
खेती-किसानी में अब केवल परंपरागत तौर-तरीकों के सहारे आगे बढ़ना आसान नहीं है. बदलते मौसम, बढ़ती उत्पादन लागत और बाजार की चुनौतियों के बीच किसानों के लिए जरूरी है कि वे खेती को आधुनिक तकनीक, नई फसलों और कृषि उद्यमिता से जोड़ें. इसी सोच के साथ किसान तक का अभियान ‘किसान कारवां 2.0’ लगातार किसानों तक पहुंच रहा है. इस अभियान के तहत 23 नवंबर को बरेली स्थित रोहिलखंड विश्वविद्यालय के अटल सभागार में सातवीं क्षेत्रीय किसान महासभा का आयोजन किया गया.

महासभा का प्रमुख आकर्षण ‘गन्ने की खेती में नई सोच, बढ़ेगी कमाई’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा रही. इसका संचालन किसान तक के कंसल्टिंग एडिटर जय प्रकाश सिंह ने किया. इस चर्चा में शाहजहांपुर स्थित गन्ना शोध संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. अनिल सिंह, सीतापुर कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. दया श्रीवास्तव, प्रगतिशील किसान सरताज खान और कौशल मिश्रा ने हिस्सा लिया.

किसान महासभा का एक अन्य महत्वपूर्ण सत्र ‘गोवंश से कमाई और मुनाफे की नई राह’ विषय पर आयोजित किया गया. इसमें विशेषज्ञों ने बताया कि किस तरह पशुपालन और डेयरी को खेती के साथ जोड़कर किसानों के लिए कमाई के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं. इस पैनल चर्चा का संचालन किसान तक की उप संपादक हिमानी दीवान ने किया. इसमें प्रगतिशील किसान आशुतोष प्रताप सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र बरेली के पशु विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. शार्दुल विक्रम लाल, डॉ. पंकज गंगवार और आईवीआरआई बरेली के डॉ. बृजेश कुमार यादव शामिल हुए.

किसान कारवां 2.0 की महासभा में कृषि परिषद के गठन की पहल भी चर्चा का महत्वपूर्ण विषय रही. इसका उद्देश्य किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है, ताकि किसानों की जमीनी समस्याओं को सीधे सरकारी तंत्र तक पहुंचाया जा सके. ऐसे में कृषि परिषद किसानों और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में काम कर सकती है. इसके माध्यम से किसानों के अनुभव, सुझाव और समस्याएं अधिकारियों तथा कृषि विशेषज्ञों तक पहुंचाई जा सकेंगी.

किसान कारवां 2.0 के तहत खेती में उल्लेखनीय काम करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘कृषि वीर’ सम्मान की शुरुआत की गई है. इसका उद्देश्य उन किसानों को पहचान और सम्मान देना है, जिन्होंने खेती में नवाचार, फसल विविधीकरण, कृषि उद्यमिता, वैल्यू एडिशन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती और डेयरी जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किया है.

किसान महासभा में कृषि और तकनीक से जुड़ी गंभीर चर्चाओं के साथ किसानों के मनोरंजन का भी विशेष ध्यान रखा गया. कार्यक्रम के दौरान सीतापुर के जादूगर सलमान ने अपने जादुई करतबों से उपस्थित किसानों का मनोरंजन किया. इससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह और सहभागिता का माहौल बना रहा. किसानों को जहां विशेषज्ञों से खेती की नई तकनीकों और कमाई बढ़ाने के तरीके जानने का अवसर मिला, वहीं प्रगतिशील किसानों के अनुभवों से भी काफी कुछ सीखने को मिला.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today