चीनी के दाम में बढ़तभारत में त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही चीनी के दाम में तेजी देखी जा रही है. ट्रेडर्स और इंडस्ट्री के अधिकारियों ने 'रॉयटर्स' को बताया कि पिछले एक महीने में भारत में चीनी की कीमतें 10% बढ़कर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं. सप्लाई कम होने और त्योहारों के मौसम में मांग बढ़ने के कारण इनके कम से कम अगले तीन महीनों तक ऊंचे बने रहने की उम्मीद है.
कीमतों में बढ़ोतरी से रिटेल महंगाई और बढ़ेगी, जो जून में 17 महीनों में पहली बार रिजर्व बैंक के टारगेट से ऊपर चली गई थी. साथ ही, पिछले महीने एक्सपोर्ट पर बैन और स्टॉक लिमिट लगाने के बाद, सरकार को कीमतों पर काबू पाने के लिए और कदम उठाने पड़ सकते हैं.
डीलरों का कहना है कि इस तेजी से बलरामपुर चीनी, द्वारिकेश शुगर, श्री रेणुका शुगर्स और डालमिया भारत शुगर जैसी चीनी बनाने वाली कंपनियों के मार्जिन में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है. महाराष्ट्र के कोल्हापुर में, जो एक प्रमुख ट्रेडिंग हब है, चीनी की थोक कीमतें पिछले एक महीने में लगभग 10.2% बढ़कर 4,716 रुपये प्रति 100 किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं.
बॉम्बे शुगर मर्चेंट्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अशोक जैन ने कहा, "त्योहारों के मौसम से पहले मांग बढ़ी है, लेकिन मिलें सप्लाई रोक रही हैं और स्टॉक धीरे-धीरे जारी कर रही हैं, क्योंकि उन्हें उम्मीद है कि कीमतें और बढ़ेंगी." भारत में चीनी की मांग आमतौर पर अगस्त से नवंबर के बीच बढ़ती है क्योंकि देश में गणेश चतुर्थी, दशहरा और दिवाली जैसे बड़े त्योहार मनाए जाते हैं, जब पारंपरिक मिठाइयों और कन्फेक्शनरी की खपत बढ़ जाती है.
1 अक्टूबर को नए सीजन की शुरुआत में मिलों के पास चीनी का स्टॉक घटकर लगभग 3.5 मिलियन टन होने की उम्मीद है, जो तीन दशकों से भी अधिक समय में सबसे कम स्तर है. ऐसा इसलिए है क्योंकि मौजूदा सीजन में उत्पादन सालाना खपत से कम रहा और मिलों ने लगभग 800,000 टन चीनी का एक्सपोर्ट किया.
मुंबई के एक ट्रेडर ने कहा, "सप्लाई में सुधार तभी होगा जब मिलें नवंबर में नए सीजन की फसल की पेराई शुरू करेंगी. तब तक, बाजार को इसी सीजन के उत्पादन पर निर्भर रहना होगा, जो अपर्याप्त था." उन्होंने कहा कि बिस्किट और कन्फेक्शनरी बनाने वाली कंपनियां और सॉफ्ट ड्रिंक और बेवरेज कंपनियां त्योहारों के मौसम से पहले स्टॉक जमा कर रही हैं. वे ऊंची कीमतों के बावजूद चीनी खरीद रही हैं ताकि मांग के पीक समय के दौरान कमी से बचा जा सके.
'द इकोनॉमिक टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी इंडस्ट्री ने केंद्र सरकार से चीनी की कीमतों में तेजी से हो रही बढ़ोतरी को रोकने के लिए और उपाय करने की अपील की है. उनका कहना है कि व्यापारियों पर हाल ही में लगाई गई पाबंदियों से सिर्फ कुछ समय के लिए ही राहत मिली है.
पिछले हफ्ते चीनी की कीमतों में 4.3% और पिछले एक महीने में लगभग 17% की बढ़ोतरी हुई है, जिससे इंडस्ट्री से जुड़े लोगों में चिंता बढ़ गई है. इस दौरान पूरे देश में औसत कीमत 3,960 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 4,620 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है.
कीमतों के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद उन्हें कम करने की कोशिश में सरकार ने 28 जुलाई से चीनी डीलरों पर स्टॉक लिमिट (भंडारण की सीमा) लागू की थी. हालाँकि इस कदम से कीमतें कुछ समय के लिए कम हुईं, लेकिन बाज़ार में तेजी बनी हुई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today