
भगवान बुद्ध की तपोभूमि सिद्धार्थनगर जनपद में ‘किसान तक’ के किसान कारवां का 48वां पड़ाव पहुंचा. समृद्ध इतिहास और कृषि विरासत के अद्भुत संगम वाले इस जिले के नौगढ़ ब्लॉक के पिकौरा चौराहा गांव में जैसे ही किसान कारवां पहुंचा, किसानों में खेती और पशुपालन से जुड़ी नई जानकारियां हासिल करने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला.

कार्यक्रम के पहले चरण में कृषि विज्ञान केंद्र, सिद्धार्थनगर के उद्यान वैज्ञानिक डॉ. प्रवीण कुमार मिश्रा ने किसानों को बताया कि किसान की थाली में सभी प्रकार के पोषक तत्वों का होना आवश्यक है. आगे उन्होंने अमरूद फल के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पोषण के मामले में अमरूद सेब के बराबर माना जाता है. साथ ही किसानों को अमरूद की बागवानी अपनाने के लिए जागरूक किया.

दूसरे चरण में पशुपालन विभाग के उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी नौगढ़ सदर डॉ. आर. बी. यादव ने किसानों को पशु एंबुलेंस सेवा के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इसके लिए 1962 नंबर टोल-फ्री जारी किया गया है, जिस पर किसान फोन करके अपने पशुओं का इलाज करवा सकते हैं. उन्होंने कहा कि मात्र 5 रुपये में किसान घर बैठे अपने पशु का इलाज करवा सकते हैं.

तीसरे चरण में चंबल फर्टिलाइजर के प्रतिनिधि अरुण प्रताप सिंह ने किसानों को चंबल फर्टिलाइजर के उत्पाद उत्तम प्रणाम और उत्तम सुपरराइजा के महत्व और सही उपयोग को लेकर जानकारी दी. इसके साथ ही उर्वरक और रासायनिक उर्वरकों के सही उपयोग करने के बारे में किसानों को जानकारी दी.

चौथे चरण में कृषि विज्ञान केंद्र सिद्धार्थनगर के मृदा विज्ञान वैज्ञानिक डॉ. प्रवेश कुमार ने किसानों को खेती से आमदनी बढ़ाने के अलग-अलग उपायों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कई उदाहरणों के माध्यम से कृषि के अलग-अलग आय स्रोतों पर विस्तार से चर्चा की.

पांचवें चरण में जादूगर सलमान ने अपनी कला के माध्यम से खेती से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत की. उन्होंने किसानों को गोबर खाद के उपयोग और पशुपालन को बढ़ावा देने का सुझाव दिया. इसके साथ ही उन्होंने किसानों को हर शुभ अवसर पर वृक्ष लगाने के लिए भी अपील की.

अंतिम छठवें चरण में लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसमें 10 विजेताओं को 500 रुपये और दूसरे विजेता गेना देवी रही, जिन्हें 2000 रुपये दिए गए. इसके साथ प्रथम विजेता सावित्री को 3000 रुपये की राशि दी गई. किसान तक’ का यह कारवां किसानों को आधुनिक तकनीक, बाजार से जुड़ाव और आय बढ़ाने के उपायों से जोड़ने का एक प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today