IGKV में BSc कृषि में एडमिशन के लिए काउंसलिंग शुरू, 18 अगस्त को होगा सीट आवंटन

IGKV में BSc कृषि में एडमिशन के लिए काउंसलिंग शुरू, 18 अगस्त को होगा सीट आवंटन

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में बीएससी कृषि (ऑनर्स) सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग 5 अगस्त से शुरू हो रही है. प्रथम चरण का सीट आवंटन 18 अगस्त को होगा, जबकि स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग 25 अगस्त से शुरू होगी.

Advertisement
IGKV में BSc कृषि में एडमिशन के लिए काउंसलिंग शुरू, 18 अगस्त को होगा सीट आवंटन

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) के अंतर्गत संचालित शासकीय एवं निजी कृषि महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बी.एससी. कृषि (ऑनर्स) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 5 अगस्त से शुरू हो रही है.नवीन शिक्षा नीति-2020 के तहत आयोजित इस प्रवेश प्रक्रिया का पहला चरण 5 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक चलेगा.

18 अगस्त को होगा सीट और कॉलेज का आवंटन

प्रथम चरण में जिन अभ्यर्थियों का ऑनलाइन शुल्क भुगतान किसी कारणवश सफल नहीं हो पाया है, वे 16 अगस्त को दोबारा शुल्क जमा कर सकेंगे. इसके बाद 18 अगस्त को पीएटी परीक्षा की मेरिट सूची के आधार पर अभ्यर्थियों को प्रोविजनल सीट और महाविद्यालय का ऑनलाइन आवंटन किया जाएगा.

20 से 22 अगस्त तक होंगे दस्तावेजों का सत्यापन

सीट आवंटन के बाद अभ्यर्थियों को 20 से 22 अगस्त के बीच कृषि महाविद्यालय, रायपुर में सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा. वहीं, आवंटित सीट सुरक्षित रखने के लिए 20 से 23 अगस्त तक ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा.

20 से 24 अगस्त तक कर सकेंगे आवेदन या सीट निरस्त

यदि किसी अभ्यर्थी को सीट आवंटित होने के बाद भी वह उसे सुरक्षित नहीं कर पाता और अगले चरण की काउंसलिंग में भाग लेना चाहता है, तो उसे 20 से 24 अगस्त (रात्रि 11:30 बजे तक) ऑनलाइन आवेदन करना होगा. जिन अभ्यर्थियों को प्रथम चरण में कोई सीट नहीं मिली है, वे भी इसी अवधि में स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए आवेदन कर सकेंगे.

इसी अवधि में वे अभ्यर्थी, जो सीट सुरक्षित करने के बाद प्रवेश नहीं लेना चाहते हैं, अपनी सीट ऑनलाइन निरस्त भी कर सकेंगे.

25 अगस्त से शुरू होगी स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग

विश्वविद्यालय 25 अगस्त को आवंटित एवं रिक्त सीटों की जानकारी जारी करेगा.इसी दिन स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची भी वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी.

स्पॉट काउंसलिंग के तहत 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का आवंटन किया जाएगा.इन दोनों दिनों में अभ्यर्थियों को कृषि महाविद्यालय, रायपुर में उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन और ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा.

2 सितंबर को होगी कन्वर्शन काउंसलिंग

कन्वर्शन काउंसलिंग 2 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी.इस दिन सीट आवंटन, दस्तावेज सत्यापन तथा ऑनलाइन शुल्क जमा करने की पूरी प्रक्रिया कृषि महाविद्यालय, रायपुर में संपन्न होगी.विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे काउंसलिंग से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों और अद्यतन जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करें.

POST A COMMENT