पूर्वी और पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में बढ़ेगी उमस, जानें आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम

पूर्वी और पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में बढ़ेगी उमस, जानें आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम

IMD Weather Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 जुलाई के लिए बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मेघालय, असम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं दिल्ली में बारिश की संभावना कम रहने से उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.

Advertisement
पूर्वी और पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में बढ़ेगी उमस, जानें आज देशभर में कैसा रहेगा मौसमआज का मौसम (फाइल फाेटो)

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 जुलाई के लिए देश के कई राज्यों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. सबसे ज्‍यादा असर पूर्वोत्तर भारत, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम और उत्तराखंड जैसे राज्यों में देखने को मिल सकता है. मेघालय, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. दूसरी ओर, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के मैदानी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां थोड़ी कमजोर रहने का अनुमान है. 

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दिखेगा जोर

मौसम विभाग के अनुसार, आज बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक बारिश की संभावना है. 

बिहार, असम-मेघालय और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है. 

पहाड़ी राज्‍यों में भूस्‍खलन की आशंका

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. 12 जुलाई को इन राज्यों के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जिससे भूस्खलन, पहाड़ी सड़कों पर मलबा आने और नदी-नालों के उफान पर रहने का खतरा बना रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश के आसार हैं, जबकि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है. 

इन राज्‍यों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार

आईएमडी ने कहा कि आज मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कई इलाकों में छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, हालांकि, ज्‍यादातर मैदानी क्षेत्रों में मॉनसून की गतिविधि सामान्य से कमजोर रहने की संभावना है. 

दिल्ली में गर्मी और उमस करेगी परेशान

मौसम विभाग के मुता‍बिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 12 जुलाई को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा, लेकिन दिन के समय उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. 

इस दौरान दक्षिण-पश्चिम दिशा से 15 से 18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. 13 जुलाई को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा, जबकि 14 जुलाई की शाम या रात में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में कुछ राहत मिल सकती है. 

किसानों के लिए आईएमडी की सलाह

जिन क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है, वहां किसान खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें ताकि फसलों में जलभराव न हो. बारिश के दौरान उर्वरक और कीटनाशकों का छिड़काव टालें और मौसम साफ होने पर ही कृषि कार्य करें. 

तेज हवा और गरज-चमक की आशंका वाले इलाकों में कटी हुई उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें या तिरपाल से ढक दें. पशुओं को खुले में न छोड़ें और उनके चारे को भी सूखी जगह पर सुरक्षित रखें.

POST A COMMENT