Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

क‍िसान तक Jun 18, 2026, Updated Jun 18, 2026, 6:56 PM IST

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले कुछ दिनों में अपनी रफ्तार बढ़ा सकता है और 23 जून 2026 के आसपास तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के अतिरिक्त हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों तक पहुंचने की संभावना है. दूसरी तरफ पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में पूरे सप्ताह कहीं-कहीं तेज बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत हैं.

Agriculture Live Blog

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले कुछ दिनों में अपनी रफ्तार बढ़ा सकता है और 23 जून 2026 के आसपास तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के अतिरिक्त हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों तक पहुंचने की संभावना है. दूसरी तरफ पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में पूरे सप्ताह कहीं-कहीं तेज बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे मौसम में बदलाव के संकेत हैं. वहीं गर्मी से राहत सभी जगह नहीं मिलेगी, क्योंकि मध्य प्रदेश में 21 जून तक, विदर्भ में 20 जून तक, तेलंगाना में 19 जून तक और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में 17 जून तक लू जैसी स्थिति बने रहने का अनुमान है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

Jun 18, 2026, 6:48 PM (4 घंटे पहले)

बिजली संकट से नाराज ग्रामीणों संग धरने पर बैठे बीजेपी जिला उपाध्यक्ष, हनुमान चालीसा पढ़कर जताया विरोध

Posted by :- Sandeep kumar

कानपुर देहात में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है. झींझक के पुराने बिजली घर परिसर में ग्रामीणों के साथ भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह सेंगर धरने पर बैठ गए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

देर रात करीब 12 बजे शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन लगभग दो घंटे तक चला. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमीन पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की. ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. 

Jun 18, 2026, 6:35 PM (5 घंटे पहले)

जायद दलहन खरीद अवधि 30 जून तक बढ़ी, किसानों को मिला बड़ा फायदा

Posted by :- prachi

उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए जायद दलहन की खरीद अवधि को बढ़ाकर 30 जून तक कर दिया है. कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जानकारी दी कि उड़द, मूंग और मूंगफली की खरीद को भी मंजूरी दे दी गई है, जिससे किसानों को अपनी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर बेचने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा. उन्होंने बताया कि 5 जून तक राज्य में 53,798 मीट्रिक टन दलहन की खरीद की जा चुकी है, जिससे 14,332 किसानों को सीधा लाभ मिला है. इसके अलावा उड़द की 97,770 मीट्रिक टन, मूंग की 48,298 मीट्रिक टन और मूंगफली की 41,718 मीट्रिक टन खरीद को मंजूरी दी गई है. इस फैसले से किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलने में मदद मिलेगी और उनकी आय में सुधार होगा.

Jun 18, 2026, 6:33 PM (5 घंटे पहले)

पीएम किसान उत्सव दिवस पर 20 जून को 18,800 करोड़ की सौगात, 9.5 करोड़ किसानों के खातों में पहुंचेगी 23वीं किस्त

Posted by :- prachi

20 जून को पूरे देश में ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ मनाया जाएगा, जिसके तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी करेंगे. अब तक 22 किस्तों के माध्यम से लगभग 4.28 लाख करोड़ रुपये 9.5 करोड़ किसानों के खातों में सीधे भेजे जा चुके हैं. इस बार 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों को ट्रांसफर की जाएगी. यह कार्यक्रम सभी 731 कृषि विज्ञान केंद्रों, 113 आईसीएआर संस्थानों और कृषि विश्वविद्यालयों में आयोजित होगा. राज्य स्तर पर भी विशेष आयोजन होंगे. इस अवसर पर खरीफ बुआई के समय किसानों को बड़ी राहत मिलेगी. साथ ही पीएम-आशा योजना के तहत यूपी, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और गुजरात में मूंग, मसूर व उड़द की MSP पर खरीदी को मंजूरी दी गई है.

Jun 18, 2026, 5:58 PM (5 घंटे पहले)

गुजरात में प्री-मानसून एक्टीवीटी से अनेक जिलों में बारिश, दो दिनों तक बरसेंगे बादल

Posted by :- Sandeep kumar

गुजरात में मानसून के आने से पहले ही बुधवार रात से जोरदार बारिश शुरू हो गई है. साथ ही, गुजरात मौसम विभाग ने कहा है कि राज्य में अगले दो दिनों तक बारिश का माहौल बना रहेगा. राज्य में मानसून अभी दूर है, लेकिन प्री-मानसून बारिश के कारण मौसम में ठंडक आ गई है. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और मानसून ट्रफ के असर से हवा में नमी बढ़ने के कारण कई जिलों में बारिश के लिए अनुकूल स्थिति बनी है. मौसम विभाग के निदेशक ए. के. दास के अनुसार, आज कच्छ, द्वारका, पोरबंदर और पाटन जिलों को छोड़कर राज्य के लगभग सभी इलाकों में बारिश की संभावना है.

Jun 18, 2026, 5:16 PM (6 घंटे पहले)

खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने CWC का स्मार्ट वेयरहाउसिंग सिस्टम लॉन्च किया

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गुरुवार को सरकारी सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (CWC) का स्मार्ट वेयरहाउसिंग सिस्टम लॉन्च किया. यह सिस्टम AI जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करके इंटीग्रेटेड डैशबोर्ड के ज़रिए 216 अनाज गोदामों में इन्वेंट्री और रियल-टाइम कामकाज की निगरानी में मदद करता है. पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम (PDS) के ज़रिए बांटे जाने वाले अनाज को CWC और FCI के गोदामों में रखा जाता है. स्मार्ट वेयरहाउसिंग सिस्टम को पारदर्शिता लाने और अनाज की हेराफेरी रोकने के मकसद से शुरू किया जा रहा है. लॉन्च के बाद जोशी ने कहा, "अनाज को सुरक्षित रखना हमारी ज़िम्मेदारी है" और तकनीक का इस्तेमाल PDS को मज़बूत बनाने में मदद कर रहा है. (पीटीआई)

Jun 18, 2026, 4:44 PM (6 घंटे पहले)

केंद्र लगभग 3 करोड़ और राशन कार्ड जारी कर सकता है: केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्‍हाद जोशी

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्‍हाद जोशी ने गुरुवार को कहा कि कुछ राज्य सरकारों द्वारा PDS लिस्ट से 2.21 करोड़ अयोग्य लोगों के नाम हटाने के बाद, योग्य लाभार्थियों को लगभग 3 करोड़ और राशन कार्ड जारी करने की गुंजाइश है. एक स्मार्ट वेयरहाउसिंग सिस्टम के लॉन्च के मौके पर जोशी ने कहा कि नामों को हटाने का काम राज्य सरकारों ने अपने मानदंडों के आधार पर किया था, न कि केंद्र ने. खाद्य मंत्रालय ने 8.51 करोड़ अयोग्य लाभार्थियों की पहचान की थी - जिनमें मृत लोगों, इनकम टैक्स देने वालों और चार-पहिया वाहन मालिकों के नाम शामिल थे - और कार्रवाई के लिए यह लिस्ट राज्यों को भेज दी थी. (पीटीआई)

Jun 18, 2026, 3:55 PM (7 घंटे पहले)

कम मांग के कारण कॉटनसीड ऑयल वायदा में गिरावट, 3676 रुपये क्विंटल हुआ भाव

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: गुरुवार को फ़्यूचर्स ट्रेडिंग में कॉटनसीड ऑयल केक की कीमतें 3 रुपये गिरकर 3,676 रुपये प्रति क्विंटल हो गईं. स्पॉट मार्केट में कमज़ोर रुझान के कारण ट्रेडर्स ने अपनी होल्डिंग्स कम कर दीं. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज पर, जुलाई डिलीवरी के लिए कॉटनसीड ऑयल केक कॉन्ट्रैक्ट्स 3 रुपये या 0.08 प्रतिशत गिरकर 3,676 रुपये प्रति क्विंटल पर ट्रेड हुए, जिसमें ओपन इंटरेस्ट 50,950 लॉट था. जानकारों का कहना है कि बाज़ार में सुस्ती के बीच मौजूदा स्तरों पर ट्रेडर्स की बिकवाली का असर कॉटनसीड ऑयल केक की कीमतों पर पड़ा. (पीटीआई)

Jun 18, 2026, 3:43 PM (7 घंटे पहले)

महाराष्‍ट्र में किसान ने मंत्रालय के बाहर मचाया हंगामा, पेड़ पर चढ़कर फोड़े पटाखे

Posted by :- Prateek

कर्जमाफी की मांग को लेकर मंत्रालय के बाहर हाई वोल्टेज प्रदर्शन देखने को मिला. एक किसान पेड़ पर चढ़ गया और विरोध जताने के लिए पटाखे फोड़े. जिसके बाद मौके पर लोग जुट गए और सुरक्षाकर्मी भी पहुंच गए. करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद किसान को सुरक्षित नीचे उतारा गया. प्रदर्शनकारी ने किसानों के लिए पूरी कर्जमाफी और राहत पैकेज की मांग की.
 

Jun 18, 2026, 3:02 PM (8 घंटे पहले)

सीएम योगी प्राकृतिक खेती की वकालत की, कहा- इससे स्‍वस्‍थ समाज की नींव बन सकती है

Posted by :- Prateek

कानपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्राकृतिक खेती की वकालत करते हुए कहा कि यह एक स्वस्थ समाज की नींव बन सकती है और केमिकल व कीटनाशकों के ज़्यादा इस्तेमाल से जुड़ी बीमारियों को कम करने में मदद कर सकती है. कानपुर में "प्राकृतिक खेती कार्यशाला 2026" को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करना और बीमारियों को कम करना शामिल है, जिसके लिए प्राकृतिक खेती एक अहम भूमिका निभा सकती है. उन्होंने केमिकल पर निर्भरता कम करने के लिए गाय पर आधारित प्राकृतिक खेती का आह्वान किया, जिसमें गाय के गोबर और मूत्र का इस्तेमाल खाद और कीटनाशक के तौर पर किया जाता है. (पीटीआई)

Jun 18, 2026, 2:37 PM (9 घंटे पहले)

पीएम मोदी पश्चिम बंगाल से जारी करेंगे PM Kisan की किस्त

Posted by :- Ravi Singh

केंद्र सरकार 20 जून को पीएम‑किसान योजना की 23वीं किस्त जारी करने जा रही है, जिसमें देश के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में करीब 18,880 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल से किसानों, पशुपालकों और युवाओं के लिए कई विकास योजनाओं की सौगात भी देंगे.

Jun 18, 2026, 2:08 PM (9 घंटे पहले)

राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश, उदयपुर के सराड़ा में सबसे ज़्यादा 95 मिमी बारिश

Posted by :- Prateek

जयपुर: मौसम विभाग ने गुरुवार को बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई. गुरुवार सुबह 8.30 बजे खत्म हुई इस अवधि के दौरान राज्य के पश्चिमी हिस्से के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, उदयपुर जिले के सराड़ा में राज्य में सबसे ज़्यादा 95 मिमी बारिश दर्ज की गई.

Jun 18, 2026, 1:58 PM (9 घंटे पहले)

मोरबी में किसानों का आंदोलन तेज, मुआवजे की मांग पर आमरण अनशन शुरू

Posted by :- Prateek

गुजरात के मोरबी जिले के जेतपर गांव में किसानों ने बिजली कंपनी के खिलाफ चल रहे आंदोलन को तेज कर दिया है. पिछले 15 दिनों से मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने अब आंदोलन के दूसरे चरण की शुरुआत करते हुए आमरण अनशन शुरू कर दिया है. किसानों का आरोप है कि सरकार और कंपनी उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही हैं. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उचित मुआवजा नहीं मिला तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा. (इनपुट- बृजेश दोषी)

Jun 18, 2026, 1:26 PM (10 घंटे पहले)

लखनऊ में बुलडोजर एक्शन, सिंचाई विभाग की जमीन पर अवैध कब्‍जे का है मामला

Posted by :- Prateek

लखनऊ में 1090 चौराहे के पास प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों पर कार्रवाई शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि यह जमीन सिंचाई विभाग की है और पहले से विवादित क्षेत्र के पास स्थित है. प्रशासन ने कई घरों पर लाल रंग से क्रॉस का निशान बनाकर 7 दिन के भीतर खाली करने का नोटिस चिपका दिया है. कार्रवाई के दौरान एक मकान तोड़ा गया, जबकि अन्य मकानों को खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया. स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया और वे वर्षों से यहां रह रहे हैं. कई महिलाओं ने रोते हुए मुख्यमंत्री से राहत की गुहार लगाई. (इनपुट- समर्थ)
 

Jun 18, 2026, 12:57 PM (10 घंटे पहले)

पठानकोट की लीची अब पहुंचेगी लंदन, सिंगापुर और दुबई, बम्पर फसल से बढ़ी उम्मीदें

Posted by :- Prateek

पंजाब के पठानकोट की मशहूर लीची इस बार विदेशों तक अपनी मिठास पहुंचाने जा रही है. अनुकूल मौसम और अच्छी पैदावार के चलते इस सीजन लीची की बम्पर फसल हुई है. बागबानी विभाग के अनुसार, जिले में करीब 4 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में लीची की खेती की जा रही है. देश के कई राज्यों के साथ इस बार दुबई, सिंगापुर और लंदन में भी पठानकोट की लीची की सप्लाई की तैयारी है. विभाग का कहना है कि अनुकूल जलवायु के कारण पठानकोट को लीची जोन घोषित किया गया है और किसानों को लगातार सहयोग दिया जा रहा है. (इनपुट- पवन सिंह)

Jun 18, 2026, 12:44 PM (10 घंटे पहले)

रैयाम और सकरी में सहकारी समितियों के गठन को मंजूरी, 2401 गांव किए गए आरक्षित

Posted by :- Prateek

बिहार में चीनी मिल स्थापित करने को लेकर कार्यों की रूपरेखा अब जमीन पर उतरना शुरू हो चुकी है. वहीं, राज्य के रैयाम एवं सकरी में सहकारी क्षेत्र में चीनी मिल की स्थापना को लेकर सहकारिता विभाग की ओर से प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समितियों के गठन की अनुमति दे दी गई है. विभाग द्वारा बताया गया है कि इन चीनी मिल सहकारी समितियों के सदस्य क्षेत्र के गन्ना उत्पादक किसान होंगे. सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने सकरी एवं रैयाम में सहकारी चीनी मिलों की स्थापना एवं चीनी मिल सहकारी समितियों के गठन के कार्य को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रक्रियाएं यथाशीघ्र पूरी करते हुए सहकारी समिति के निबंधन की कार्रवाई पूर्ण की जाए. वहीं, इन दोनों चीनी मिलों के लिए 2400 से अधिक गांव आरक्षित किए गए हैं. (इनपुट- अंकित कुमार सिंह)

Jun 18, 2026, 12:04 PM (11 घंटे पहले)

PM-VBRY के 15 लाख लाभार्थ‍ियों को कल मिलेेंगे 2400 करोड़, पीएम करेंगे संवाद

Posted by :- Prateek

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 जून 2026 को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के तहत देशभर के 15 लाख से अधिक लाभार्थियों को लगभग 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी करेंगे. दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में पीएम पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं और नियोक्ताओं से संवाद भी करेंगे. कार्यक्रम का लाइव प्रसारण 200 औद्योगिक क्लस्टर्स तक किया जाएगा, जहां कर्मचारियों को सम्मानित करने के साथ नियुक्ति पत्र भी बांटे जाएंगे.
 

Jun 18, 2026, 11:39 AM (11 घंटे पहले)

छत पर उगा दिए 100 से ज्यादा फल-सब्जियां, शोपियां के किसान ने जैविक खेती से रचा इतिहास

Posted by :- prachi

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के प्रगतिशील किसान हारून राशिद ने अपने घर की छत पर 100 प्रतिशत जैविक खेती कर एक नई मिसाल पेश की है. वर्ष 2017 से उन्होंने अपनी छत को हरे-भरे बगीचे में बदल दिया है, जहां 100 से अधिक प्रकार के फल, सब्जियां, औषधीय और दुर्लभ पौधे उगाए जा रहे हैं. वह खेती में किसी भी रासायनिक खाद या कीटनाशक का उपयोग नहीं करते. हारून ने शोपियां में सफलतापूर्वक केसर की खेती कर नई पहचान बनाई है. साथ ही वे मधुमक्खी पालन भी करते हैं. उनकी सफलता किसानों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है.
 

Jun 18, 2026, 11:00 AM (12 घंटे पहले)

अकाल के बढ़ते खतरे के बीच 13 हॉटस्पॉट इलाकों में गंभीर भुखमरी और बढ़ेगी: FAO

Posted by :- Prateek

रोम: संयुक्त राष्ट्र की खाद्य एजेंसियों ने बुधवार को चेतावनी दी कि आने वाले महीनों में दुनिया के 13 हॉटस्पॉट इलाकों में गंभीर भुखमरी की स्थिति और खराब हो जाएगी। संघर्ष, फंड की कमी और जलवायु संबंधी झटकों के कारण लाखों लोग अकाल के और करीब पहुंच रहे हैं. खाद्य और कृषि संगठन (FAO) और विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) ने एक नई संयुक्त रिपोर्ट में कहा है कि जून और नवंबर 2026 के बीच हालात बिगड़ने की आशंका है। पहले से ही लगभग 26.6 करोड़ (266 मिलियन) लोग गंभीर खाद्य असुरक्षा का सामना कर रहे हैं, और एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की है. WFP के कार्यवाहक कार्यकारी निदेशक कार्ल स्काऊ ने कहा, "इस रिपोर्ट में दी गई चेतावनियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है." "अगर अभी कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले महीनों में लाखों और लोगों को भुखमरी की बदतर स्थिति का सामना करना पड़ सकता है, जिससे उनमें से कुछ अकाल के और करीब पहुंच जाएंगे." (PTI-AP)

Jun 18, 2026, 10:28 AM (13 घंटे पहले)

राष्ट्रपति मुर्मु मध्य प्रदेश के पांच दिन के दौरे पर पहुंचीं

Posted by :- Prateek

इंदौर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार को मध्य प्रदेश के पांच दिन के दौरे पर इंदौर पहुंचीं. अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान वह कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी, ओंकारेश्वर में पूजा-अर्चना करेंगी और कई चीतों का घर माने जाने वाले कूनो नेशनल पार्क का दौरा करेंगी. नई दिल्ली से आने पर मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने देवी अहिल्याबाई एयरपोर्ट पर मुर्मु का स्वागत किया. (पीटीआई)

Jun 18, 2026, 9:58 AM (13 घंटे पहले)

केरल सरकार जंगल बचाने के लिए नई योजना बना रही, इन चीजों पर रहेगा फोकस

Posted by :- Prateek

तिरुवनंतपुरम: केरल सरकार जंगल बचाने के लिए एक नई योजना बना रही है. इसमें एस्टेट में देर रात होने वाली DJ पार्टियां, जंगली जानवरों के इलाकों में ऑफ-रोड गाड़ियां चलाना और पकते हुए कटहल की खुशबू से हाथियों का गांवों की ओर खिंचे चले आना जैसे मुद्दों पर ध्यान दिया जा रहा है. वन और वन्यजीव मंत्री शिबू बेबी जॉन ने बुधवार को कहा कि जैव विविधता का संरक्षण विभाग की सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी बनी रहेगी, लेकिन उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि इंसानी ज़िंदगी की सुरक्षा और लोगों व जंगली जानवरों के बीच टकराव को कम करने पर भी उतना ही ध्यान दिया जाएगा. यहां जंगल बचाने वाले समूहों के प्रतिनिधियों और पर्यावरण कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान, मंत्री ने अधिकारियों को जंगलों के अंदर गैर-कानूनी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने का निर्देश दिया. यह निर्देश तब दिया गया जब शिकायतें मिलीं कि निजी एस्टेट में रात के समय होने वाले DJ इवेंट और ऑफ-रोड ड्राइविंग से जंगली जानवरों को परेशानी हो रही है. (पीटीआई)

Jun 18, 2026, 8:33 AM (15 घंटे पहले)

हरियाणा के CM ने बागवानी रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया, युवाओं से खेती अपनाने की अपील की

Posted by :- Prateek

झज्जर: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं से खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि खेती अब एक बिज़नेस बन गई है और इसमें ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा एनालिटिक्स जैसे तकनीकी साधनों के इस्तेमाल से नए मौके मिल रहे हैं. बुधवार को झज्जर के रैया में बागवानी रिसर्च सेंटर का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, स्मार्ट सेंसर, डिजिटल मार्केटिंग और ई-कॉमर्स जैसी तकनीकें नए मौके पैदा कर रही हैं. सैनी ने कहा कि रैया में 13.27 करोड़ रुपये की लागत से बना रिसर्च सेंटर और मुनीमपुर, बादली में 8.50 करोड़ रुपये के निवेश से बना 'सीड प्रोडक्शन टेक्नोलॉजी सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस', किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर रिसर्च और अच्छी क्वालिटी का प्लांटिंग मटीरियल उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगे. इससे राज्य में बागवानी सेक्टर को नई गति मिलेगी. (पीटीआई)

Jun 18, 2026, 7:57 AM (15 घंटे पहले)

भारत-UK ट्रेड एग्रीमेंट 15 जुलाई से लागू होगा, 2030 तक व्यापार दोगुना पहुंचाने में मिलेगी मदद

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: स्टील से जुड़े मुद्दे को सुलझाने के बाद, भारत और UK ने बुधवार को घोषणा की कि फ्री ट्रेड एग्रीमेंट 15 जुलाई से लागू होगा. इस कदम से 2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार को दोगुना करके 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है. दोनों देश उसी दिन सोशल सिक्योरिटी एग्रीमेंट या डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन (DCC) को भी लागू करेंगे. इसके तहत, UK में काम करने वाली भारतीय कंपनियों को अपने कामकाज में मदद के लिए भारत से भेजे गए कर्मचारियों के लिए पांच साल तक सोशल सिक्योरिटी कंट्रीब्यूशन नहीं करना होगा. (पीटीआई)

Jun 18, 2026, 7:32 AM (16 घंटे पहले)

कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, कुछ इलाकों में जारी रहेगा गर्मी का असर

Posted by :- Prateek

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और लू को लेकर चेतावनी जारी की है. IMD के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है. वहीं, मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, मराठवाड़ा और कुछ अन्य इलाकों में लू का असर बना रह सकता है. राजस्थान के कई हिस्सों में तेज आंधी और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाएं चलने की आशंका जताई गई है. पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. 18 जून से उत्तर-पश्चिम भारत पर नया पश्चिमी विक्षोभ भी असर दिखाना शुरू करेगा. पूरी खबर पढ़ें...