राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी तक पहुंचेगी मुजफ्फरपुर की शाही लीची, दिल्ली रवाना हुई 2 हजार कार्टन खेप

राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी तक पहुंचेगी मुजफ्फरपुर की शाही लीची, दिल्ली रवाना हुई 2 हजार कार्टन खेप

मुजफ्फरपुर की शाही लीची राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी और अमित शाह तक पहुंचेगी. राष्ट्रपति भवन और प्रधानमंत्री आवास के लिए भेजी जाने वाली लीची का चयन बेहद सावधानी से किया जाता है.

मुजफ्फरपुर की शाही लीचीमुजफ्फरपुर की शाही लीची
मणि भूषण शर्मा
  • Muzaffarpur,
  • May 31, 2026,
  • Updated May 31, 2026, 9:12 AM IST

बिहार के मुजफ्फरपुर की मशहूर शाही लीची एक बार फिर देश के बड़े नेताओं तक पहुंचने जा रही है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई अन्य गणमान्य लोगों के लिए शनिवार को शाही लीची की विशेष खेप दिल्ली भेजी गई. करीब 2,000 कार्टन लीची को खास पैकिंग के साथ रेफ्रिजरेटेड वैन में रवाना किया गया है, ताकि दिल्ली पहुंचने तक उसकी ताजगी, मिठास और क्वालिटी बनी रहे. हर कार्टन में लगभग 2 किलो शाही लीची पैक की गई है.

राष्ट्रपति भवन और PM आवास भेजी जाती है खास लीची

राष्ट्रपति भवन और प्रधानमंत्री आवास के लिए भेजी जाने वाली लीची का चयन बेहद सावधानी से किया जाता है. इसके लिए उन बागानों को चुना जाता है, जिनकी पूरे वर्ष वैज्ञानिक तरीके से देखभाल की जाती है. लीची अनुसंधान केंद्र के विशेषज्ञ खेत की जुताई, उर्वरक प्रबंधन, दवा छिड़काव और फलों की क्वालिटी पर लगातार नजर रखते हैं. शुगर अनुपात और गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने के बाद ही फलों की तुड़ाई की जाती है.

इन बागानों से पिछले दस वर्षों से भेजी जा रही लीची

बागान मालिक और लीची उत्पादक आलोक केडिया ने बताया कि मुसहरी, सरैया, मंगरा और ढोली स्थित उनके बागानों से पिछले दस वर्षों से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के लिए शाही लीची भेजी जा रही है. इस बार भी चुनिंदा और बेहतरीन क्वालिटी वाली लीची की पैकिंग कर दिल्ली रवाना किया गया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि 1 जून तक यह खेप दिल्ली पहुंच जाएगी.

लीची के कार्टन को उपहार की तरह किया जा रहा पैक

वहीं, पैकिंग कार्य से जुड़े अरुण कुमार ने बताया कि इस विशेष कार्य में 50 से अधिक कारीगर लगे हुए हैं. लीची के कार्टन को उपहार की तरह आकर्षक ढंग से तैयार किया गया है और उस पर "सहप्रेम भेंट" अंकित किया गया है. अपनी अनोखी मिठास, सुगंध और क्वालिटी के लिए मशहूर मुजफ्फरपुर की शाही लीची को पहले ही जीआई टैग मिल चुका है और देश-विदेश में इसकी विशेष मांग रहती है. एक बार फिर यह खास फल देश के शीर्ष नेताओं की मेज तक पहुंचने जा रहा है.

जून की रात दिल्ली पहुंचेगी शाही लीची की खेप

लीची उत्पादक आलोक केडिया ने कहा कि मुजफ्फरपुर की शाही लीची आज रात दिल्ली के लिए रवाना हो जाएगी. करीब दो हजार कार्टन लीची भेजी जा रही है. एक कार्टन में दो किलो लीची पैक की गई है. एक जून की रात तक खेप दिल्ली पहुंच जाएगी. इस बार भी बेहतरीन गुणवत्ता वाली लीची भेजी जा रही है, जिन बागानों का पूरे साल संरक्षण और वैज्ञानिक निगरानी की जाती है, उन्हीं बागानों से लीची का चयन किया गया है. 

MORE NEWS

Read more!