
गर्मी के मौसम में घर को ठंडा रखना एक बड़ी चुनौती है. एयर कंडीशनर यानी AC और कूलर राहत तो देते हैं, लेकिन बिजली का खर्च भी बढ़ाते हैं. ऐसे में अगर आपका बालकनी गार्डन घर के तापमान को प्राकृतिक तरीके से कम करने में मदद करे, तो इससे बेहतर क्या हो सकता है.

दिलचस्प बात यह है कि साइंटिफिक रिसर्च भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि सही पौधे न केवल वातावरण को हरा-भरा बनाते हैं, बल्कि घर के अंदर की गर्मी भी कम कर सकते हैं. ये पौधे न सिर्फ घर को ठंडा रखने में मदद करते हैं, बल्कि जैव विविधता को भी बढ़ावा देते हैं और घर के वातावरण को अधिक आरामदायक बनाते हैं.

बालकनी या छत के लिए ट्रेलिस लगाकर प्राकृतिक ग्रीन वॉल तैयार की जा सकती है. इसके लिए थनबर्गिया ग्रैंडिफ्लोरा, मधुमालती , अपराजिता और चमेली जैसे तेजी से बढ़ने वाले बेलदार पौधे अच्छे विकल्प माने जाते हैं.

इसके अलावा लेयर्ड प्लांटेशन तकनीक भी उपयोगी है, जिसमें अलग-अलग ऊंचाई वाले पौधों को एक साथ लगाया जाता है ताकि उनकी छाया एक-दूसरे पर पड़ती रहे और सूरज की सीधी किरणें नीचे तक न पहुंचे.

धूप वाली बालकनी में इक्सोरा, सोन चंपा, नाग चंपा, पारिजात , गुड़हल और कनेर जैसे पौधे लगाए जा सकते हैं. वहीं नींबू और करी पत्ता जैसे खाद्य पौधे भी घनी पत्तियों के कारण बेहतर विकल्प हैं.

पौधे अपने आसपास का तापमान प्राकृतिक रूप से कम करने में मदद करते हैं. वे अपनी पत्तियों के जरिए पानी की बहुत बारीक बूंदें हवा में छोड़ते हैं. जब यह नमी वाष्प बनकर उड़ती है, तो आसपास की गर्मी को अपने साथ ले जाती है. इसी कारण पेड़-पौधों के आसपास का वातावरण ठंडा और अधिक आरामदायक महसूस होता है. इस प्रक्रिया को इवैपोट्रांसपिरेशन कहा जाता है.

एक स्टडी में पाया गया कि बालकनी में गमलों और ग्रीन वॉल के संयोजन से घर के अंदर का तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है, जबकि बालकनी की सतह का तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस तक घट सकता है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today