बिहार में 1 दिसंबर से महंगा होगा सुधा दूध, कीमतों में 2 से 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी

बिहार में 1 दिसंबर से महंगा होगा सुधा दूध, कीमतों में 2 से 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी

बिहार में 1 दिसंबर 2026 से सुधा दूध महंगा हो जाएगा. कॉम्फेड ने अलग-अलग वैरायटी के दूध की कीमतों में 2 से 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है. वहीं, दूध उत्पादक किसानों को अब कच्चे दूध का 2.26 रुपये प्रति किलो तक ज्यादा दाम मिलेगा.

सुधा डेयरी ने दूध के दाम बढ़ाए. (File Photo: ITG)सुधा डेयरी ने दूध के दाम बढ़ाए. (File Photo: ITG)
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • Nov 29, 2026,
  • Updated Nov 29, 2026, 11:32 AM IST

देश के अलग-अलग राज्यों में अमूल, मदर डेयरी, नंदिनी और गोकुल दूध के महंगे होने के बाद अब बिहार में सुधा दूध के दाम भी बढ़ गए हैं. बिहार में 1 दिसंबर 2026 से सुधा दूध खरीदने के लिए लोगों को ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (COMFED) ने सुधा गोल्ड, सुधा शक्ति, सुधा काउ मिल्क, सुधा टोंड और डबल टोंड दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है. अलग-अलग पैकेट के हिसाब से दूध के दाम 2 से 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए गए हैं. नई कीमतें 1 दिसंबर से लागू होंगी.

सुधा दूध का ये होगा नया रेट चार्ट

कॉम्फेड की ओर से जारी नई दरों के अनुसार, सुधा गोल्ड के आधा लीटर पैकेट की कीमत 35 रुपये से बढ़ाकर 37 रुपये और एक लीटर पैकेट की कीमत 68 रुपये से बढ़ाकर 72 रुपये कर दी गई है. सुधा शक्ति का आधा लीटर पैकेट अब 31 के बजाय 33 रुपये और एक लीटर पैकेट 60 के बजाय 64 रुपये में मिलेगा. इसी तरह सुधा काउ मिल्क के आधा लीटर पैकेट की कीमत 29 रुपये से बढ़ाकर 32 रुपये और एक लीटर पैकेट की कीमत 57 से बढ़ाकर 62 रुपये कर दी गई है.

सुधा टोंड का आधा लीटर पैकेट अब 30 रुपये और एक लीटर पैकेट 58 रुपये में मिलेगा. पहले इनकी कीमत क्रमशः 28 और 55 रुपये थी. वहीं, सुधा डबल टोंड के आधा लीटर पैकेट की कीमत 26 से बढ़ाकर 28 रुपये और एक लीटर पैकेट की कीमत 50 से बढ़ाकर 54 रुपये कर दी गई है.

पशु चारा और परिवहन खर्च बढ़ने से लिया फैसला

कॉम्फेड ने दूध की कीमतें बढ़ाने के पीछे पशुपालन और उत्पादन की लागत में बढ़ोतरी को वजह बताया है. संस्था के अनुसार, पिछले कुछ समय में पशु चारा, खल्ली, भूसा और दाना महंगा हुआ है. इसके अलावा ईंधन, पैकेजिंग सामग्री और परिवहन का खर्च भी बढ़ा है. इसी को देखते हुए दूध के नए दाम तय किए गए हैं.

किसानों को भी मिलेगा दूध का ज्यादा दाम

दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ ही कॉम्फेड ने पशुपालक किसानों से खरीदे जाने वाले कच्चे दूध का खरीद मूल्य भी बढ़ाया है. इसमें प्रति किलोग्राम 2.26 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है. इसका मकसद बढ़ती लागत के बीच दूध उत्पादक किसानों को बेहतर कीमत देना है. इसके अलावा सुधा ने खुदरा विक्रेताओं का मार्जिन भी बढ़ाया है. अब पाउच दूध की बिक्री पर दुकानदारों को प्रति लीटर 2.40 रुपये के बजाय 2.60 रुपये मिलेंगे. यानी उनके मार्जिन में 20 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. 

MORE NEWS

Read more!