Weather Alert: देश में बढ़ेगी गर्मी की रफ्तार, इन इलाकों में सताएगी उमस, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

Weather Alert: देश में बढ़ेगी गर्मी की रफ्तार, इन इलाकों में सताएगी उमस, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

IMD Latest Weather News: मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में बढ़ती गर्मी को लेकर चेतावनी दी है. उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान तेजी से बढ़ सकता है, जबकि हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों के लिए ताजा मौसम अपडेट जानिए

Advertisement
Weather Alert: देश में बढ़ेगी गर्मी की रफ्तार, इन इलाकों में सताएगी उमस, पढ़ें IMD का ताजा अपडेटकई राज्‍यों में बढ़ेगा तापमान (सांकेतिक तस्‍वीर)

देश के कई हिस्सों में इस सप्ताह तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहने का अनुमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4-6 डिग्री सेल्सियस तक ज्‍यादा रह सकता है, जबकि मध्य भारत में यह 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहने की संभावना है. इसके साथ ही पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 7 से 10 मार्च के बीच हल्की बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा 6 मार्च तक गुजरात के तटीय इलाकों और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति बन सकती है. वहीं, 5 मार्च को उत्तर कोंकण के कुछ हिस्सों में भी ऐसी परिस्थितियां रहने की संभावना है.

5 मार्च को देशभर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने कहा कि 5 मार्च को देश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी. उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ेगी और कई जगह तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा. पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अभी हल्की गतिविधियां सीमित रहेंगी, जबकि 7 मार्च के बाद बारिश और बर्फबारी की संभावना बढ़ेगी.

दिल्ली में 34 डिग्री तक जाएगा पारा

IMD के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है. 5 मार्च को अधिकतम तापमान 32 से 34°C और न्यूनतम तापमान 16 से 18°C के बीच रहने का अनुमान है. 6 और 7 मार्च को अधिकतम तापमान 33 से 35°C तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से काफी ज्यादा रहेगा. इन दिनों हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने की संभावना है.

उत्तर भारत और उत्तर-पश्चिम भारत का मौसम

उत्तर-पश्चिम भारत में अगले चार दिनों तक तापमान में 2-3°C तक की बढ़ोतरी हो सकती है. इस वजह से राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में गर्मी का असर महसूस किया जा सकता है. इसके बाद 7 से 10 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है.

मध्य और पश्चिम भारत में चढ़ेगा पारा

मौसम विभाग ने कहा कि मध्य भारत के राज्यों में भी तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का अनुमान है. पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्व मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 2-3°C तक बढ़ सकता है. गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तापमान पहले से ही ज्यादा बना हुआ है और कुछ जगहों पर 35-38°C के बीच तापमान दर्ज किया गया है. तटीय गुजरात में 6 मार्च तक गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है.

दक्षिण भारत में आंध्र प्रदेश में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2-3°C तक बढ़ सकता है. वहीं उत्तरी महाराष्ट्र में भी अगले 24 घंटे में तापमान बढ़ने की संभावना है.पूर्वी भारत के राज्यों जैसे बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है. हालांकि, कुछ इलाकों में गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है.

किसानों के लिए एग्रोमेट की सलाह

मौसम विभाग के डिवि‍जन एग्रोमेट ने बढ़ते तापमान को देखते हुए कई राज्यों के किसानों को सिंचाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में गेहूं, सरसों और दलहनी फसलों को हल्की सिंचाई देने की सलाह दी गई है.

इसके अलावा राजस्थान और गुजरात के कुछ क्षेत्रों में जीरा, इसबगोल, सरसों और चने की फसल में नमी बनाए रखने के लिए हल्की सिंचाई करने की एडवाइजरी जारी की गई है. खेतों में नमी बनाए रखने के लिए मल्चिंग और खेत की मेड़बंदी जैसे उपाय अपनाने के लिए कहा गया है.

पशुपालकों के लिए सलाह

वहीं, पशुपालकों को गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए पशुओं को साफ और पर्याप्त पीने का पानी उपलब्ध कराने की सलाह दी है. वहीं, पोल्ट्री शेड में तापमान कम रखने के लिए छत पर घास या अन्य सामग्री लगाने जैसे उपाय करने की भी सलाह दी गई है.

POST A COMMENT