शिवराज सिंह की मौजूदगी में फल उत्पादक किसानों और निर्यातकों को मिलेगा बड़ा मंच (फाइल फोटो)केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 6 और 7 मई को उत्तर प्रदेश में लखनऊ के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे “फ्रूट होराइज़न 2026” से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में यह दो दिवसीय आयोजन देश में फल उत्पादन, गुणवत्ता, प्रसंस्करण और निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है. कार्यक्रम का मकसद किसानों, वैज्ञानिकों, निर्यातकों और अन्य संबंधित पक्षों को एक मंच पर लाकर फल क्षेत्र को नई दिशा देना है.
जानकारी के मुताबिक, 6 मई को होटल रेनेसां, गोमतीनगर, लखनऊ में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान निर्यातकों और अन्य हितधारकों के साथ सीधा संवाद करेंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार, आज देर शाम शिवराज सिंह की प्रगतिशील निर्यातकों के साथ बैठक होगी, साथ ही निर्यातकों, निदेशकों और अन्य हितधारकों के साथ भी उनकी चर्चा होगी. इस संवाद में फल निर्यात बढ़ाने, बाजार की चुनौतियों को समझने और बेहतर रणनीति बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. इससे देश के फल कारोबार को मजबूत करने और किसानों को बेहतर अवसर दिलाने की दिशा में मदद मिलेगी.
वहीं, 7 मई को मुख्य कार्यक्रम आईसीएआर के केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, रहमानखेड़ा, लखनऊ में आयोजित होगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 10 बजे से किसानों, पौधशाला से जुड़े लोगों और प्रसंस्करण क्षेत्र के हितधारकों के साथ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह का संवाद होगा.
इसके बाद मुख्य सत्र होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह भी भाग लेंगे. कार्यक्रम के व्यापक एजेंडे में गुणवत्ता, निर्यात, वैल्यू एडिशन, जीरो रिजेक्शन, एफपीओ, एफपीसी और एसएचजी की भूमिका जैसे विषय भी शामिल हैं. यह आयोजन फल क्षेत्र में नई सोच, नई तकनीक और नए बाजार अवसरों के रास्ते खोलने वाला है.
लखनऊ में होने वाला यह आयोजन उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के फल क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में अहम कदम साबित होगा. कार्यक्रम में कई वरिष्ठ वैज्ञानिक, केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
ये भी पढ़ें-
MP News: गेहूं खरीदी पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, 7 मई को 747 KM लंबा नेशनल हाईवे होगा जाम
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today