गन्ना किसानों के अकाउंट में सीधा पैसा (AI Image)उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए राहत बड़ी खबर है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद वर्तमान पेराई सत्र (2026-27) में अब तक 96 चीनी मिलें पेराई कार्य प्रारंभ कर चुकी हैं. अभी तक सबसे अधिक गन्ना पेराई करने वाली हरियावां चीनी मिल हरदोई है. यहां 22.41 लाख क्विंटल पेराई की गई है. वहीं अजबापुर- डीसीएम ग्रुप लखीमपुर खीरी की ओर से सर्वाधिक भुगतान 82 करोड़ रुपये किया गया है. यह जानकारी प्रदेश के गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने दी.
गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि वर्तमान सत्र में अब तक प्रदेश की कुल 96 चीनी मिलों ने पेराई कार्य सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दिया है. इसमें निजी क्षेत्र की 78, सहकारी क्षेत्र की 17 व निगम क्षेत्र की एक चीनी मिल शामिल है. इन चीनी मिलों द्वारा इस पेराई सत्र में अब तक कुल 707 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की जा चुकी है, जिससे कुल 63.80 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ है.
भवानी सिंह खंगारौत के मुताबिक, वर्तमान पेराई सत्र में अब तक के कुल देय गन्ना मूल्य 552.23 करोड़ रुपये के सापेक्ष चीनी मिलों द्वारा शत-प्रतिशत से भी अधिक का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित किया जा चुका है. पेराई सत्र की शुरुआत से ही चीनी मिलों द्वारा त्वरित भुगतान करने से किसानों को बिचौलियों और विलंब की समस्या से मुक्त होकर गन्ना आपूर्ति करने में आसानी होगी.
1- हरियावां चीनी मिल हरदोई- 22.41 लाख क्विंटल
2- हरगांव चीनी मिल सीतापुर- 21.94 लाख क्विंटल
3- खतौली चीनी मिल मुजफ्फरनगर- 20.95 लाख क्विंटल
1- अजबापुर-डीसीएम ग्रुप- लखीमपुर- 82 करोड़
2- मवाना चीनी मिल- मेरठ- 62 करोड़
3- हरगांव चीनी मिल- सीतापुर- 60.42 करोड़
गन्ना आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गन्ना किसानों की आर्थिक समृद्धि, सम्मान और उनकी उपज का उचित एवं समय पर मूल्य दिलाने का निर्देश दिया है. इसके बाद चीनी मिलों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गन्ना मूल्य भुगतान करने के निर्देश दिए गये हैं. विभाग निरंतर इसकी मॉनीटरिंग कर रहा है. उन्होंने बताया कि किसानों को तत्काल भुगतान भी किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें-
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today