
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर किसानों को फसल खरीद के नाम पर गुमराह करने का आरोप लगाया है. चंडीगढ़ में 5 अप्रैल को दिए बयान में उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह झूठ फैलाकर किसानों में भ्रम पैदा कर रहा है. मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर भरोसा दिलाया कि प्रदेश के किसानों की फसल का एक-एक दाना सरकारी मंडियों में खरीदा जाएगा और इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि फसल खरीद को सुचारू रूप से चलाने के लिए मंडियों में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसी व्यवस्था बनाई है, जिससे किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. गेट पास को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम को भी उन्होंने निराधार बताया और कहा कि विपक्ष जानबूझकर गलत जानकारी फैला रहा है.
सैनी ने अपने संबोधन में विकास कार्यों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि महम क्षेत्र में पिछले साढ़े 11 सालों में 121 मुख्यमंत्री घोषणाएं की गईं, जिनमें से 105 पूरी हो चुकी हैं और बाकी पर काम चल रहा है. उन्होंने दावा किया कि सरकार अपने वादों को पूरा करने में लगातार आगे बढ़ रही है. विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र के 217 वादों में से 60 वादे डेढ़ साल में पूरे किए जा चुके हैं, जबकि बाकी पर काम जारी है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने पिछले 11 वर्षों में किसानों को मुआवजा और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 16,160 करोड़ रुपये की सहायता दी है. उन्होंने पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में केवल 1,138 करोड़ रुपये ही मुआवजा दिया गया था और 269 करोड़ रुपये बकाया छोड़ दिए गए थे. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने किसानों के हितों को हमेशा प्राथमिकता दी है.
सैनी ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ‘राष्ट्र प्रथम’ की नीति पर काम कर रही है और हर संकट में जनता के साथ खड़ी है. पेट्रोलियम उत्पादों पर एक्साइज ड्यूटी घटाने के फैसले को उन्होंने आम लोगों के लिए बड़ी राहत बताया.
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि हरियाणा में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है. प्रदेश के 4,032 पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. उन्होंने कालाबाजारी करने वालों को चेतावनी दी और कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिसमें एफआईआर भी दर्ज की गई हैं.
सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि गांव निंदाना में जलापूर्ति योजना और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं. साथ ही, 13 जिलों में 200 मेगावाट की बायोमास बिजली परियोजनाएं स्थापित करने की योजना है. सरकार शहरी क्षेत्रों में भी कब्जाधारियों को कानूनी मालिकाना हक देने की नीति लाने की तैयारी कर रही है.
मुख्यमंत्री ने महिलाओं और गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी. ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है. इसके अलावा गरीब महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों लोगों को घर भी दिए गए हैं.
अपने संबोधन के अंत में सैनी ने कहा कि सरकार हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि महम सहित पूरे हरियाणा में विकास कार्यों की रफ्तार जारी रहेगी और हर गांव, हर गली और हर परिवार तक विकास की रोशनी पहुंचेगी.
ये भी पढ़ें:
उत्तराखंड में बदलते मौसम ने मचाई तबाही, भारी ओलावृष्टि से राजमा-आलू सहित बागवानी फसलें बर्बाद
जलने वाले जलते रहें, हम तो बहनों को पैसे देंगे”- असम में शिवराज सिंह चौहान का बड़ा बयान