Kisan Karwan: किसानों के द्वार पहुंची सरकार, किसान कारवां' ने उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में जगाई खुशहाली की नई उम्मीद

Kisan Karwan: किसानों के द्वार पहुंची सरकार, किसान कारवां' ने उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में जगाई खुशहाली की नई उम्मीद

उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया टुडे के 'किसान तक' का 'किसान कारवां' अमरोहा से गौतम बुद्ध नगर तक के सफर में किसानों की तकदीर बदलने वाली लहर साबित हुआ. इस कारवां ने यूपी के सभी 75 जिलों की चौपालों पर अफसरों और अन्नदाताओं को एक साथ बैठाकर समस्याओं का मौके पर हल निकाला. इस प्रोग्राम की असली ताकत इसकी डिजिटल पहुंच और सोशल मीडिया पर मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स रहा. खेतों में मौजूद हजारों किसानों के साथ-साथ लाखों लोगों ने डिजिटल माध्यमों से जुड़कर अपने विचार साझा किए, जिसने इसे एक जन-आंदोलन बना दिया.

Advertisement
Kisan Karwan: किसानों के द्वार पहुंची सरकार,  किसान कारवां' ने उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में जगाई खुशहाली की नई उम्मीदअधिकारियों और अन्नदाता के बीच की दूरियां हुईं खत्म

'इंडिया टुडे' के 'किसान तक' और उत्तर प्रदेश सरकार के साझा सहयोग से शुरू हुआ 'किसान कारवां' महज़ एक प्रोग्राम नहीं, बल्कि किसानों की तकदीर बदलने वाली एक नई लहर साबित हुआ. इस कारवां का आगाज़ 29 दिसंबर 2025 को अमरोहा के ऐतिहासिक जलालकलानपुर गांव से बड़े ही जोश-ओ-खरोश के साथ हुआ. यहां से शुरू होकर इस कारवां ने देखते ही देखते उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों की धूल छानी, हर गांव की मिट्टी की खुशबू को समेटा और अंततः अपना पड़ाव गौतम बुद्ध नगर के बाम्बाड गांव में डाला, जहां इसका शानदार समापन हुआ. यह सफर किसानों को उनके हक और आधुनिक तकनीक के प्रति विश्वास पैदा करने की एक ऐसी अनूठी कोशिश थी, जिसमें हर जिले के एक चुनिंदा गांव को केंद्र बनाकर वहां खेती-किसानी की चौपाल सजाई गई. इस कृषि मंच पर न केवल सरकारी योजनाओं का बखान हुआ, बल्कि खेती से जुड़े हर रंग, हर विचार और हर जमीनी समस्या को बड़ी ही संजीदगी के साथ शामिल किया गया, जिससे किसानों के चेहरों पर एक नई उम्मीद और कामयाबी की चमक साफ़ नज़र आने लगी.

अधिकारियों और अन्नदाता के बीच की दूरियां हुईं खत्म

अक्सर देखा जाता है कि किसानों और सरकारी महकमों के बीच एक बड़ी खाई होती है, जिसकी वजह से सरकारी स्कीमें ज़मीनी सतह पर नहीं उतर पातीं. किसान कारवां ने इस 'गैप' को खत्म करने में एक बड़े पुल का काम किया. इस मंच पर कृषि विभाग, पशुपालन विभाग और उद्यान विभाग के आला अधिकारी खुद चलकर किसानों के पास पहुंचे और उनकी ज़मीनी मुश्किलों से रूबरू हुए. किसानों ने बेबाकी से अपनी समस्याओं को रखा और अधिकारियों ने उनका हल बताया. इस 'डायरेक्ट टॉक' का नतीजा यह हुआ कि किसानों के दिलों में जो शंकाएं और गलतफहमियां थीं, वे दूर हो गईं. उन्हें विस्तार से समझाया गया कि फार्मर आईडी के क्या फायदे हैं और मृदा परीक्षण क्यों ज़रूरी है, जिससे किसानों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटना अब पुराने ज़माने की बात लगने लगी है.

केवीके किसानों के सच्चे रहनुमा और तकनीकी गुरु

इस पूरे सफर में 'कृषि विज्ञान केंद्र' (KVK) की भूमिका सबसे शानदार रही. किसानों का यह मानना है कि ये केंद्र सिर्फ कागज़ों या लैब में काम नहीं करते, बल्कि 'लैब से लैंड' तक का इनका सफर वाकई काबिले-तारीफ है. वैज्ञानिकों ने कम ज़मीन में ज़्यादा मुनाफा कमाने के गुर सिखाए, बैलेंस फर्टिलाइजर का महत्व बताया और फूड प्रोसेसिंग की बारीकियों से वाकिफ कराया. सबसे खास बात यह रही कि खेती में महिलाओं की भागीदारी पर बहुत जोर दिया गया. किसानों के बीच KVK को लेकर जो विश्वास दिखा, उसने यह साबित कर दिया कि तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में ये केंद्र किसानों के सबसे बड़े हमदर्द हैं. यहां तक कि वेतन विसंगतियों की समस्याओं के बावजूद वैज्ञानिकों ने जिस शिद्दत और जज्बे से किसानों का मार्गदर्शन किया, वह उनके पेशे के प्रति समर्पण की एक मिसाल है.

जमीनी हकीकत और सरकार का फौरी एक्शन

किसान कारवां ने उत्तर प्रदेश सरकार को एक तरह से 'आत्मचिंतन' का मौका भी दिया. कार्यक्रम के दौरान जहां एक ओर किसानों ने फार्मर आईडी की पहल को सराहा, वहीं दूसरी ओर बीज और ढैंचा समय पर न मिलने जैसी वाजिब शिकायतें भी कीं. सरकार ने इन फीडबैक को पूरी गंभीरता से लिया और मौके पर ही भरोसा दिलाया कि भविष्य में खेती के सामान वक्त पर बीज मुहैया कराए जाएंगे. किसानों को यह मालूम ही नहीं था कि सरकारी बीजों के क्या फायदे हैं और उन्हें हासिल करने का आसान तरीका क्या है, लेकिन इस मंच ने सूचना के अभाव को खत्म कर दिया. इसके अलावा 'कृषि सखियों' और बीटीएम जैसे कर्मचारियों के दायित्वों के बारे में भी किसानों को बताया गया, ताकि वे गांव के स्तर पर ही अपनी मदद करवा सकें.

जादू के खेल से सीखी खेती की नई तकनीक

इस कारवां का सबसे दिलचस्प और मनोरंजन से भरपूर हिस्सा था 'जादू का शो'. सलमान जादूगर ने अपने करतबों के ज़रिए किसानों को वो बातें सिखा दीं, जो शायद भारी-भरकम किताबों से सीखना मुश्किल होता. जादू के खेल-खेल में किसानों को बताया गया कि यूरिया का बेतहाशा इस्तेमाल मिट्टी की सेहत कैसे बिगाड़ता है, फार्मर आईडी न होने से क्या नुकसान होते हैं और खेत की मेड़ पतली करने से पैदावार पर क्या असर पड़ता है. किसानों ने ठहाकों और तालियों के बीच एफपीओ (FPO) और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के फायदों को समझा. यह एक ऐसा तजुर्बा था, जहां मनोरंजन भी था और तरक्की का पैगाम भी. किसानों ने वह सब कुछ बड़ी आसानी से सीख लिया, जिसे वे अक्सर विशेषज्ञों की बातों में उलझा हुआ समझते थे. 

विकसित भारत की राह में किसानों का बढ़ता कदम

तपती गर्मी और फसलों की कटाई-मंड़ाई के व्यस्त दिनों में भी जिस तरह से इस कारवां में 300 से 700 तक किसानों की फिजिकल मौजूदगी रही और डिजिटल तौर पर भारी रिस्पॉन्स मिला, वह इस प्रोग्राम की कामयाबी की मुहर है. इसने साबित कर दिया कि अगर किसानों को सही मंच और सही जानकारी दी जाए, तो वे न सिर्फ खुद खुशहाल होंगे बल्कि पूरे देश की तरक्की में बड़ा योगदान देंगे. 'किसान कारवां' ने एक ऐसा माहौल पैदा किया है जहां तकनीक अब गांव की चौपालों तक पहुंच गई है. अगर इसी जज्बे से लैब की तकनीकों को किसानों के खेतों तक उतारा जाता रहा, तो 'विकसित भारत' का सपना हकीकत बनने से कोई नहीं रोक सकता. यह सफर एक ऐसी शुरुआत है जो आने वाले कल में उत्तर प्रदेश के कृषि क्षेत्र को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगी.

ये भी पढ़ें-
गौतम बुद्ध नगर पहुंचा किसान कारवां, 75वें पड़ाव पर किसानों को मिली सरकारी योजनाओं की जानकारी
बुलंदशहर में किसानों का उमड़ा उत्साह, किसान कारवां ने दी नई दिशा, बिहटा बना सीख का केंद्र

POST A COMMENT