केसर आम की नीलामी शुरूगुजरात के सोमनाथ जिले के तलाला गिर आम बाजार में रविवार से मशहूर केसर आमों की नीलामी शुरू हो गई है. केसर आम के लिए देशभर में प्रसिद्ध तलाला में हर साल की तरह इस बार भी नीलामी की शुरुआत खास अंदाज में हुई. परंपरा के अनुसार पहले तीन बॉक्स गौशाला को समर्पित किए गए, जिनकी बोली लगाकर बिक्री की गई. पहले बॉक्स की सबसे ऊंची बोली 11,111 रुपये लगी, जो गौशाला की गायों के चारे के लिए दी गई. दूसरे बॉक्स की बोली 9,000 रुपये और तीसरे बॉक्स की बोली 6,000 रुपये लगी.
तलाला गिर को केसर आमों का प्रमुख केंद्र माना जाता है. यहां हर साल बड़ी संख्या में किसान और व्यापारी पहुंचते हैं. बाजार समिति के अनुसार, पहले दिन नीलामी को लेकर अच्छा उत्साह देखने को मिला. 10 किलो के एक बॉक्स की औसत कीमत क्वालिटी के हिसाब से 600 रुपये से 1,200 रुपये के बीच रही. वहीं, अच्छे रंग, आकार और स्वाद वाले आमों को बेहतर दाम मिले.
मैंगो मार्केट के चेयरमैन संजय शिंगला और व्यापारियों ने बताया कि पहले दिन बाजार में अच्छी खरीदारी हुई है. उम्मीद जताई गई कि पहले दिन करीब 5 हजार से 8 हजार पेटियों की नीलामी हो सकती है. इससे किसानों और व्यापारियों दोनों में उत्साह था.
हालांकि किसानों का कहना है कि इस साल आम का उत्पादन पिछले साल की तुलना में कम रहने की संभावना है. मौसम में बदलाव और फूल आने के समय हुई दिक्कतों के कारण पैदावार पर असर पड़ा है. फिलहाल बाजार में दाम अच्छे मिल रहे हैं, जिससे किसानों को राहत है. लेकिन किसानों को यह भी चिंता है कि जैसे-जैसे बाजार में आम की आवक बढ़ेगी, कीमतों में गिरावट आ सकती है.
किसानों ने बताया कि इस साल आम में फ्लावरिंग तीन चरणों में हुई है. इसी वजह से इस बार सीजन लंबा चलने की संभावना है. इसका मतलब यह है कि बाजार में लंबे समय तक आम की सप्लाई बनी रह सकती है. बता दें कि सौराष्ट्र क्षेत्र में हर साल करीब 3 लाख 34 हजार 984 मीट्रिक टन केसर आम का उत्पादन होता है.
अब सबकी नजर इस साल के कारोबार और सीजन के आखिर तक केसर आम के दामों पर टिकी हुई है. (दिलीपभाई पुंजाभाई मोरी की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today