किसानों को लोन देने से मना नहीं कर सकता बैंक, बस होना चाहिए यह सर्टिफिकेट

किसानों को लोन देने से मना नहीं कर सकता बैंक, बस होना चाहिए यह सर्टिफिकेट

सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. अब फार्मर ID की मदद से किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के जरिए लोन लेना पहले से काफी आसान हो गया है. इससे किसानों को कम समय में और कम कागजी प्रक्रिया के साथ लोन मिल सकेगा. आइए जानते हैं कैसे.

फार्मर IDफार्मर ID
संदीप कुमार
  • Noida,
  • Mar 20, 2026,
  • Updated Mar 20, 2026, 9:15 AM IST

सरकार ने किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. अब देश के किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन के लिए न तो बैंकों के चक्कर काटने पड़ेंगे और न ही लंबी लाइन में लगकर कागजी प्रक्रिया से गुजरना होगा. कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से सदन में दी गई जानकारी के अनुसार, अब फार्मर ID की मदद से किसानों कुछ ही मिनट में बिना किसी दस्तावेज के KCC लोन मिल जाएगा. यानी अब किसानों को लोन देने में बैंक वाले आनाकानी नहीं कर सकते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि डिजिटल फार्मर आईडी में किसानों की पूरी जानकारी पहले से ही दर्ज रहेगी. इसी डेटा के आधार पर बैंकों और संबंधित एजेंसियों कि ओर से  लोन की प्रक्रिया को बेहद आसान और तेज बनाया गया है.

क्या है फार्मर ID?

फार्मर आईडी (किसान आईडी) एक खास पहचान नंबर होता है, जो हर किसान को दिया जाता है। यह नंबर किसान के आधार कार्ड और जमीन के रिकॉर्ड से जुड़ा होता है. सरकार इसे AgriStack योजना के तहत बना रही है, ताकि किसानों को सरकारी योजनाओं जैसे पीएम-किसान और फसल बीमा का फायदा आसानी से और सीधे उनके खाते में मिल सके.  इसके अलावा बैंक और सरकारी विभागों को किसान की पूरी जानकारी एक ही जगह पर मिल सके.

Farmer ID से क्या है फायदा

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि Digital Agriculture Mission के तहत अब तक लगभग 9 करोड़ Farmer ID तैयार की जा चुकी हैं. किसान के पास किसान–आईडी होने पर बैंक में लोन स्वीकृत होने में “एक मिनट” से ज़्यादा नहीं लगना चाहिए, क्योंकि उसकी पूरी प्रोफाइल, जमीन, फसल और लेनदेन का डेटा डिजिटल रूप से उपलब्ध होगा. पहले किसान को बैंक के चक्कर काटने पड़ते थे, फाइलों–कागज़ों में पैसा और समय दोनों खर्च होते थे, लेकिन अब यह बाधा डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाई जा रही है. उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे और एग्री–स्टैक डेटा के उपयोग से PM–Kisan से लेकर MSP खरीद तक हर योजना में किसानों को लाभ मिलेगा.

KCC लोन लेना कैसे हुआ आसान?

पहले किसानों को लोन लेने के लिए कई तरह के दस्तावेज जमा करने पड़ते थे और प्रक्रियाएं लंबी होती थी. लेकिन अब फार्मर ID के जरिए, किसान की पहचान तुरंत हो जाती है. इसके अलावा जमीन और फसल की जानकारी आसानी से मिल जाती है, वहीं, कागजी काम कम हो जाता है, जिससे लोन जल्दी मंजूर हो जाता है.

ऑनलाइन फार्मर ID बनाने की प्रक्रिया

  • सबसे पहले अपने राज्य के संबंधित AgriStack पोर्टल पर जाएं.
  • 'Farmer Registration' या 'Create New Account' पर क्लिक करें.
  • अपना आधार नंबर दर्ज करें, मोबाइल पर आए ओटीपी (OTP) से सत्यापन (e-KYC) करें.
  • इसके बाद अपना नाम, उम्र और पता भरें.
  • फिर अपनी जमीन का विवरण (खसरा, खाता संख्या) दर्ज करें.
  • सभी जानकारी सबमिट करने के बाद, एक Reference Number मिलेगी. सत्यापन के बाद आपकी Farmer ID बन जाएगी.

ऑफलाइन फार्मर ID बनवाने की प्रक्रिया

  • फार्मर ID बनवाने के लिए अपने नजदीकी Common Service Center (CSC) या वसुधा केंद्र पर जाएं.
  • फिर पंचायत के कृषि समन्वयक या ब्लॉक कृषि कार्यालय से संपर्क करें.
  • इसके बाद ग्राम पंचायत स्तर पर लगने वाले विशेष कैंपों में जाकर भी रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है.

किसानों को क्या मिलेगा फायदा?

इस नई व्यवस्था से किसानों को कई फायदे मिलेंगे, जैसे, समय पर खेती के लिए पैसा मिल सकेगा, बैंक के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे, पारदर्शिता बढ़ेगी, छोटे और सीमांत किसानों को भी आसानी से लोन मिलेगा.

सरकार का क्या है उद्देश्य?

सरकार का मकसद है कि किसानों को बिना परेशानी के सस्ता और समय पर कर्ज मिले, ताकि वे खेती में निवेश कर सकें और अपनी आमदनी बढ़ा सकें. कुल मिलाकर, फार्मर ID और KCC का यह जुड़ाव किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है और खेती को और आसान बनाने की दिशा में एक अहम कदम है.

Frequently Asked Questions (FAQs)

1. फार्मर आईडी क्या है?
फार्मर आईडी एक डिजिटल पहचान है, जिसमें किसान की जमीन, फसल, बैंक और व्यक्तिगत जानकारी दर्ज होती है. इसके जरिए सरकारी योजनाओं और लोन का लाभ आसानी से मिलता है.

2. क्या सच में बिना दस्तावेज KCC लोन मिलेगा?
हां, फार्मर आईडी के माध्यम से किसान की सभी जानकारी पहले से उपलब्ध रहती है, इसलिए अलग से दस्तावेज देने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

3. KCC लोन कितने समय में मिलेगा?
नई व्यवस्था के तहत किसानों को कुछ ही मिनटों के भीतर KCC लोन स्वीकृत किया जा सकता है.

4. इस योजना का लाभ किन किसानों को मिलेगा?
शुरुआत में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जा रही है, लेकिन धीरे-धीरे सभी किसानों को इससे जोड़ा जाएगा.  

5. क्या इस योजना से बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी?
हां, डिजिटल सिस्टम के कारण किसान सीधे बैंक और सरकार से जुड़े रहेंगे, जिससे बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी.  

MORE NEWS

Read more!