किसान की सफलता की कहानीबिहार में अब किसान सिर्फ खेती तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती से जुड़े व्यवसायों में भी नई मिसाल कायम कर रहे हैं. औरंगाबाद जिले के किसान गुल सनोबर ने इसका बेहतरीन उदाहरण पेश किया है. उन्होंने केले को वैज्ञानिक तरीके से पकाने के लिए राइपनिंग चैंबर बनाई है. इस आधुनिक तकनीक की मदद से वे न केवल अच्छी कमाई कर रहे हैं, बल्कि कई लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं. आइए जानते हैं उनकी सफलता की कहानी.
गुल सनोबर बिहार के औरंगाबाद जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने पारंपरिक तरीके की बजाय आधुनिक तकनीक को अपनाया और केले के व्यवसाय में राइपनिंग चैंबर की शुरुआत की. इस तकनीक से केले को प्राकृतिक प्रक्रिया के अनुसार नियंत्रित तापमान और उचित वातावरण में पकाया जाता है. इससे फल की क्वालिटी बेहतर रहती है और बाजार में उसकी अच्छी कीमत मिलती है.
इस प्रोजेक्ट को शुरू करने के लिए किसान गुल सनोबर ने करीब 77 लाख रुपये का निवेश किया. यह निवेश राइपनिंग चैंबर, कोल्ड स्टोरेज जैसी आधुनिक सुविधाओं और अन्य जरूरी मशीनों पर किया गया. शुरुआत में निवेश बड़ा जरूर था, लेकिन आज यही तकनीक उनके लिए अच्छी कमाई का जरिया बन चुकी है. इस आधुनिक तकनीक से गुल सनोबर को हर साल लगभग 8 लाख रुपये की कमाई हो रही है. पारंपरिक तरीके की तुलना में यह व्यवसाय अधिक व्यवस्थित और लाभदायक साबित हुआ है. आधुनिक तकनीक ने उनके कारोबार को नई पहचान दी है और आमदनी भी कई गुना बढ़ाई है.
राइपनिंग चैंबर की सबसे बड़ी खासियत इसकी उत्पादन क्षमता है. इस यूनिट में प्रतिदिन लगभग 3 टन केले वैज्ञानिक तरीके से पकाए जा सकते हैं. इससे बाजार की मांग के अनुसार लगातार अच्छे क्वालिटी वाले केले उपलब्ध कराए जा रहे हैं. नियंत्रित वातावरण में पकने के कारण केले का रंग, स्वाद और क्वालिटी बेहतर रहती है और खराब होने की संभावना भी कम हो जाती है. वहीं, यह युनिट सिर्फ एक किसान तक सीमित नहीं है. बल्कि इस राइपनिंग चैंबर को चलाने के लिए गुल सनोबर ने 7 लोगों को रोजगार भी दिया है. इससे स्थानीय युवाओं को गांव में ही रोजगार का अवसर मिल रहा है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है.
राइपनिंग चैंबर एक ऐसी आधुनिक तकनीक है, जिसमें केले जैसे फलों को नियंत्रित तापमान, नमी और गैस के संतुलित वातावरण में पकाया जाता है. इससे फल समान रूप से पकते हैं, उनका स्वाद और क्वालिटी बनी रहती है और नुकसान भी कम होता है. यह तरीका पारंपरिक और असुरक्षित तरीकों की तुलना में अधिक सुरक्षित और वैज्ञानिक माना जाता है.
गुल सनोबर की सफलता अब आसपास के किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रही है. उनकी इस पहल से यह साबित हुआ है कि यदि किसान खेती के साथ आधुनिक तकनीक और वैल्यू एडिशन को जोड़ें, तो कमाई कई गुना बढ़ाई जा सकती है. इससे न केवल किसानों की आय बढ़ती है बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं. वैसे भी बिहार में बागवानी और कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है. राइपनिंग चैंबर जैसी सुविधाएं किसानों को बेहतर बाजार, अच्छी क्वालिटी और अधिक मुनाफा दिलाने में मदद कर रही हैं. गुल सनोबर की सफलता यह संदेश देती है कि आज के समय में सिर्फ फसल उगाना ही नहीं, बल्कि उसे वैज्ञानिक तरीके से तैयार कर बाजार तक पहुंचाना भी किसानों की कमाई बढ़ाने का बड़ा माध्यम बन सकता है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today