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत में असम और मेघालय में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश संभव है. दक्षिण भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी के साथ मौसम सामान्य रहेगा.
मौसम विभाग के डिविजन एग्रोमेट ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में गेहूं, सरसों, चना और अन्य फसलों में हल्की सिंचाई करने की सलाह दी है. किसानों को सलाह दी जाती है कि दोपहर की तेज गर्मी से बचाने के लिए सुबह या शाम के समय सिंचाई करें.
मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए मल्चिंग और खेत की मेड़बंदी पर ध्यान दें. तेज हवाओं की आशंका वाले क्षेत्रों में सब्जियों और बागवानी फसलों को सहारा दें.
पशुपालकों को पशुओं को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की सलाह है. पोल्ट्री शेड की छत पर घास या छायादार व्यवस्था कर गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सकता है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today