
महाराष्ट्र के चंद्रपुर के नागभीड़ में आग की ऐसी लपटें उठीं कि हजारों क्विंटल धान देखते ही देखते राख में तब्दील हो गया. कृषि उपज मंडी समिति के गोदाम में लगी इस भीषण आग ने न सिर्फ अनाज का बड़ा भंडार तबाह कर दिया, बल्कि करोड़ों रुपये का नुकसान भी हुआ है. आग इतनी भयावह थी कि उसे काबू करने के लिए दो नगर परिषदों के दमकल दलों को घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी. इस अग्निकांड में करीब 3 करोड़ रुपये के नुकसान का प्राथमिक अनुमान लगाया गया है.
घटना मंगलवार सुबह करीब 5 बजकर 30 मिनट की है जब नागभीड़ कृषि उपज मंडी समिति के गोदाम क्रमांक-1 से अचानक धुआं उठने लगा. देखते ही देखते धुएं ने आग की विकराल लपटों का रूप ले लिया और पूरा गोदाम आग की चपेट में आ गया. गोदाम के चौकीदार ने आग देखकर तत्काल अधिकारियों को सूचना दी. इसके बाद नागभीड़, सिंदेवाही और ब्रह्मपुरी नगर परिषद के दमकल दल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. लेकिन तब तक गोदाम में रखा धान और बारदाना जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था.
घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पर काबू पाया नहीं जा सका. पास के बाकी गोदामों तक आग न पहुंच सके इसके लिए दमकल विभाग लगातार आग बुझाने में लगा रहा. सुबह से रात हो गई लेकिन आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका.
इस अग्निकांड में नुकसान का आंकड़ा बेहद चौंकाने वाला है. प्राथमिक आकलन के मुताबिक धान की कुल 6 हजार 280 बोरियां आग की भेंट चढ़ गईं. इन बोरियों में करीब 5 हजार 340 क्विंटल धान जमा था, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 86 लाख रुपये बताई जा रही है. इतना ही नहीं, पुराने और नए बारदाने की 216 गठानें भी पूरी तरह जल गईं. इनमें करीब 1 लाख 7 हजार जूट के बोरे रखे हुए थे. आग की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गोदाम की इमारत को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
धान, बारदाने और गोदाम की इमारत को मिलाकर इस अग्निकांड में करीब 3 करोड़ से भी ज्यादा रुपये के नुकसान का प्राथमिक अनुमान लगाया गया है. हालांकि आग आखिर कैसे लगी, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है. शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. विस्तृत जांच और मूल्यांकन के बाद ही नुकसान की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी.
दरअसल इलाके के 177 किसानों ने 5340 क्विंटल धान बाजार समिति को सौंप दिया था, लेकिन बाजार समिति की ओर से अभी किसानों को इसका भुगतान नहीं किया गया है. ऐसे में किसानों की चिंता बढ़ गई है, हालांकि कृषि उपज मंडी समिति के सभापति गणेश तर्वेकर और सचिव सप्तेश गुप्ता ने बताया कि किसानों को उनके फसल की पूरी कीमत चुकाने की कोशिश की जाएगी.
बाजार समिति ने किसानों के हित में निर्णय लेने का आश्वासन दिया है और किसानों को आश्वस्त किया है कि उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है. समिति ने कहा कि किसानों का हित और उनकी उपज समिति के लिए सर्वोपरि है. प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता और राहत उपलब्ध कराने के लिए समिति हरसंभव प्रयास करेगी.(विकास राजुरकर का इनपुट)