उत्तर भारत में बारिश का दौर जारी, IMD की यूपी-उत्तराखंड में चेतावनी, जानें देशभर में कैसा रहेगा मौसम

उत्तर भारत में बारिश का दौर जारी, IMD की यूपी-उत्तराखंड में चेतावनी, जानें देशभर में कैसा रहेगा मौसम

उत्तर भारत में बारिश का दौर अभी जारी रहेगा. IMD ने 28 सितंबर को उत्तराखंड में भारी बारिश और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश की संभावना जताई है. मध्य प्रदेश, बिहार, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक का सिलसिला बने रहने का अनुमान है.

aaj ka mausam heavy rain alertaaj ka mausam heavy rain alert
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Sep 28, 2026,
  • Updated Sep 28, 2026, 7:00 AM IST

मॉनसून की वापसी के बीच देश के कई हिस्सों में अभी बारिश का दौर जारी है. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ घंटे मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं, जहां भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि म्यांमार के तट के पास नया लो प्रेशर एरिया बन गया है, जो आगे बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ेगा. IMD के मुताबिक 28 सितंबर से उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर, मध्य भारत और दक्षिणी राज्यों तक कई जगह बारिश और गरज-चमक का सिलसिला बना रहेगा. 

वहीं, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून वापसी की प्रोसेस आगे बढ़ रही है. IMD के अनुसार, मॉनसून वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होते हुए अरब सागर तक बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में 28 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है. व‍िभाग ने उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. हिमाचल प्रदेश में भी अलग-अलग हिस्‍सों में भारी बारिश हो सकती है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

IMD के अनुसार, दिल्ली-NCR में 28 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दोनों तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है. इस दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं चल सकती हैं. 

29 सितंबर को दिल्ली में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. 30 सितंबर को भी आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

मध्य भारत में कई दिन बारिश के आसार

मौसम विभाग का कहना है कि मध्य भारत में 28 सितंबर से बारिश की गतिविधियां अलग-अलग इलाकों में जारी रह सकती हैं. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 30 सितंबर तक छिटपुट बारिश और गरज-चमक की संभावना है. 

पूर्वी मध्य प्रदेश में 1 अक्टूबर तक और विदर्भ में 2 अक्टूबर तक अलग-अलग इलाकों में बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 3 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच गरज और बिजली गिरने की संभावना भी बनी रहेगी.

पूर्वी भारत में बारिश और गरज-चमक

पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक कुछ जगहों पर बारिश जारी रह सकती है. झारखंड, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में 3 अक्टूबर तक अलग-अलग इलाकों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 3 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है. 

वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 28 और 29 सितंबर को व्यापक बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है. यहां 28 सितंबर तक तेज हवाओं के साथ थंडरस्क्वॉल की स्थिति बन सकती है, जिसमें हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

पूर्वोत्तर में भी बारिश का दौर

मौसम विभाग ने कहा है कि पूर्वोत्तर भारत में 28 सितंबर के बाद भी बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. अरुणाचल प्रदेश में 3 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. असम और मेघालय और नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 29 सितंबर तक और फिर 1 से 3 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना है. 

गुजरात, कोंकण और गोवा तथा मध्य महाराष्ट्र में 3 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं, यहां 28 से 30 सितंबर के दौरान तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है.

अक्टूबर की शुरुआत में बढ़ेगी बारिश

इधर, दक्षिण भारत में 28 सितंबर से बारिश कई इलाकों में जारी रहने की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 1 अक्टूबर तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 30 सितंबर तक बारिश जारी रहने के बाद 1 से 3 अक्टूबर के बीच कई स्थानों पर व्यापक बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 1 अक्टूबर तक तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है.

MORE NEWS

Read more!