नकली खाद का बड़ा खेल बेनकाबगुजरात के आणंद जिले में किसानों के साथ बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. अच्छी फसल और ज्यादा पैदावार का लालच देकर किसानों को नकली खाद बेची जा रही थी. करीब एक महीने पहले SOG आणंद ने इस मामले में छापेमारी की थी. अब खाद के नमूनों की लैब रिपोर्ट आ गई है, जिसमें पता चला है कि खाद तय मानकों पर खरी नहीं उतरी और पूरी तरह फेल हो गई. रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है. छापेमारी के दौरान लाखों रुपये का नकली खाद और अन्य सामान भी जब्त किया गया था. इस मामले ने किसानों की मेहनत और उनकी जमीन की सेहत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये धोखाधड़ी का खेल आणंद जिले के वडोद-नापाड रोड पर चल रहा था. एक सुनसान गोदाम में नकली खाद की फैक्ट्री धड़ल्ले से चल रही थी. लेकिन SOG आणंद की टीम को इसकी भनक लग गई. एक गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस ने इस गोदाम पर रेड मारी, तो वहां का नजारा देखकर खुद पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए. गोदाम के अंदर बड़ी-बड़ी नामी कंपनियों की खाली बोरियां पड़ी थीं, पैकिंग की मशीनें थीं और भारी मात्रा में केमिकल और संदिग्ध खाद का जखीरा मौजूद था. यानी असली का ठप्पा लगाकर नकली खाद को बाजार में खपाने की पूरी तैयारी थी.
जब पुलिस ने गोदाम में कार्रवाई शुरू की, तो बड़ी मात्रा में नकली खाद और उससे जुड़ा सामान बरामद हुआ. पुलिस को वहां से 3,454 बोरियां नकली खाद मिली, इसके अलावा, मशहूर कंपनियों के नाम वाले 15,090 खाली प्लास्टिक बैग भी बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल नकली खाद पैक करने में किया जा रहा था. छापेमारी के दौरान एक मिक्सर मशीन, सिलाई मशीन और माल की सप्लाई में इस्तेमाल होने वाला एक ट्रक भी जब्त किया गया. पुलिस ने कुल मिलाकर 18 लाख रुपये से ज्यादा का सामान जब्त किया. कार्रवाई के बाद कृषि विभाग की विशेषज्ञ टीम को मौके पर बुलाया गया. टीम ने खाद के नमूने लिए और उनकी जांच के लिए लैब में भेज दिया.
एक महीने के लंबे इंतजार के बाद जब लैब की टेस्ट रिपोर्ट सामने आई, तो पुलिस के शक पर मुहर लग गई. खाद पूरी तरह नकली और मिलावटी थी. रिपोर्ट आते ही पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आई. इस पूरे काले कारोबार के मास्टरमाइंड... भावनगर के रहने वाले रघुवीरभाई मनसुखभाई सोलंकी के खिलाफ वासद पुलिस स्टेशन में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इस नकली खाद के सिंडिकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं.
चंद रुपयों के मुनाफे के लिए किसानों की फसल और जमीन की उर्वरता को बर्बाद करने वाले इस गिरोह को दबोचने में SOG आणंद के PI बी.एम. माली, PSI एच.आर. प्रजापति और उनकी टीम ने बड़ी भूमिका निभाई है. फिलहाल, मास्टरमाइंड पुलिस की रडार पर है और इस रैकेट के बाकी चेहरों को बेनकाब करने के लिए जांच की आंच तेज कर दी गई है. (हेताली एम. शाह की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today