
महाराजगंज जिले जनपद के कानापार गांव में ‘किसान तक’ का किसान कारवां पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी हासिल की. उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में चल रहे इस अभियान का यह 49वां पड़ाव रहा.
कार्यक्रम के पहले चरण में सहायक विकास अधिकारी राजेश कुमार ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि भविष्य में खाद और सभी सरकारी योजनाओं का लाभ इसी के माध्यम से मिलेगा, इसलिए जल्द पंजीकरण जरूरी है. उन्होंने पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर पंप के लाभ बताते हुए कहा कि इससे बिजली बिल और ईंधन पर निर्भरता कम होगी और खेती की लागत घटेगी.
कार्यक्रम के दूसरे चरण में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय कुमार सिंह ने नंदिनी और मिनी नंदिनी योजना की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इन योजनाओं में किसानों को कम अंशदान पर लोन और 50 प्रतिशत तक सब्सिडी मिलती है. इसके साथ ही उन्होंने गर्मी के मौसम में पशुओं की देखभाल और दूध उत्पादन बढ़ाने के उपाय भी साझा किए.
कार्यक्रम के तीसरे चरण में राजकीय बीज भंडार प्रभारी विजय बहादुर गुप्ता ने किसानों को प्रमाणित और उन्नत बीजों के उपयोग की सलाह दी. उन्होंने बताया कि गेहूं, धान और ढैंचा के बीजों पर सब्सिडी दी जा रही है. वहीं, कीटनाशकों पर भी 50 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध है.
कार्यक्रम के चौथे चरण में जादूगर सलमान ने किसानों को खेत की मेड़ मजबूत रखने और जरूरत से ज्यादा बीज और उर्वरक के उपयोग से बचने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि हर खेत की अपनी क्षमता होती है, उसी के अनुसार खेती करने से लागत कम और उत्पादन अधिक होगा.
कार्यक्रम के अंतिम चरण में लकी ड्रा का आयोजन किया गया, जिसमें 10 किसानों को 500-500 रुपये दिए गए. इसके अलावा प्रहलाद को 2000 रुपये और फूलमती को 3000 रुपये का पुरस्कार मिला.