Crop Sowing: मॉनसून की बेरुखी से सुस्त पड़ी खेती की रफ्तार, किस फसल पर सबसे ज्यादा पड़ी मार?

Crop Sowing: मॉनसून की बेरुखी से सुस्त पड़ी खेती की रफ्तार, किस फसल पर सबसे ज्यादा पड़ी मार?

देश के कई हिस्सों में मॉनसून की धीमी रफ्तार का असर खरीफ फसलों की बुवाई पर साफ दिखाई दे रहा है. 5 जुलाई 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार खरीफ की कई प्रमुख फसलों का रकबा पिछले साल के मुकाबले कम रहा है.

Advertisement
Crop Sowing: मॉनसून की बेरुखी से सुस्त पड़ी खेती की रफ्तार, किस फसल पर सबसे ज्यादा पड़ी मार?खरीफ फसलों की बुवाई में कमी

देश में जून के महीने में मॉनसून की सुस्त रफ्तार और सूखे के हालात ने खरीफ फसलों की बुवाई को तगड़ा झटका दिया है. केंद्रीय कृषि मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस साल 5 जुलाई तक देश में खरीफ फसलों का कुल रकबा पिछले साल के मुकाबले लगभग 92 लाख हेक्टेयर पिछड़ गया है. 4 जून से 4 जुलाई तक सामान्य से करीब 33 फीसदी कम बारिश के चलते मिट्टी में नमी की भारी कमी रही, जिससे किसानों को बुवाई टालनी पड़ी. इसका सबसे गंभीर असर देश की मुख्य नकदी फसल सोयाबीन और धान पर पड़ा है, जिनकी बुवाई में भारी गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, जुलाई की शुरुआत में मॉनसून के एक्टिव होने से उम्मीद जरूर जगी है, लेकिन कृषि विशेषज्ञों ने देर से होने वाली बुवाई के कारण फसलों की पैदावार घटने की चिंता जताई है.

धान की बुवाई में कमी

कृषि मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस साल धान की रोपाई 60.24 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हुई है, जबकि पिछले साल इसी समय तक यह 69.30 लाख हेक्टेयर थी. यानी इस साल धान का रकबा 9.06 लाख हेक्टेयर कम रहा. हालांकि, खरीफ सीजन अभी जारी है, इसलिए आने वाले दिनों में इसमें बढ़ोतरी की उम्मीद की जा रही है.

दालों का भी रकबा घटा

दालों की बुवाई भी पिछले साल के मुकाबले धीमी रही है. इस साल 5 जुलाई तक 37.15 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में दालों की बुवाई हुई है, जबकि पिछले वर्ष इसी समय में यह 47.49 लाख हेक्टेयर थी. यानी 10.34 लाख हेक्टेयर की कमी दर्ज की गई. वहीं, अरहर का रकबा 21 लाख हेक्टेयर से घटकर 12.35 लाख हेक्टेयर रह गया है. इसके अलावा उड़द की बुवाई 4.63 लाख हेक्टेयर से घटकर 3.01 लाख हेक्टेयर और मूंग का रकबा 17.20 लाख हेक्टेयर से घटकर 16.81 लाख हेक्टेयर रहा है. वहीं, मोठ की बुवाई में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

मोटे अनाज की खेती भी पीछे

श्री अन्न यानी मोटे अनाज की बुवाई भी पिछले साल की तुलना में कम हुई है. इस वर्ष 60.12 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में मोटे अनाज की खेती हुई है, जबकि पिछले साल यह 71.86 लाख हेक्टेयर थी. वहीं, सबसे अधिक गिरावट बाजरा में दर्ज की गई है, जिसका रकबा 30 लाख हेक्टेयर से घटकर 20.82 लाख हेक्टेयर रह गया. साथ ही मक्का की खेती भी 35 लाख हेक्टेयर से घटकर 32.94 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गई है.

तिलहन का रकबा घटा

तिलहनों की बुवाई में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली है. इस साल 66.31 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में तिलहन की खेती हुई है, जबकि पिछले साल इसी समय में यह 109.27 लाख हेक्टेयर थी. यानी 42.96 लाख हेक्टेयर की कमी दर्ज की गई है. इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह सोयाबीन की खेती में कमी है. सोयाबीन का रकबा 79.20 लाख हेक्टेयर से घटकर 47.80 लाख हेक्टेयर रह गया है. वहीं, मूंगफली का रकबा भी 28 लाख हेक्टेयर से घटकर 16.93 लाख हेक्टेयर पर आ गया है. हालांकि, सूरजमुखी और अरंडी की बुवाई में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

कपास का रकबा भी घटा

देश में कपास की बुवाई भी पिछले साल की तुलना में कम रही है. इस वर्ष 63.18 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में कपास की खेती हुई, जबकि पिछले साल इसी समय तक यह 82 लाख हेक्टेयर थी. यानी करीब 18.82 लाख हेक्टेयर की कमी दर्ज की गई है.

गन्ना और जूट की खेती में बढ़त

जहां कई फसलों का रकबा घटा है. वहीं, गन्ने की खेती में बढ़ोतरी देखने को मिली है. इस साल 57.58 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की बुवाई हुई है, जबकि पिछले साल यह 56.72 लाख हेक्टेयर थी. यानी 0.85 लाख हेक्टेयर की बढ़ोतरी हुई है. इसी तरह जूट और मेस्टा का रकबा भी 6.16 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 6.28 लाख हेक्टेयर हो गया है. 

POST A COMMENT