गन्ना किसानों के लिए नई उम्मीदगुजरात में वैज्ञानिक, सतत और प्रौद्योगिकी आधारित गन्ना खेती को बढ़ावा देने के लिए इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) और जैन इरिगेशन सिस्टम्स लिमिटेड (जेआईएसएल) ने साझेदारी की है. दोनों कंपनियों ने 8 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित आईपीएल के कॉर्पोरेट कार्यालय में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए. इस पहल का उद्देश्य आधुनिक तकनीकों के जरिए गन्ना उत्पादन बढ़ाने, जल उपयोग दक्षता में सुधार करने और किसानों की आय बढ़ाने में मदद करना है.
एमओयू के तहत गुजरात में ड्रिप सिंचाई प्रणालियों का सर्वेक्षण, डिजाइन, आपूर्ति और स्थापना की जाएगी. इसके साथ ही किसानों के क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण और खेतों में प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान आधुनिक गन्ना खेती की तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें.
समझौते के तहत आईपीएल और जेआईएसएल सतत गन्ना खेती के लिए कुशल सिंचाई और फर्टिगेशन तकनीकों को बढ़ावा देंगे. आधुनिक सिंचाई समाधान, सटीक कृषि इनपुट प्रबंधन और उन्नत कृषि पद्धतियों का खेत स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा. किसानों के ज्ञान और विश्वास को मजबूत करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं और खेतों में प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे.
यह पहल चीनी उत्पादन बढ़ाने और जल उपयोग दक्षता में सुधार के राष्ट्रीय उद्देश्यों को भी समर्थन देगी. इसके अलावा पात्र किसानों को माइक्रो इरिगेशन सिस्टम अपनाने के लिए लोन और सरकारी सब्सिडी उपलब्ध कराने में मदद की जाएगी, जिससे उत्पादन, फसल की क्वालिटी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी.
दोनों कंपनियों ने कहा कि यह साझेदारी नवीन तकनीकों और व्यावहारिक समाधानों के जरिए गन्ना किसानों को सशक्त बनाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है. इस पहल से उत्पादकता बढ़ाने के साथ बहुमूल्य जल संसाधनों का संरक्षण होगा और गुजरात में सतत कृषि विकास को बढ़ावा मिलेगा.
जैन इरिगेशन सिस्टम्स लिमिटेड के स्टेट हेड–गुजरात, गिरधर लोह ने कहा कि यह साझेदारी गन्ना खेती में ड्रिप सिंचाई को तेजी से अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. उन्होंने कहा कि इससे जल उपयोग दक्षता बढ़ेगी, फसल उत्पादकता में सुधार होगा, खेती की लागत कम होगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी. इसके साथ ही यह भारत के चीनी और जैव ईंधन क्षेत्र के सतत विकास को भी मजबूती देगी.
बता दें कि इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) संस्थागत स्वामित्व वाली और पेशेवर रूप से संचालित कंपनी है, जो उच्च व्यावसायिक नैतिक मूल्यों के साथ काम करती है. यह देश के प्रमुख कृषि एवं पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर समूहों में शामिल है और भारत में उर्वरकों का सबसे बड़ा आयातक, सप्लायर और डिस्ट्रीब्यूटर है. कंपनी चीनी, जैव ईंधन और इनके सह-उत्पादों समेत अन्य जुड़े हुए क्षेत्रों में भी सक्रिय है.
आईपीएल की किसान हितैषी गतिविधियों को देशभर के किसानों से सराहना मिली है. उर्वरकों पर गठित शिवरामन समिति और राष्ट्रीय कृषि आयोग ने भी कंपनी के कामों की तारीफ की है.
वहीं, जैन इरिगेशन सिस्टम्स लिमिटेड (जेआईएसएल) एक भारतीय बहुराष्ट्रीय कंपनी है. कंपनी के दुनियाभर में 12,000 से अधिक सहयोगी हैं और इसका वार्षिक कारोबार करीब एक अरब अमेरिकी डॉलर का है. इसके 30 स्थानों पर मैन्यूफेक्चरिंग प्लांट लगे हैं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today