Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

क‍िसान तक Feb 9, 2026, Updated Feb 9, 2026, 8:00 PM IST

देश के उत्तर और मध्य हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है, क्योंकि दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं. इसके असर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दोबारा 9 से 11 फरवरी के बीच कहीं-कहीं से लेकर कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. वहीं उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने के आसार हैं, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, इसके बाद धीरे-धीरे राहत मिलने की उम्मीद है.

Agriculture Live Blog

देश के उत्तर और मध्य हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है, क्योंकि दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं. इसके असर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दोबारा 9 से 11 फरवरी के बीच कहीं-कहीं से लेकर कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. वहीं उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाने के आसार हैं, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, इसके बाद धीरे-धीरे राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं, आज किसान तक का किसान कारवां अपने 22वें पड़ाव में झांसी पहुंचेगी, जहां किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी दी जाएगी. 

Feb 9, 2026, 7:22 PM (2 महीने पहले)

भारत–अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ किसानों का पूरे देश में आंदोलन

Posted by :- prachi

भारतीय किसान यूनियनों और विपक्षी पार्टियों ने नए भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है. उनका कहना है कि इससे अमेरिकी आयात बढ़ने से कृषि क्षेत्र को नुकसान होने का खतरा है. हालांकि सरकार का कहना है कि मुख्य जरूरी चीजें सुरक्षित हैं, जिन पर अमेरिकी आयात का कोई असर नहीं होगा. भारत और अमेरिकी डील का यह समझौता एक राजनीतिक मुद्दा बन गया है, जिससे 2020-21 के कृषि कानून विरोध प्रदर्शनों की यादें ताजा हो गई हैं. उस वक्त सरकार को कृषि बाजारों को नियंत्रण मुक्त करने के उद्देश्य से बनाए गए तीन कानूनों को रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा था. सरकार ने इस समझौते का बचाव करते हुए कहा है कि चावल, गेहूं, मक्का और डेयरी उत्पादों जैसे अनाजों के आयात को बाहर रखकर किसानों के हितों की रक्षा की गई है, जबकि बासमती चावल, फल, मसाले, कॉफी और चाय उगाने वालों को अमेरिकी बाजार में ड्यूटी-फ्री पहुंच मिलेगी. किसान समूहों का कहना है कि यह समझौता भारतीय किसानों को नुकसान पहुंचाएगा.

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें: Link

Feb 9, 2026, 7:03 PM (2 महीने पहले)

कृषि, पशुपालन और मछली उत्पादन के क्षेत्र में आई बड़ी क्रांति

Posted by :- prachi

उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया है इसी क्रम में योगी सरकार ने विधान मंडल के बजट सत्र में आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत किया. जहां सरकार ने प्रदेश के विकास में कृषि और किसान को प्राथमिकता में रखा. वहीं लागत कम और उत्पादन अधिक पर फोकस करके अन्नदाता किसानों को समृद्ध किया गया. योगी सरकार ने कृषि, पशुपालन व मत्स्य पालन में आर्थिक सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश की सफलतम कहानी का जिक्र किया. 

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें: Link

Feb 9, 2026, 3:38 PM (2 महीने पहले)

धान खरीद के दौरान किसानों को करना पड़ रहा 'सिस्टमैटिक शोषण' का सामना: पटनायक

Posted by :- Sandeep kumar

ओडिशा के विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने सोमवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से बीजेपी द्वारा धान खरीद के संबंध में किए गए चुनावी वादों को पूरा करने का आग्रह किया, और आरोप लगाया कि किसानों को राज्य द्वारा संचालित मंडियों में "सिस्टमैटिक शोषण" का सामना करना पड़ रहा है.

पूर्व मुख्यमंत्री पटनायक ने माझी को लिखे पत्र में दावा किया कि खरीफ खरीद सीजन के दौरान किसान बहुत मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं.

उन्होंने पत्र में कहा, "मैं भारी मन से आपको हमारे राज्य के 'अन्नदाताओं' द्वारा सामना की जा रही गंभीर परेशानी और सिस्टमैटिक शोषण की ओर आपका ध्यान दिलाने के लिए लिख रहा हूं."

Feb 9, 2026, 3:27 PM (2 महीने पहले)

एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक अस्पताल में भर्ती

Posted by :- prachi

एनसीपी और एससीपी के प्रमुख शरद पवार को उनके स्वास्थ्य में गिरावट के बाद बारामती से पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक अस्पताल ले जाया गया. उनके कार्यालय के अनुसार, उन्हें खांसी और सांस लेने में कठिनाई की शिकायत है. अस्पताल में चिकित्सक उनकी स्थिति का मूल्यांकन कर रहे हैं. इस संबंध में अभी और विवरण सामने नहीं आया है.

Source: ANI

Feb 9, 2026, 3:04 PM (2 महीने पहले)

दिल्ली में किसान जनसंवाद आयोजित, बीज और विद्युत विधेयक पर चर्चा होगी

Posted by :- prachi

भारतीय किसान यूनियन 10 फरवरी 2026 को दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में किसान जनसंवाद का आयोजन कर रही है. इस कार्यक्रम में बीज विधेयक, विद्युत विधेयक और भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते सहित कृषि से जुड़े अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. यूनियन ने कहा कि यह संवाद किसानों के हितों और उनके सामने आने वाले दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है.

Feb 9, 2026, 2:22 PM (2 महीने पहले)

महाराष्ट्र में FPO-आधारित सेवाओं और कृषि को मजबूत करने के लिए शेतकारी समृद्धि परियोजना शुरू

Posted by :- Sandeep kumar

पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन (पीआरआईएफ) द्वारा समर्थित और आईएसएपी इंडिया फाउंडेशन द्वारा कार्यान्वित शेतकरी समृद्धि परियोजना महाराष्ट्र के जालना और संभाजीनगर जिलों के 20 गांवों (सिल्लोद ब्लॉक सहित) के 20,000 किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए शुरू की गई है. संस्था-आधारित दृष्टिकोण पर केंद्रित यह परियोजना किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को सेवा वितरण के केंद्र में रखती है, जिससे किसानों को समय पर आवश्यक सामग्री प्राप्त करने, बेहतर पद्धतियों को अपनाने, खेती की लागत कम करने और टिकाऊ तरीके से बाजार में अपनी भागीदारी मजबूत करने में मदद मिलती है. 
 

Feb 9, 2026, 1:33 PM (2 महीने पहले)

यूपी में खाद की खपत में बड़ी गिरावट, सख्ती का दिखा असर

Posted by :- Sandeep kumar

उत्तर प्रदेश में इस रबी सीजन में उर्वरक को लेकर शुरुआत में काफी चर्चा रही. कई जगह किसानों को खाद लेने के लिए लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ा. ऐसा लगा कि खाद की भारी कमी हो गई है. लेकिन जब पूरे सीजन के आंकड़े सामने आए, तो एक अलग ही तस्वीर दिखी. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल के मुकाबले इस बार यूपी में उर्वरक की खपत करीब तीन लाख टन कम हो गई है. कृषि विभाग का कहना है कि इसकी बड़ी वजह सख्ती और नई तकनीक का सही इस्तेमाल है. (पूरी खबर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें)

Feb 9, 2026, 12:52 PM (2 महीने पहले)

आज यूपी विधानसभा में बजट सत्र का आगाज, 11 तारीख को पेश होगा Budget

Posted by :- Sandeep kumar

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र आज 9 फरवरी से लखनऊ स्थित विधानसभा में शुरू हो रहा है. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश करेंगी. सत्र की शुरुआत सुबह राष्ट्रगीत वंदे मातरम से होगी, जिसके तुरंत बाद राज्य सरकार पहली बार अपना आर्थिक सर्वेक्षण सदन में प्रस्तुत करेगी. सरकार 11 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करने की योजना बना रही है. (समर्थ श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

Feb 9, 2026, 12:22 PM (2 महीने पहले)

गवर्नर आचार्य देवव्रत का बड़ा बयान, कहा- विदेश से करोड़ो का ‘ज़हर’ खरीद बीमार कर रही सरकार

Posted by :- Sandeep kumar

बागपत में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने बच्चों के भविष्य, खेती की दिशा और देश की अर्थव्यवस्था पर एक साथ हमला बोलते हुए मोबाइल-टीवी-ड्रग्स को आने वाली पीढ़ियों का सबसे बड़ा दुश्मन बताया, साथ ही यूरिया खाद को “धरती के लिए ज़हर” करार दिया. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 250 लाख करोड़ में विदेश से यूरिया के नाम पर धरती का ज़हर खरीदा जा रहा है. 

Feb 9, 2026, 11:38 AM (2 महीने पहले)

सिक्किम के CM ने गंगटोक में किसानों के लिए ऑर्गेनिक मार्केट का किया उद्घाटन

Posted by :- Sandeep kumar

सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने गंगटोक के रेशिथांग इलाके में गांव वालों के वॉलंटरी योगदान से बने एक "पूरी तरह से ऑर्गेनिक" किसानों के लिए मार्केट का उद्घाटन किया.

तमांग ने रविवार को स्थानीय विधायक कला राय की मौजूदगी में अपर बर्टुक निर्वाचन क्षेत्र में 'हमरो गौली बाज़ार' का उद्घाटन किया.

अधिकारियों ने बताया कि इस कम्युनिटी-ड्रिवन ऑर्गेनिक मार्केट का मकसद किसानों को अपनी उगाई हुई फसल सीधे ग्राहकों को बेचने में मदद करना है. 

यह मार्केट 'श्रम दान' – यानी गांव वालों के वॉलंटरी योगदान से बनाया गया है. 

Feb 9, 2026, 10:51 AM (2 महीने पहले)

झांसी के चंद्रा अंबाबाई गांव पहुंचा ‘किसान तक’ किसान कारवां, 75 जिलों की यात्रा में 22वां पड़ाव

Posted by :- Sandeep kumar

झांसी जिले के चंद्रा अंबाबाई गांव में ‘किसान तक’ का किसान कारवां पहुंचा. यह कारवां उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया टुडे ग्रुप के संयुक्त प्रयास से चलाया जा रहा है. इस किसान कारवां का उद्देश्य किसानों तक सरकारी योजनाओं, नई तकनीक और जरूरी जानकारी पहुंचाना है. 75 जिलों में चल रही इस यात्रा के तहत यह इसका 22वां पड़ाव है. 

Feb 9, 2026, 10:24 AM (2 महीने पहले)

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोले सुनील जाखड़, कहा- किसानों के हितों की हुई रक्षा

Posted by :- Sandeep kumar

भारत-अमेरिका ट्रेड डील देश के हक में, किसानों के हितों की रक्षा हुई: पंजाब बीजेपी प्रमुख

पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने रविवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता राज्य के औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा और युवाओं के लिए रोज़गार के नए अवसर पैदा करेगा.

उन्होंने इस डील में किसानों के हितों की रक्षा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद भी दिया

Feb 9, 2026, 9:50 AM (2 महीने पहले)

मेहसाणा में पकड़ा गया मसालों का रैकेट, 3 करोड़ का जीरा चुराने के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

Posted by :- Sandeep kumar

पुलिस ने रविवार को बताया कि गुजरात के मेहसाणा जिले के ऊंझा शहर में, जो एशिया का सबसे बड़ा जीरा ट्रेडिंग सेंटर है, गोदामों में लूटपाट करने और 3 करोड़ रुपये का मसालों का स्टॉक चुराने के आरोप में एक वकील और चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

मेहसाणा के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस दिनेशसिंह चौहान ने बताया कि पाटन के एक वकील समेत आरोपियों ने कथित तौर पर 12 दिसंबर, 2025 और 2 जनवरी के बीच ऊनावा हाईवे पर दो गोदामों में नकली चाबियों से घुसकर रात में कई सौ बोरी जीरा ट्रकों में भरकर चुरा लिया. 

Feb 9, 2026, 9:17 AM (2 महीने पहले)

भारत का लक्ष्य फल, सब्ज़ियों और फूलों में आत्मनिर्भरता हासिल करना है: शिवराज सिंह चौहान

Posted by :- Sandeep kumar

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि भारत ने फल, सब्ज़ियों और फूलों के उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करने का साफ लक्ष्य तय किया है, और ज़ोर देकर कहा कि इन सेक्टरों में अब इंपोर्ट की ज़रूरत नहीं होगी.

यहां ICAR-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ हॉर्टिकल्चरल रिसर्च (IIHR) में अधिकारियों के साथ एक रिव्यू मीटिंग को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि फोकस ज़्यादा डिमांड वाली फसलों की पहचान करने और यह सुनिश्चित करने पर है कि उनका घरेलू उत्पादन किसानों के लिए फायदेमंद हो.

सरकार के नज़रिए के बारे में बताते हुए मंत्री ने कहा, "हमारा लक्ष्य आसान है। हम फल, फूल और सब्ज़ियां इंपोर्ट नहीं करेंगे। हमें इन क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनना है."

Feb 9, 2026, 8:51 AM (2 महीने पहले)

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोले सिद्धारमैया, कहा- भारत की संप्रभुता को 'नुकसान' पहुंचाने के लिए इस्तीफा दें PM मोदी

Posted by :- Sandeep kumar

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने रविवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर साइन करके भारत की संप्रभुता को नुकसान पहुंचाया है और किसानों की आजीविका को कमजोर किया है, और उन्होंने मोदी से इस्तीफा देने की मांग की.

सिद्धारमैया ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, "एक प्रधानमंत्री जो देश को दबाव में डालता है, किसानों की आजीविका को कमजोर करता है, और भारत की गरिमा को नुकसान पहुंचाता है, वह पद पर नहीं रह सकता. भारत की संप्रभुता और आत्म-सम्मान को पहुंचाए गए नुकसान के लिए, 'समझौता करने वाले' पीएम नरेंद्र मोदी को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और तुरंत इस्तीफा देना चाहिए. 

Feb 9, 2026, 8:01 AM (2 महीने पहले)

उत्तराखंड के सीएम के घर के पास 125 एकड़ भूमि पर खड़ी हरी भरी फसल नष्ट

Posted by :- Sandeep kumar

उत्तराखंड के सी एम पुष्कर धामी के घर से लगी बेशकीमती 125 एकड़ कृषि भूमि पर खड़ी हरी फसल नष्ट करने के एक सप्ताह पुराने मामले में खटीमा से कांग्रेस के विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ग्रह मंत्री अमित शाह को मार्मिक पत्र लिख कर कहा है कि उत्तराखंड के शासन से उम्मींद उठ गई है अब केवल आपसे अंतिम उम्मींद बची है.

उन्होंने अपने पत्र में 125 एकड़ भूमि पर खड़ी हरी फसल नष्ट करने का पूरा हवाला लिखते हुए कहा कि प्रशासन ने अपने संरक्षण में हरी फसल को नष्ट करवा कर एक भूमाफिया को अवैध कब्जा करवा दिया. 

Feb 9, 2026, 7:25 AM (2 महीने पहले)

किसानों को नहीं मिला रहा दाम, युवाओं को नहीं मिल रहा काम- दीपेंद्र हुड्डा

Posted by :- Sandeep kumar

हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सूरजकुंड मेले में अधिकारियों की सबसे बड़ी खामी है और सरकार उन्हें छुपाने का काम कर रही है. मेले में घायल पर्यटकों का इलाज भी सरकार को करवाना चाहिए. बुजुर्गों की पेंशन काटने पर दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने शायराना तरीके से सरकार पर तंज कसा और कहा कि किसानों को नहीं मिला रहा दाम, युवाओं को नहीं मिल रहा काम, व्यापारियों को नहीं मिला रहा सम्मान और सुरक्षा तो बुजुर्गों को पेंशन सम्मान नहीं मिल रहा है. वहीं, सोनीपत की धरती से 14 फरवरी से कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन की शुरुआत करेगी.

Feb 9, 2026, 7:04 AM (2 महीने पहले)

दिल्ली में आज फिर होगी बादलों और कोहरे की दस्तक

Posted by :- Sandeep kumar

राजधानी दिल्ली में रविवार को दिनभर तेज धूप और हवा के कारण मौसम खुशनुमा बना रहा. हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया. वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और हल्का कोहरा भी हो सकता है.