Agriculture News Live Updates: देवरिया जनपद के जासूई गांव पहुंचा किसान तक का 'किसान कारवां'

क‍िसान तक Mar 30, 2026, Updated Mar 30, 2026, 12:36 PM IST

देश के मौसम में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिमालयी क्षेत्रों और उत्तर-पश्चिम भारत में 31 मार्च तक बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जबकि पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है. वहीं दक्षिण और तटीय इलाकों में कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरे हालात भी बने रहेंगे.

Agriculture Live Blog

देश के मौसम में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिमालयी क्षेत्रों और उत्तर-पश्चिम भारत में 31 मार्च तक बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जबकि पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है. वहीं दक्षिण और तटीय इलाकों में कुछ स्थानों पर गर्म और उमस भरे हालात भी बने रहेंगे. वहीं, किसान तक का 'किसान कारवां' अपने 52वें पड़ाव पर देवरिया पहुंचा है. 

Mar 30, 2026, 12:36 PM (5 घंटे में)

देवरिया जनपद के जासूई गांव पहुंचा किसान तक का 'किसान कारवां'

Posted by :- Sandeep kumar

किसान तक का 'किसान कारवां' देवरिया जनपद के जासूई गांव में पहुंचा, जहां किसानों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया. उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों में चल रहे इस विशेष अभियान के तहत यह कारवां का 52वां पड़ाव रहा. 

Mar 30, 2026, 11:58 AM (5 घंटे में)

सुधांशु सिंह संभालेंगे अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र की कमान, 1 अप्रैल से संभालेंगे पद

Posted by :- Sandeep kumar

अंतर्राष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान (IRRI) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (ISARC) के सफल नेतृत्व के बाद, डॉ. सुधांशु सिंह को अब एक और बड़ी वैश्विक जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्हें आगरा स्थित अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र (CIP) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र का नया निदेशक और दक्षिण एशिया प्रमुख नियुक्त किया गया है. डॉ. सिंह 1 अप्रैल से अपना नया पदभार संभालेंगे. धान के क्षेत्र में उनके विशाल और सफल अनुभव का सीधा लाभ अब आलू अनुसंधान और इसके विस्तार को मिलेगा. जिस तरह उन्होंने धान की उन्नत खेती और किसानों की आय बढ़ाने के लिए नई तकनीकों और रणनीतियों पर काम किया, वही अनुभव अब आलू के उत्पादन और गुणवत्ता सुधार में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा.

डॉ. सिंह की कार्यशैली और कृषि विज्ञान की गहरी समझ से न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे दक्षिण एशिया के आलू किसानों को नई दिशा मिलेगी. उनकी यह नई नियुक्ति कृषि नजरिये के लिए उम्मीद की एक नई किरण है, जहां उनके पुराने प्रशासनिक और वैज्ञानिक अनुभवों के मेल से उत्तर प्रदेश और पूरे दक्षिण एशिया के कृषि नजरिये के लिए एक उम्मीद की किरण भी है. (पूरी खबर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें)

Mar 30, 2026, 11:12 AM (4 घंटे में)

राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

Posted by :- Sandeep kumar

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आज दिनांक 30 मार्च 2026 को इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की आशंका है. तेज हवाओं के कारण धूल भरी आंधी भी उठ सकती है. येलो चेतावनी को श्रेणी में रखा गया है, जिसका अर्थ है कि लोग मौसम की लगातार जानकारी लेते रहें और सावधानी बरतें.

Mar 30, 2026, 10:38 AM (3 घंटे में)

नीतीश कुमार ने बिहार विधान परिषद से दिया इस्तीफा

Posted by :- Sandeep kumar

सीएम नीतीश कुमार के एमएलसी पद से इस्तीफा दे दिया है. वो जल्द ही CM पद से भी इस्तीफा देंगे. 

Mar 30, 2026, 10:13 AM (3 घंटे में)

खड़गे ने असम के लिए कांग्रेस की '5 गारंटियों' का किया ऐलान किया, महिलाओं को हर महीने पैसे देने का वादा

Posted by :- Sandeep kumar

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को चुनाव वाले राज्य असम के लिए अपनी पार्टी की "पांच गारंटियों" का ऐलान किया. इन गारंटियों में महिलाओं का कल्याण, सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा, ज़मीन के अधिकार और ज़ुबीन गर्ग की मौत के मामले में न्याय पर खास ज़ोर दिया गया है.

उन्होंने राज्य की BJP-नीत सरकार पर भी निशाना साधा और उस पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सरकार दिल्ली में बैठे अपने नेताओं और उनके परिवारों की "तिजोरियां भरने" के लिए काम कर रही है.

लखीमपुर ज़िले के नाओबोइचा में एक रैली को संबोधित करते हुए खड़गे ने पार्टी की "पांच गारंटियों" के बारे में बताया. इनमें हर महिला के बैंक खाते में बिना किसी शर्त के हर महीने पैसे ट्रांसफर करना शामिल है. इसके अलावा, जो महिलाएं अपना कारोबार शुरू करना चाहती हैं या उसे बढ़ाना चाहती हैं, उन्हें 50,000 रुपये की अतिरिक्त मदद दी जाएगी. 

उन्होंने कहा कि हमारा कैश ट्रांसफर बिना किसी शर्त के होगा.  यह BJP सरकार जैसा नहीं होगा, जिसमें महिलाओं से उनकी पार्टी का सदस्य बनने के लिए कहा जाता है. 

कांग्रेस, जो राज्य में BJP से सत्ता छीनने की कोशिश कर रही है, ने सभी परिवारों के लिए 25 लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, 10 लाख मूल निवासियों के लिए ज़मीन के पक्के पट्टे और राज्य के बुज़ुर्ग नागरिकों के लिए हर महीने 1,250 रुपये देने का वादा किया. 

खड़गे ने कहा कि बुज़ुर्गों से जुड़े मामलों की देखरेख के लिए एक अलग विभाग भी बनाया जाएगा. 

 

Mar 30, 2026, 9:36 AM (2 घंटे में)

पश्चिम एशिया संकट के बीच राहत, किसानों को नहीं होगी खाद की कमी- IFFCO

Posted by :- Sandeep kumar

 

बरेली स्थित इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (आईएफएफसीओ) के आंवला संयंत्र के वरिष्ठ महाप्रबंधक सत्यजीत प्रधान के अनुसार, पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के बावजूद देश में उर्वरक की उपलब्धता स्थिर बनी हुई है और उत्पादन और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है. 
खाड़ी क्षेत्र में चल रहे संघर्ष के बीच की स्थिति के बारे में एएनआई से बात करते हुए सत्यजीत प्रधान ने कहा कि उर्वरक क्षेत्र को गैस आपूर्ति में किसी भी तरह की बाधा का सामना नहीं करना पड़ा है, जिससे परिचालन बिना किसी रुकावट के जारी रह सका है. 
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे गैस संकट के बावजूद, उर्वरक क्षेत्र में हमें ऐसी किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है. युद्ध के दौरान भी हमें गैस की पूरी आपूर्ति मिल रही है और हमारी उत्पादन और विपणन गतिविधियां सामान्य रूप से चल रही हैं. 
 

Mar 30, 2026, 9:04 AM (2 घंटे में)

 तमिलनाडु में DMK ने महिलाओं के लिए 8,000 रुपये की 'इल्लथरासी' कूपन योजना का किया वादा

Posted by :- Sandeep kumar

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और DMK अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने रविवार को 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी किया. उन्होंने महिलाओं को घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने या बदलने के लिए 8,000 रुपये की "इल्लथरासी" कूपन योजना देने की घोषणा की.

उन्होंने वादा किया कि अगर DMK सत्ता में वापस आती है, तो वह शिक्षा, उद्योग और खेती सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई कल्याणकारी उपाय लागू करेंगे. उन्होंने अपनी पार्टी के चुनावी वादों के समूह को "सुपरस्टार" बताया. 

Mar 30, 2026, 8:38 AM (एक घंटा में)

कोरिया जिले के जल संरक्षण मॉडल को मिली राष्ट्रीय पहचान, PM मोदी ने की तारीफ

Posted by :- Sandeep kumar

देश के प्रधानमंत्री द्वारा 'मन की बात' कार्यक्रम में कोरिया जिले के अभिनव जल संरक्षण मॉडल का उल्लेख किए जाने के बाद यह जिला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है. किसानों और ग्रामीण समुदाय की सक्रिय भागीदारी से विकसित '5 प्रतिशत मॉडल' ने न केवल जल संकट का समाधान प्रस्तुत किया है, बल्कि सतत विकास की दिशा में एक मजबूत उदाहरण भी स्थापित किया है.

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कोरिया जिले के किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर छोटे-छोटे नवाचार बड़े बदलाव ला सकते हैं. उन्होंने बताया कि किसानों ने अपने खेतों में छोटे रिचार्ज तालाब और सोखता गड्ढे बनाकर वर्षा जल को खेतों में ही रोकने का प्रभावी उपाय किया, जिससे भूजल स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. 

Mar 30, 2026, 8:13 AM (एक घंटा में)

सहारनपुर के गंगोह में अवैध खाद कारोबार का भंडाफोड़, 200 बैग यूरिया और 500 बैग पोटाश बरामद

Posted by :- Sandeep kumar

सहारनपुर में गंगोह क्षेत्र के गांव फतेहपुर ढोला में कृषि विभाग ने अवैध खाद कारोबार का बड़ा भंडाफोड़ किया है. जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने गंगोह-तीतरों मार्ग पर छापेमारी कर भारी मात्रा में उर्वरक बरामद किया. बताया जा रहा है कि गांव निवासी नियाज अपने घेर के बाहर अवैध तरीके से खाद की दुकान चला रहा था, जिसकी सूचना विभाग को मिली थी. 

रविवार को कार्रवाई के दौरान टीम को मौके से करीब 200 बैग यूरिया और लगभग 500 बैग पीडीएम पोटाश बरामद हुए. (राहुल कुमार की रिपोर्ट)

Mar 30, 2026, 7:48 AM (30 मिनट में)

जालना में भीषण आग की तीन अलग-अलग घटनाओं में किसानों का भारी नुकसान

Posted by :- Sandeep kumar

महाराष्ट्र के जालना जिले में आग की लगातार हो रही घटनाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. जिले के भोकरदन और अंबड तालुका में हुई तीन अलग-अलग घटनाओं में कुल मिलाकर 20 से अधिक एकड़ में खड़ी फसल जलकर खाक हो गई, जिससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. पहली घटना भोकरदन शहर के अन्वा पाटी परिसर में सामने आई, जहां दोपहर के समय लगी भीषण आग में कैलास गोराडे, राजू गोराडे, मोहन शास्त्री और मंदार शास्त्री के करीब 6 एकड़ खेत में लगी गेहूं और मक्का की फसल पूरी तरह जल गई. साथ ही आधी एकड़ में लगी सागवान की खेती भी आग की भेंट चढ़ गई.

Mar 30, 2026, 7:23 AM (5 मिनट में)

शराब में 5 रुपये की ज्यादा वसूली पर भड़का विवाद, दबंगों ने जलाई किसान की फसल

Posted by :- Sandeep kumar

झांसी जिले के सकरार थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के क्वार्टर पर 5 रुपये ज्यादा वसूली को लेकर शुरू हुआ. विवाद देखते ही देखते हिंसक वारदात में बदल गया. दबंगों ने किसान की गेहूं की पूरी फसल में आग लगा दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर जान से मारने की धमकी दी. (अजय झा की रिपोर्ट)

Mar 30, 2026, 7:06 AM (11 मिनट पहले)

यूपी-दिल्ली समेत 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

Posted by :- Sandeep kumar

पिछले दो दिनों से राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, वहीं हिमाचल, जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी का दौर जारी है. अब मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है. IMD के अनुसार, आज बारिश की गतिविधियां सबसे तेज रहेंगी, जबकि कश्मीर घाटी में भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है.

IMD के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, देश 17 राज्यों में अगले कुछ दिनों में मौसम बिगड़ने वाला है. यूपी, बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो सकता है.