IMD Weather Update: उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में बढ़ेगी भीषण गर्मी, इन राज्‍यों होगी भारी बारिश

IMD Weather Update: उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में बढ़ेगी भीषण गर्मी, इन राज्‍यों होगी भारी बारिश

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. राजस्थान, दिल्ली, यूपी और मध्य भारत में लू का खतरा बढ़ने वाला है, जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. IMD ने किसानों और पशुपालकों के लिए भी खास सलाह दी है.

Advertisement
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में बढ़ेगी भीषण गर्मी, इन राज्‍यों होगी भारी बारिशआज का मौसम (AI Image)

देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. एक तरफ राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ और उत्तर भारत के कई हिस्सों में लू से हालात गंभीर बने हुए हैं, वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 17 से 19 मई के बीच पश्चिम राजस्थान में कई जगहों पर भीषण लू चल सकती है, जबकि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ने की संभावना है. दूसरी ओर असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.

15 मई को देशभर में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, 15 मई को देश के कई हिस्सों में मौसम दो अलग-अलग रूप में नजर आएगा. उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान तेजी से बढ़ेगा और कई इलाकों में गर्म हवाएं परेशान करेंगी. राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश, विदर्भ, पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. जैसलमेर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है और आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी संभव है.

वहीं, पूर्वोत्तर भारत में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. असम और मेघालय में भारी बारिश के साथ कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. बिहार, झारखंड, ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है.

दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, माहे, आंतरिक कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के असर से अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी मौसम खराब बना रहेगा. 

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

IMD ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में 15 मई को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दिन में गर्मी बढ़ेगी और तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है. हवा की रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है.

वहीं, 16 और 17 मई को दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. इसके साथ ही गर्मी और बढ़ेगी. मौसम विभाग ने 16 से 20 मई के बीच दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में हीटवेव की चेतावनी जारी की है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है. 

आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल?

पूर्वोत्तर भारत में 16 से 20 मई के बीच बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी. असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ भूस्खलन और जलभराव की आशंका जताई गई है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई जगहों पर तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 

पूर्वी भारत में बिहार और झारखंड में 20 मई तक रुक-रुक कर बारिश और आंधी जारी रहने की संभावना है. ओडिशा में भी कुछ इलाकों में तेज हवाओं और बारिश का असर बना रह सकता है. 

5 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान

उत्तर-पश्चिम भारत में 17 से 20 मई के दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है. पश्चिम राजस्थान में गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है. पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी लगातार गर्मी बढ़ने के संकेत हैं.

दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में अगले कई दिनों तक बारिश जारी रह सकती है. कुछ इलाकों में भारी बारिश के कारण जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है. मौसम विभाग ने मछुआरों को 19 मई तक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के कई हिस्सों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. 

किसानों और पशुपालकों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है. राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में गर्मी को देखते हुए हल्की और बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी गई है. सब्जियों और बागवानी फसलों में मल्चिंग और शेड नेट का उपयोग करने को कहा गया है.

भारी बारिश वाले राज्यों में खेतों से पानी निकासी की उचित व्यवस्था रखने की सलाह दी गई है ताकि जलभराव से फसल खराब न हो. तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना वाले क्षेत्रों में कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने और तिरपाल से ढकने की सलाह दी गई है.

पशुपालकों को पशुओं को खुले में न छोड़ने, साफ पानी उपलब्ध कराने और चारे को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है. पोल्ट्री फार्म में गर्मी कम करने के लिए शेड को ढकने और पर्याप्त वेंटिलेशन बनाए रखने की भी सलाह दी गई है. 

POST A COMMENT