
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में हुई असमय बारिश से किसानों की बर्बाद हुई फसल की जानकारी ली और अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसानों का हित सरकार की प्राथमिकता है. ऐसे में बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान का त्वरित आकलन कर राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें. मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिया कि राजस्व, कृषि विभाग व बीमा कंपनी फसल नुकसान का तत्काल कराएं. संयुक्त सर्वे कराकर फसल नुकसान की स्थिति से शासन को जानकारी कराएं, जिससे किसानों का तत्काल मुआवजा दिलाया जा सके.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है.आपदा में उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संवेदनशीलता के साथ कार्य करें और सुनिश्चित करें कि किसान को अनावश्यक परेशानी न हो. उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि फील्ड में रहकर स्थिति का जायजा लें और प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कराएं, जिससे किसानों को समय पर उचित सहायता मिल सके.
उधर, मुख्यमंत्री योगी ने प्रमुख सचिव (कृषि) राहत आयुक्त को भी निर्देश दिया कि फील्ड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों से सीधा संपर्क और समन्वय बनाए रखें. सभी सूचनाएं समय पर एकत्र कर शासन को उपलब्ध कराई जाएं, जिससे राहत कार्यों में देरी न हो. मुख्यमंत्री का इस बात पर भी विशेष जोर रहा कि फसलों को हुई क्षति का आकलन प्राप्त होते ही मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भुगतान व्यवस्था समयबद्ध ढंग से हो, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत मिल सके.
आपको बता दें कि किसान टोल-फ्री नंबर (KRPH) 14447 पर फसल नुकसान की तत्काल सूचना दे सकते हैं. प्रदेश में संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल क्षति की सूचना देने तथा योजनाओं के विषय में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए किसानों को विभिन्न डिजिटल माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं. अब किसान फसल नुकसान की तत्काल सूचना देने या जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री नंबर (KRPH) 14447 का प्रयोग कर सकते हैं.
लखनऊ स्थित आमौसी मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान के आसपास के प्रभाव से 26 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हल्की वर्षा का एक नया दौर शुरू होकर 27 मार्च को लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की संभावना है. उन्होंने बताया कि 28 मार्च को मौसम शुष्क रहने के बाद 29 मार्च से अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा का अगला दौर महीने के अंत तक जारी रहने की संभावना है. इस दौरान मौसम तंत्रों के प्रभाव से तापमान में 2-3°C का उतार चढ़ाव जारी रहने की संभावना है.
ये भी पढे़ं-
IMD का मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट: कई राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के आसार, पढ़ें वेदर अपडेट
UP: फसल खराब होने पर अब किसानों को नहीं पड़ेगा भटकना, इस हेल्पलाइन नंबर पर मिलेगी मदद