
केंद्र सरकार ने प्याज का एक्सपोर्ट इसलिए बैन किया था ताकि घरेलू मार्केट में उपलब्धता बढ़े और उसका दाम नियंत्रण में रहे. लेकिन अब जब इस आदेश को एक महीने होने को हैं तब बाजार में एक बार फिर तेजी दिखने लगी है. जबकि एक्सपोर्ट बैन के तुरंत बाद और उसके दूसरे सप्ताह में प्याज के दाम काफी गिर गए थे.

निर्यात बंदी के तुरंत बाद जहां महाराष्ट्र की मंडियों में एक से पांच रुपये किलो के निचले स्तर पर इसका न्यूनतम दाम आ गिरा था वहीं तीन जनवरी को अब इसका न्यूनतम दाम दाम 500 से लेकर 1500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया था. अधिकतम दाम 2000 से 3500 रुपये क्विंटल तक पहुंच गया था. आखिर इसकी वजह क्या है कि एक्सपोर्ट बैन के बाद दाम गिरकर फिर उठने लगे. किसानों के लिए यह अच्छे संकेत दिखाई दे रहे हैं.

बाजार के जानकारों का कहना है कि इसके पीछे एक वजह यह है कि किसान फसल थोड़ी रोक कर मंडी में ले जा रहे हैं, जिससे आवक कम हुई है. हालांकि खरीफ की फसल बहुत ज्यादा दिन तक वो नहीं रोक पाएंगे. क्योंकि यह स्टोर करने लायक नहीं होती.

एक और वजह ट्रकों की हड़ताल को बता रहे हैं. क्योंकि इसकी वजह से सप्लाई ब्रेक हुई है. वैसे सरकार की कोशिश है कि किसी भी कीमत पर लोकसभा चुनाव तक प्याज का दाम न बढ़े क्योंकि दाम बढ़ेगा तो इसका चुनाव परिणाम पर असर दिख सकता है.

केंद्र सरकार ने 7 दिसंबर को देर रात प्याज एक्सपोर्ट पर बैन लगा दिया था. इसके खिलाफ किसानों और एक्सपोर्टरों में सरकार के खिलाफ नाराजगी है. इसको लेकर के महाराष्ट्र की राजनीति भी गर्म है. विपक्ष किसानों के साथ खड़ा नजर दिख रहा है जबकि सत्ता में बैठे नेता सिर्फ यह बात कह रहे हैं कि वह वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से मिलकर मामले का समाधान करवाएंगे. लेकिन उनके मिलने जुलने का कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है.

अगस्त 2023 से ही सरकार की कोशिश यही हो रही है कि किसी भी तरह से प्याज का दाम नहीं बढ़े. इसके लिए उन्होंने पहले प्याज पर 40% एक्सपोर्ट ड्यूटी लगाई. उससे भी बात नहीं बनी तो 800 डॉलर प्रति मीट्रिक टन का न्यूनतम निर्यात मूल्य तय किया. उससे भी बात नहीं बनी तो एक्सपोर्ट पर ही बैन लगा दिया.

सोलापुर की अकलुज मंडी में 3 जनवरी को सिर्फ 440 क्विंटल प्याज की आवक हुई. जिसकी वजह से न्यूनतम दाम 500, अधिकतम 2800 जबकि मॉडल प्राइस 1800 रुपये रहा.
कोल्हापुर मंडी में 6944 क्विंटल प्याज बिकने आया. यहां न्यूनतम दाम 500, अधिकतम 2600 और मॉडल प्राइस 1400 रुपये प्रति क्विंटल रहा.
महाराष्ट्र एग्रीकल्चरल मार्केटिंग बोर्ड के अनुसार सतारा में 3 जनवरी को न्यूनतम दाम 1000, अधिकतम 3500 और मॉडल प्राइस 2250 रुपये क्विंटल रहा.
लासलगांव मंडी में 17470 क्विंटल प्याज की आवक हुई. यहां न्यूनतम दाम 800, अधिकतम 2100 और मॉडल प्राइस 1970 रुपये प्रति क्विंटल रहा.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today