किसानों को बड़ी राहत: अब 24 घंटे खुले रहेंगे फसल खरीद केंद्र, रात में भी कटेंगे गेट पास

किसानों को बड़ी राहत: अब 24 घंटे खुले रहेंगे फसल खरीद केंद्र, रात में भी कटेंगे गेट पास

किसानों के लिए रबी फसल कटाई के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है. दरअसल, किसानों की सुविधा और अनाज मंडियों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सभी अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों पर गेट पास की सुविधा अब 24 घंटे उपलब्ध रहेगी.

अब 24 घंटे खुले रहेंगे फसल खरीद केंद्रअब 24 घंटे खुले रहेंगे फसल खरीद केंद्र
क‍िसान तक
  • Dadri,
  • Apr 06, 2026,
  • Updated Apr 06, 2026, 7:05 PM IST

हरियाणा के चरखी दादरी से किसानों के लिए रबी फसल कटाई के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है. दरअसल, किसानों की सुविधा और अनाज मंडियों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सभी अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों पर गेट पास की सुविधा अब 24 घंटे उपलब्ध रहेगी. नई व्यवस्था के तहत किसान अब किसी भी समय अपनी फसल लेकर मंडी में पहुंच सकते हैं और उसे आसानी से बेच सकते हैं.

अब लंबी कतारों में नहीं लगेंगे किसान

बता दें कि, किसानों को मंडियों में गेट पास कटवाने के लिए लंबी कतारों और समय की पाबंदी का सामना करना पड़ता था. मार्केट कमेटी के नए फैसले के अनुसार अब किसान दिन हो या रात, अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय फसल लेकर मंडी पहुंच सकते हैं. इस सुविधा को सुचारू रूप से लागू करने के लिए सभी मंडियों और खरीद केंद्रों पर कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है. इसका मतलब हर शिफ्ट में अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे, ताकि गेट पास काटने या फसल की एंट्री में किसानों को कोई देरी न हो.

'राउंड द क्लॉक' मोड पर होगा काम 

मार्केट कमेटी के सचिव विजय कुमार ने बताया कि मुख्यालय के निर्देशों के बाद सभी खरीद केंद्रों पर कर्मचारियों की रैंडम ड्यूटियां लगा दी गई हैं. रात के समय भी गेट पास काटने के अलावा बायोमेट्रिक सत्यापन करवाने सहित सभी कार्यों के लिए स्टाफ मौजूद रहेंगे. साथ ही चौकीदारों की भी दिन-रात की ड्यूटियां लगा दी हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि अब मंडियां पूरी तरह से 'राउंड द क्लॉक' मोड पर काम करेंगी. अब मंडी के द्वार किसानों के लिए हमेशा खुले हैं. किसान किसी भी समय अपनी फसल को मंडी में बिक्री के लिए ला सकते हैं, उन्हें गेट पास के लिए सुबह होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

नमी के चलते गेहूं की खरीद नहीं हुई शुरू

इस समय मंडी में आने वाली गेहूं की फसल में नमी होने के कारण खरीद एजेंसियों द्वारा सरकारी खरीद शुरू नहीं की गई है. हालांकि, मंडी अधिकारियों ने किसानों से अपनी फसल को सुखाकर मंडी में लाने का आह्वान किया है, ताकि खरीद शुरू हो और किसानों को समय पर पैसा मिल सके. (प्रदीप कुमार की रिपोर्ट)

MORE NEWS

Read more!