Sonalika Tractors: सोनालीका ट्रैक्टर्स का दमदार प्रदर्शन, फरवरी 2026 में बेचे 12,890 ट्रैक्टर

Sonalika Tractors: सोनालीका ट्रैक्टर्स का दमदार प्रदर्शन, फरवरी 2026 में बेचे 12,890 ट्रैक्टर

सोनालीका ट्रैक्टर्स ने फरवरी 2026 में 12,890 ट्रैक्टर बेचकर नया रिकॉर्ड बनाया है. 30 वर्ष पूरे होने के बीच आई यह उपलब्धि कंपनी के लिए खास मानी जा रही है.

Advertisement
Sonalika Tractors: सोनालीका ट्रैक्टर्स का दमदार प्रदर्शन, फरवरी 2026 में बेचे 12,890 ट्रैक्टरसोनालीका ट्रैक्‍टर

कृषि मशीनीकरण के क्षेत्र में 30 वर्ष पूरे कर रही सोनालीका ट्रैक्टर्स ने वित्त वर्ष 2026 के फरवरी माह में 12,890 ट्रैक्टरों की कुल बिक्री दर्ज कर अब तक का सर्वाधिक मासिक आंकड़ा हासिल किया है. कंपनी ने इसे अपने तीन दशक के सफर में एक अहम मील का पत्थर बताया और कहा कि यह उपलब्धि किसानों के भरोसे और मजबूत बाजार रणनीति का प्रतिफल है. कंपनी ने एक बयान में कहा कि देश के अलग अलग क्षेत्रों में आधुनिक और किफायती कृषि तकनीकों की मांग तेजी से बढ़ रही है.

सोनालीका ने लगातार इनोवेशन पर जोर दिया

इसी बदलते परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए सोनालीका ने लगातार इनोवेशन पर जोर दिया है. किसानों से सीधा संवाद, उनकी जरूरतों के अनुरूप उत्पाद विकास और मजबूत डीलर नेटवर्क के जरिए कंपनी ने बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत की है. भारतीय कृषि क्षेत्र इस समय परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है.

सरकारी नीतियों का सहयोग, डिजिटल पहलों के माध्यम से बढ़ता मशीनीकरण, आसान लोन सुविधा और ग्रामीण बुनियादी ढांचे में निवेश से किसानों की आय और उत्पादकता में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है. ऐसे माहौल में ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों की मांग में भी स्थिर वृद्धि देखी जा रही है. 

सोनालीका गोल्ड सीरीज की पेशकश

कंपनी ने कहा कि उसने वैश्विक स्तर की इंजीनियरिंग को अपनाते हुए भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर अपने उत्पादों को तैयार किया है. हाल ही में पेश की गई सोनालीका गोल्ड सीरीज को खेतों की वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप डिजाइन किया गया है, जो बेहतर प्रदर्शन और दीर्घकालिक उपयोग का भरोसा देती है.

कंपनी के जेएमडी ने कही ये बात

इस उपलब्धि पर इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर रमन मित्तल ने कहा कि असली ‘जीतने का दम’ किसानों में है, जो प्रतिदिन अपने खेतों में मेहनत कर देश की खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाते हैं. उन्होंने कहा कि 30वें वर्ष के फरवरी माह में 12,890 ट्रैक्टरों की रिकॉर्ड बिक्री कंपनी के लिए गर्व का विषय है और यह किसानों के साथ उसके मजबूत संबंधों को दर्शाती है.

कंपनी ने कहा कि यह सफलता सिर्फ बिक्री का आंकड़ा नहीं, बल्कि कृषि क्षेत्र में तकनीकी प्रगति और किसानों के बढ़ते विश्वास का संकेत है. आने वाले समय में भी सोनालीका नवाचार, गुणवत्ता और सेवा के माध्यम से कृषि मशीनीकरण को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है.

POST A COMMENT