जयपुर में 6 करोड़ का एक्‍सपायर्ड कैचप, मेयोनीज और नूडल जब्‍त, तारीख बदलकर बेचने की थी तैयारी

जयपुर में 6 करोड़ का एक्‍सपायर्ड कैचप, मेयोनीज और नूडल जब्‍त, तारीख बदलकर बेचने की थी तैयारी

जयपुर में फूड सेफ्टी को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है. नामी ब्रांड के नाम से जुड़े करोड़ों के एक्सपायर्ड फूड प्रोडक्ट जब्त किए गए हैं. जांच में सामने आया कि तारीख बदलकर इन्हें बाजार में खपाने की तैयारी थी.

Advertisement
जयपुर में 6 करोड़ का एक्‍सपायर्ड कैचप, मेयोनीज और नूडल जब्‍त, तारीख बदलकर बेचने की थी तैयारीकार्रवाई में एक्‍सपायर्ड खाद्य पदार्थ जब्‍त

राजस्‍थान में राजधानी जयपुर में फूड सेफ्टी को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने देश की जानी-मानी अमूल कंपनी के नाम से जुड़े 6 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के एक्सपायरी फूड प्रोडक्ट जब्त किए हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस एक्सपायरी माल को बाजार में दोबारा बेचने के लिए यूट्यूब से तारीख बदलने का तरीका सीखा और फिर जानलेवा जहर रूपी फूड प्रोडक्ट को वापस नया बनाने की तैयारी थी.

सीएमएचओ जयपुर सेकंड की फूड सेफ्टी टीम ने बुधवार को खो-नागोरियान इलाके में स्थित एक C&F गोदाम पर छापा मारा. यह गोदाम मैसर्स एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर के नाम से संचालित किया जा रहा था. टीम को यह कार्रवाई 181 पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर करनी पड़ी.

रेड में ये सामान एक्‍सपायर्ड मिले

शिकायत में आशंका जताई गई थी कि गोदाम में एक्सपायरी फूड प्रोडक्ट रखे गए हैं. छापेमार के दौरान टीम को गोदाम में अमूल ब्रांड के नूडल्स, टोमैटो केचअप, मेयोनीज और एनर्जी ड्रिंक से भरे करीब 3000 कार्टन मिले. इन सभी कार्टन की कुल कीमत 6 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है.

केमिकल से मिटाई एक्‍सपायरी डेट

फूड सेफ्टी टीम की जांच में साफ हुआ कि गोदाम में रखा गया पूरा स्टॉक एक्सपायरी हो चुका था. इतना ही नहीं, करीब 1000 कार्टन में पैकेट्स पर छपी मैन्युफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट को पूरी तरह मिटा दिया गया था. टीम ने मौके पर देखा कि पैकेट्स से तारीख हटाने के लिए थिनर, एसीटोन जैसे केमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा था और उन पर नई तारीख प्रिंट करने की तैयारी थी.

संचालक ने कबूली डेट बदलने की बात

मौके पर मौजूद C&F संचालक गगन आहूजा से जब पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि गुजरात की जिस कंपनी से यह माल आया था और उसने एक्सपायरी स्टॉक वापस लेने से मना कर दिया था. ऐसे में नुकसान से बचने के लिए उन्होंने यूट्यूब पर वीडियो देखकर पैकेट्स पर डेट बदलने और दोबारा बेचने का तरीका सीखा.

फर्म का लाइसेंस भी एक्‍सपायर हो चुका

जांच में यह भी सामने आया कि मैसर्स एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर फर्म का फूड लाइसेंस भी पहले ही एक्सपायर हो चुका था. इसके बावजूद बड़े पैमाने पर फूड स्टॉक का संचालन किया जा रहा था. फिलहाल फूड सेफ्टी टीम ने मौके पर पूरा एक्सपायरी माल सीज कर दिया है और बिक्री पर रोक लगा दी है. (विशाल शर्मा की रिपोर्ट)

POST A COMMENT