
रामपुर से समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद और 2012-17 के बीच यूपी में सपा सरकार के दौरान सबसे ताकतवर कैबिनेट मंत्रियों में से एक, आजम खान पर आरोप है कि उन्होंने सैकड़ों एकड़ "अवैध" कब्जे वाली जमीन पर एक निजी विश्वविद्यालय बनाने के लिए पूरी सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया. इस जमीन में खेती की जमीन और लगभग 34 एकड़ 'शत्रु संपत्ति' (एनिमी प्रॉपर्टी) भी शामिल थी. 'टाइम्स ऑफ इंडिया' ने एक रिपोर्ट में इसकी जानकारी दी.
पिछले महीने ED ने मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और इसे चलाने वाले ट्रस्ट की जमीन और इमारतों को जब्त कर लिया. इसकी बाजार कीमत 1,170 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है. एजेंसी की जांच और FIR के अनुसार, खान ने रामपुर के सिंगनखेड़ा गांव में किसानों की खेती की जमीन पर जबरन "कब्जा" कर लिया था, ताकि वहां यह निजी विश्वविद्यालय बनाया जा सके. खान इस यूनिवर्सिटी के चांसलर हैं.
'टाइम्स ऑफ इंडिया' ने रिपोर्ट में लिखा है, ED का दावा है कि "किसानों के साथ मारपीट की गई, उन्हें गैर-कानूनी तरीके से बंधक बनाया गया और धमकियां देकर उनके नाम से जमीन की बिक्री के दस्तावेज (सेल डीड) लिखवा लिए गए." एजेंसी का यह भी आरोप है कि जब खान यूपी में शहरी विकास मंत्री थे, तब "सार्वजनिक कार्यों के लिए आए फंड और सामग्री को यूनिवर्सिटी की ओर मोड़ दिया गया. यूनिवर्सिटी के निजी परिसर में सरकारी काम कराए गए, और जिन ठेकेदारों को सरकारी ठेके मिले थे, उनसे मिलने वाले पैसे को दान के रूप में वापस ट्रस्ट को भेज दिया गया."
2012-17 के दौरान, खान के पास शहरी विकास, जलापूर्ति, वक्फ और अल्पसंख्यक कल्याण जैसे कई महत्वपूर्ण विभाग थे.
इस दौरान, उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र रामपुर में कई सरकारी ठेके तो दिए, लेकिन साथ ही वक्फ संपत्ति पर रहने वाले किराएदारों के घरों को "तुड़वाने" का काम भी किया. विडंबना यह है कि उस समय वे वक्फ और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ही थे. यूनिवर्सिटी को कई स्रोतों से 'दान' के रूप में फंड मिला - जैसे "राजनीतिक प्रभाव" का इस्तेमाल करके मेरठ की दो शिक्षण संस्थाओं से 6 करोड़ रुपये, और यूपी सरकार से यूनिवर्सिटी परिसर में OBC लड़कों के हॉस्टल और एक अस्पताल ब्लॉक बनाने के लिए 23 करोड़ रुपये मिले.
खान के खिलाफ रामपुर में 25 से ज्यादा FIR दर्ज हैं, और ED द्वारा उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के कई मामलों में जांच चल रही है. ईडी (ED) की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2016 में रामपुर शहर में कई परिवारों के घरों को बुलडोजर से ढहा दिया गया था. इनमें से कई परिवार वक्फ संपत्ति में किराएदार के तौर पर रह रहे थे.
आरोप है कि आजम खान के निर्देश पर, तत्कालीन सर्कल ऑफिसर और अन्य लोगों की अगुवाई में एक भीड़ ने इन घरों को तोड़ा. वहां रहने वालों के साथ मारपीट की गई, उन्हें झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी दी गई, और उनसे नकदी, गहने और मवेशी लूट लिए गए. ईडी का यह भी दावा है कि आजम खान ने यह सुनिश्चित किया कि तोड़े गए घरों के मलबे का इस्तेमाल जौहर यूनिवर्सिटी की नींव रखने के लिए किया जाए.