Agriculture News Live Update: बद्रीनाथ, हेमकुंड और औली में ताजा बर्फबारी, मार्च में फिर लौटी सर्द हवाएं

क‍िसान तक Noida | Mar 16, 2026, 1:22 PM IST

देश के कई क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. मार्च में ही अप्रैल-मई जैसी तेज गर्मी से परेशान लोगों को रविवार को हुई हल्की बारिश ने काफी राहत दी. India Meteorological Department (आईएमडी) के अनुसार आने वाले दिनों में देश के अधिकांश हिस्सों में आंधी, बारिश, बिजली चमकने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि जैसी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा में बने विभिन्न साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण यह मौसम प्रणाली बन रही है, जिसका असर मैदानी इलाकों तक महसूस किया जाएगा. इसी वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है.

देश के कई क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. मार्च में ही अप्रैल-मई जैसी तेज गर्मी से परेशान लोगों को रविवार को हुई हल्की बारिश ने काफी राहत दी. India Meteorological Department (आईएमडी) के अनुसार आने वाले दिनों में देश के अधिकांश हिस्सों में आंधी, बारिश, बिजली चमकने और कहीं-कहीं ओलावृष्टि जैसी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा में बने विभिन्न साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण यह मौसम प्रणाली बन रही है, जिसका असर मैदानी इलाकों तक महसूस किया जाएगा. इसी वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है.

Mar 16, 2026, 1:22 PM (5 घंटे में)

चमोली में फिर लौटी सर्दी, बद्रीनाथ और औली बर्फ की सफेद चादर से ढके

Posted by :- prachi

उत्तराखंड के चमोली जिले में रविवार से पहाड़ों पर एक बार फिर बर्फबारी शुरू हो गई है. बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब और नीति-माणा घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर हिमपात हुआ है. मार्च में बढ़ते तापमान के बीच हुई इस बर्फबारी से पहाड़ों में ठंड का मौसम दोबारा लौट आया है. इस साल जनवरी के बाद से बर्फ और बारिश की कमी महसूस की जा रही थी, लेकिन रविवार दोपहर अचानक मौसम बदल गया और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी होने लगी. बद्रीनाथ धाम में भी चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है. हालांकि धाम के कपाट अभी बंद हैं और 23 अप्रैल को खुलने हैं, उससे पहले यात्रा की तैयारियां चल रही हैं. वहीं प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली भी एक बार फिर बर्फ से ढक गया है. इस बर्फबारी से पर्यटकों, किसानों और स्थानीय लोगों को राहत मिली है तथा बढ़ती गर्मी और जंगलों की आग से भी कुछ राहत देखने को मिली है.

Mar 16, 2026, 1:19 PM (5 घंटे में)

फल-सब्जी उत्पादन में बड़ी बढ़ोतरी, प्याज 26% ज्यादा

Posted by :- prachi

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंजूरी के बाद कृषि विभाग ने साल 2024-25 के अंतिम और 2025-26 के प्रथम अग्रिम बागवानी अनुमान जारी किए हैं, जिनसे साफ संकेत मिलता है कि देश में फलों, सब्जियों, मसालों, फूलों और औषधीय पौधों की खेती और उत्पादन पहले से काफी ज्यादा बढ़ गए हैं. सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में कुल बागवानी फसलों का क्षेत्रफल वर्ष 2023-24 (अंतिम) के 290.86 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 2024-25 (अंतिम अनुमान) में 301.36 लाख हेक्टेयर हो गया है, यानी 10.50 लाख हेक्टेयर (3.61 प्रतिशत) की बड़ी वृद्धि दर्ज की गई है. कुल बागवानी उत्पादन भी इसी अवधि में 3547.44 लाख टन से बढ़कर 3707.38 लाख टन पहुंच गया है, जो लगभग 159.94 लाख टन (4.51 प्रतिशत) की मजबूत वृद्धि को दर्शाता है. वर्ष 2025-26 के प्रथम अग्रिम अनुमान के अनुसार, बागवानी फसलों का क्षेत्रफल लगभग 301.31 लाख हेक्टेयर और उत्पादन लगभग 3708.46 लाख टन होने की उम्मीद है, जो 2024-25 (अंतिम अनुमान) से 1.09 लाख टन अधिक है और क्षेत्र की स्थिर प्रगति को दिखाता है.

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें: Link

Mar 16, 2026, 12:49 PM (5 घंटे में)

गोंडा पहुंचा किसान कारवां, आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की मिली अहम जानकारी

Posted by :- prachi

सरयू और घाघरा नदियों के किनारे स्थित गोंडा जिले के महेवा नानकर गांव में ‘किसान तक’ का किसान कारवां पहुंचा. उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया टूडे ग्रुप के संयुक्त पहल से प्रदेश k 75 जिलों में चल रहे इस विशेष अभियान की कवरेज में यह 43वां पड़ाव रहा. जहां कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं. कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को खेती से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनसे कृषि एवं पशुपालन से जुड़ी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की. वहीं, पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने भी पशुपालन से जुड़ी सरकार की बहुउपयोगी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया. इस मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक खेती की नई तकनीकों से अवगत कराया और बताया कि नई तकनीक अपनाकर किसान अपनी लागत कम करते हुए उत्पादन और आय दोनों बढ़ा सकते हैं.

Mar 16, 2026, 11:59 AM (4 घंटे में)

इस तारीख को जारी होगी रायथु भरोसा योजना की पहली किस्त

Posted by :- prachi

मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार 22 मार्च को किसानों के लिए रायथु भरोसा योजना की पहली किस्त जारी करेगी. मुख्यमंत्री सिद्दीपेट जिले के नर्मेट्टा से इस योजना की राशि किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे. सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस संबंध में उपमुख्यमंत्री मल्लु भट्टी विक्रमार्क और कृषि मंत्री थुम्मला नागेश्वर राव और अन्य अधिकारियों के साथ के साथ बैठक की. बैठक में रायथु भरोसा योजना की राशि किसानों के खातों में जमा करने पर चर्चा की गई.

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें: Link

Mar 16, 2026, 10:08 AM (2 घंटे में)

तरबूज किसानों पर भी दिखा युद्ध का तनाव

Posted by :- prachi

खाड़ी देशों में ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी स्थिति का असर अब महाराष्ट्र के जालना ज़िले के तरबूज़ किसानों पर साफ़ दिखाई दे रहा है. खाड़ी देशों में रमज़ान के दौरान तरबूज़ की उच्च मांग को देखते हुए किसानों ने इस मौसम में बड़े पैमाने पर फ़सल बोई थी. उन्हें उम्मीद थी कि प्रति टन 20,000–30,000 रुपये मिलेंगे, लेकिन निर्यात रुक जाने के कारण बाज़ार में कीमतें गिरकर सिर्फ़ 7,000 रुपये प्रति टन रह गई हैं. खेती की लागत, सिंचाई, मज़दूरी और ढुलाई का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है. निर्यात बाधित होने और स्थानीय थोक बाज़ारों में तरबूज़ की भरमार के कारण कीमतें और नीचे गिर रही हैं. जालना के किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं और अगले मौसम की तैयारी पर अनिश्चितता जताई जा रही है. किसान सरकार से राहत और बाज़ार समर्थन की मांग कर रहे हैं.
 

Mar 16, 2026, 9:40 AM (2 घंटे में)

UAE में बढ़ी खाद्य कीमतें, युद्ध ने तोड़ा सप्लाई चेन

Posted by :- prachi

ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद से फारसी खाड़ी क्षेत्र, खासकर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खाद्य महंगाई और आपूर्ति संकट बढ़ गया है. सब्जियों, फलों और अनाज की कीमतें तेजी से बढ़ गई हैं, कई उत्पादों की उपलब्धता कम हो गई है. माल ढुलाई प्रभावित होने से व्यापारी श्रीलंका, वियतनाम और थाईलैंड जैसे देशों से आपूर्ति ला रहे हैं, लेकिन बढ़ती फ्रेट लागत के कारण ऑर्डर रद्द हो रहे हैं. रमज़ान के समय में फल और सब्जियों की मांग बढ़ने के बावजूद सीमित आपूर्ति उपभोक्ताओं के लिए समस्या बन रही है. सरकार और व्यापारी वैकल्पिक रास्तों से स्थिति संभालने की कोशिश कर रहे हैं.

Mar 16, 2026, 8:46 AM (एक घंटा में)

तेज हवाओं और हल्की बारिश के बीच तापमान में आई राहत

Posted by :- prachi

पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिला है. बीती रात से कई इलाकों में तेज हवा, बादल और हल्की बारिश हुई है. खासकर प्रदेश के उत्तरी तराई क्षेत्रों और आसपास के जिलों में रुक-रुक कर बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार यह मौसम 16 मार्च तक ऐसा ही रह सकता है. इसके बाद 17 और 18 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे तापमान थोड़ा बढ़ सकता है. फिर 19 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है, जो 21 मार्च तक कई जगहों पर जारी रह सकता है. इस बारिश के कारण तापमान फिर से गिरकर सामान्य के आसपास पहुंच सकता है. 

Mar 16, 2026, 8:37 AM (44 मिनट में)

एग्रो बिहार मेले में मशीनों की धूम, 395 कृषि यंत्र बिके, किसानों को मिला बड़ा अनुदान

Posted by :- prachi

पटना के गांधी मैदान में आयोजित 'एग्रो बिहार 2026 कृषि मशीनीकरण मेला' सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है. इस चार-दिवसीय आयोजन के दौरान, किसानों ने आधुनिक कृषि मशीनों में काफी दिलचस्पी दिखाई और कुल 395 उपकरण खरीदे. सरकार ने इन मशीनों की खरीद पर किसानों को ₹1.85 करोड़ से अधिक की सब्सिडी प्रदान की. इस मेले में 35,000 से अधिक किसानों और आम लोगों ने हिस्सा लिया. यहाँ किसानों को नई कृषि तकनीकों, मशीनों और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई. बिहार कृषि विभाग द्वारा आयोजित यह मेला, किसानों को आधुनिक खेती के तरीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ.

Mar 16, 2026, 7:44 AM (9 मिनट पहले)

बिहार और झारखंड का मौसम

Posted by :- prachi

पूर्वी भारतीय राज्यों बिहार और झारखंड में भी मौसम में बदलाव के संकेत साफ नज़र आ रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, इन दोनों राज्यों के कई इलाकों में गरज-चमक और तेज़ हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी आशंका है. हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुँच सकती है. IMD ने चेतावनी जारी की है कि बिहार, झारखंड और आस-पास के इलाकों में तेज़ हवाएँ चल सकती हैं और बिजली गिर सकती है. इसलिए, किसानों और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. बारिश के कारण इन राज्यों में तापमान में थोड़ी गिरावट भी आ सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी. 

Mar 16, 2026, 7:18 AM (35 मिनट पहले)

गर्मी पर बारिश का ब्रेक: कई राज्यों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के आसार

Posted by :- prachi

भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में मौसम तेजी से बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च से देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, गरज-चमक, तेज हवा और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है. खासकर उत्तर भारत, पूर्वोत्तर भारत और पूर्वी-मध्य भारत के कई राज्यों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिलेगा. इस बदलाव की वजह से कुछ जगहों पर तापमान भी कम हो सकता है. मौसम विभाग ने बताया है कि असम में 15 मार्च को बहुत तेज बारिश हो सकती है. इसके बाद 16 और 17 मार्च को भी यहां अच्छी बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश में 15 से 17 मार्च तक कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. मिजोरम में भी 15 मार्च को तेज बारिश होने का अनुमान है. इन राज्यों में बारिश के साथ तेज हवा और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. पूर्वोत्तर भारत के कई अन्य राज्यों जैसे नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा में भी बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ऐसे मौसम में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.